Coal India की ये सब्सिडियरी कंपनी ला रही IPO, फाइल किए पेपर, OFS से 10.71 करोड़ शेयर बेचने की तैयारी

Coal India Limited की सब्सिडियरी CMPDI ने IPO के लिए RHP सेबी के पास जमा किया है. यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल पर आधारित होगा. इसमें कोल इंडिया अपनी कछ हिस्‍सेदारी बेचने की तैयारी में है. तो क्‍या है कंपनी का कामकाज, यहां करें चेक.

CMPDI IPO Image Credit: canva/AI image

CMPDI IPO: सरकारी कंपनी Coal India Limited ने अपनी पूरी तरह स्वामित्व वाली सहायक कंपनी सेंट्रल माइन प्‍लानिंग एंड डिजाइन इंस्‍टीट्यूट लिमिटेड यानी CMPDI जल्‍द ही अपना IPO लाने वाली है. इसके लिए कंपनी ने अपना रेड हीयरिंग प्रॉस्‍पेक्‍टस (RHP) सेबी के पास दाखिल कर दिया है. कंपनी OFS के जरिए रकम जुटाने की तैयारी में है. यह इश्‍यू 20 मार्च से बोली के लिए खुलेगा, हालांकि अभी तक कंपनी ने प्राइस बैंड की घोषणा नहीं की है.

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि प्रस्तावित IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में लाया जाएगा. इसके तहत Coal India Limited करीब 10.71 करोड़ इक्विटी शेयर बेच सकती है. चूंकि यह पूरा इश्यू OFS है, इसलिए CMPDI को इस IPO से कोई फंड नहीं मिलेगा और पूरी बिक्री पैरेंट कंपनी की ओर से होगी.

यह कदम Coal India की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जिसके तहत कंपनी अपनी सब्सिडियरी कंपनियों की वैल्यू अनलॉक करना चाहती है और निवेशकों की भागीदारी बढ़ाना चाहती है.

कंपनी का कारोबार

CMPDI को कोयला और खनिज संसाधन विकास क्षेत्र की प्रमुख कंसल्टेंसी और इंजीनियरिंग कंपनी माना जाता है. कंपनी कोल एक्सप्लोरेशन, माइन प्लानिंग, माइन डिजाइन, पर्यावरण प्रबंधन और मिनरल रिसोर्स डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में सेवाएं देती है.

इसके अलावा CMPDI मिनिस्‍ट्री ऑफ कोल के लिए रिसर्च और डेवलपमेंट गतिविधियों में भी अहम भूमिका निभाती है. कंपनी देश के प्रमुख कोलफील्ड क्षेत्रों में 8 प्रयोगशालाओं का संचालन भी करती है.

यह भी पढ़ें: 5 साल में दिया 8000% से ज्‍यादा का रिटर्न, अब NHAI से झटका बड़ा ऑर्डर, शेयर पर रखें नजर

पहले भी दाखिल हो चुका है DRHP

Coal India ने इससे पहले 26 मई 2025 को CMPDI के IPO के लिए (DRHP) SEBI के पास दाखिल किया था. उस समय योजना करीब 7.14 करोड़ शेयर OFS के जरिए बेचने की थी और CMPDI की ओर से कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाना था.

मजबूत वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025 में CMPDI ने लगभग ₹2,102 करोड़ का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले साल की तुलना में करीब 23% ज्यादा है. वहीं कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 33% बढ़कर लगभग ₹600 करोड़ पहुंच गया. इस दौरान कंपनी का PAT मार्जिन 30.6% रहा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.