20 मार्च को खुलेगा Coal India की इस सहायक कंपनी का IPO, 10.71 करोड़ शेयरों का OFS लाने की तैयारी; जानें डिटेल्स

सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी CMPDIL ने अपने प्रस्तावित आईपीओ के लिए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) सेबी, बीएसई और एनएसई के पास दाखिल कर दिया है. यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित होगा, जिसमें कोल इंडिया करीब 10.71 करोड़ इक्विटी शेयर बेच सकती है. जानें इश्यू के बारे में विस्तार से.

कोल इंडिया की सब्सिडियरी कंपनी Image Credit: @Money9live

Coal India Subsidiary CMPDIL IPO RHP: सरकारी कोयला कंपनी Coal India Ltd ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDIL) के IPO की दिशा में एक अहम कदम उठाया. कंपनी ने जानकारी दी है कि CMPDIL ने अपने प्रस्तावित आईपीओ के लिए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी SEBI के साथ-साथ बीएसई और एनएसई के पास जमा कर दिया. कोल इंडिया ने गुरुवार, 12 मार्च को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा कि यह खुलासा SEBI के लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (LODR) रेगुलेशंस, 2015 के रेगुलेशन 30 के तहत किया गया है, ताकि निवेशकों और बाजार के अन्य प्रतिभागियों को अहम जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जा सके. अब इश्यू को लेकर नया अपडेट आया है. कंपनी का इश्यू 20 मार्च को खुलने वाला है और 24 मार्च को बंद हो जाएगा. हालांकि, इश्यू साइज को लेकर अभी जानकारी नहीं आई है.

पूरी तरह OFS होगा इश्यू

दाखिल किए गए दस्तावेजों के मुताबिक CMPDIL का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित होगा. इस इश्यू के तहत कोल इंडिया लिमिटेड अधिकतम 10.71 करोड़ इक्विटी शेयर बेच सकती है. चूंकि यह पूरा इश्यू OFS के रूप में लाया जा रहा है, इसलिए CMPDIL को इस आईपीओ से सीधे कोई नई पूंजी नहीं मिलेगी. इस प्रक्रिया के जरिए केवल पैरेंट कंपनी यानी कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बाजार में उतारेगी. यह कदम कोल इंडिया की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जिसके तहत कंपनी अपनी सहायक कंपनियों में मौजूद वैल्यू को अनलॉक करना चाहती है और उन्हें पूंजी बाजार से जोड़ना चाहती है. इससे निवेशकों को भी कोल सेक्टर से जुड़े विशिष्ट क्षेत्रों में निवेश का नया अवसर मिल सकता है.

मई 2025 में दाखिल हुआ था DRHP

दरअसल, इस आईपीओ की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी थी. कोल इंडिया ने 26 मई 2025 को CMPDIL के आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) सेबी के पास जमा किया था. शुरुआती योजना के तहत लगभग 7.14 करोड़ शेयरों की बिक्री OFS के जरिए करने का प्रस्ताव था, जिसमें CMPDIL की ओर से कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाने थे. हालांकि अंतिम आकार और समयसीमा कई कारकों पर निर्भर करेगी. इसमें नियामकीय मंजूरी, बाजार की मौजूदा स्थिति और अन्य वित्तीय परिस्थितियां अहम भूमिका निभाएंगी.

दूसरी सहायक कंपनी जो आएगी बाजार में

CMPDIL कोल इंडिया की उन कंपनियों में शामिल है जिन्हें चरणबद्ध तरीके से शेयर बाजार में लिस्ट करने की योजना है. हाल ही में कोल इंडिया की एक अन्य सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) का भी बाजार में प्रवेश हो चुका है, जो 19 जनवरी को लिस्ट हुई थी. CMPDIL इस कड़ी में दूसरी प्रमुख कंपनी हो सकती है.

क्या काम करती है CMPDIL

सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड कोल और खनिज संसाधनों के विकास से जुड़ी एक प्रमुख कंसल्टेंसी और इंजीनियरिंग कंपनी है. यह कंपनी कोयला अन्वेषण, खान योजना, खनन डिजाइन, पर्यावरण प्रबंधन, जियोमैटिक्स और खनन अवसंरचना विकास जैसी व्यापक सेवाएं प्रदान करती है. CMPDIL ओपन-कास्ट और अंडरग्राउंड दोनों प्रकार की खनन प्रोजेक्ट के लिए तकनीकी सलाह और योजना तैयार करने में विशेषज्ञता रखती है. इसके अलावा कंपनी कोयला मंत्रालय के लिए रिसर्च और डेवलपमेंट से जुड़ी गतिविधियों को भी समर्थन देती है. देश के प्रमुख कोलफील्ड्स में इसके आठ आधुनिक प्रयोगशालाएं संचालित होती हैं.

मजबूत वित्तीय प्रदर्शन

वित्तीय प्रदर्शन के लिहाज से भी CMPDIL ने हाल के वर्षों में मजबूत वृद्धि दर्ज की है. वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की इनकम लगभग 2,102 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 23 फीसदी अधिक है. इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) 33 फीसदी बढ़कर लगभग 600 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. कंपनी का PAT मार्जिन 30.6 फीसदी रहा, जो इसे खनन कंसल्टेंसी क्षेत्र में एक मजबूत खिलाड़ी बनाता है.

ये भी पढ़ें- पश्चिम एशिया में तनाव के बीच Zepto और PhonePe अपने IPO प्लान पर कायम, गिरते मार्केट में कर रहीं ये काम

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.