इस केमिकल कंपनी के IPO पर SBI सिक्योरिटीज की आई रिपोर्ट, दी ये रेटिंग; जानें पूरी डिटेल
GSP Crop Science Ltd. का IPO 16 मार्च 2026 को खुलेगा और 18 मार्च को बंद होगा. इसका प्राइस बैंड 304 से 320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. SBI सिक्योरिटीज ने इस इश्यू को न्यूट्रल रेटिंग दी है. कंपनी एग्रोकेमिकल सेक्टर में काम करती है और IPO से जुटाई राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों में किया जाएगा.
केमिकल सेक्टर की रिसर्च-ड्रिवन कंपनी जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड अपना IPO लेकर आ रही है. कंपनी के इश्यू पर ब्रोकरेज हाउस SBI सिक्योरिटीज ने अपनी रिसर्च रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट के मुताबिक इस IPO के लिए न्यूट्रल रेटिंग दी गई है. यानी ब्रोकरेज हाउस निवेशकों को न तो खास तौर पर इस इश्यू को खरीदने की सलाह दे रहा है और न ही इससे दूर रहने की. इसका मतलब है कि निवेशकों को इस इश्यू में निवेश करते समय सावधानी के साथ फैसला लेना चाहिए. कंपनी का इश्यू 16 मार्च 2026 को खुलेगा और 18 मार्च 2026 को बंद होगा. इश्यू का प्राइस बैंड 304 रुपये से 320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.
इश्यू की डिटेल्स
जीएसपी क्रॉप साइंस आईपीओ का कुल इश्यू साइज 400 करोड़ रुपये है, जिसमें 240 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है. इसमें से 170 करोड़ रुपये कर्ज के प्री-पेमेंट या री-पेमेंट के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे, जबकि 70 करोड़ रुपये सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए रखे गए हैं. इस इश्यू के तहत 1.25 करोड़ शेयर जारी किए जाएंगे. इश्यू का फेस वैल्यू 1 रुपये प्रति शेयर है. निवेशकों के लिए लॉट साइज 46 शेयर तय किया गया है और उसके मल्टीपल में बोली लगाई जा सकती है.
इश्यू में 50 फीसदी हिस्सा QIB, 35 फीसदी रिटेल निवेशकों और 15 फीसदी NII निवेशकों के लिए रिजर्व रखा गया है. इस IPO का बुक रनिंग लीड मैनेजर Equirus Capital Pvt. Ltd. और JM Financial Investment Advisors Ltd. हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी MUFG Intime India Pvt. Ltd. को दी गई है.
कंपनी का बिजनेस क्या है?
GSP Crop Science Ltd. एक रिसर्च-आधारित एग्रोकेमिकल कंपनी है. कंपनी पिछले 40 साल से अधिक समय से कृषि क्षेत्र के लिए क्रॉप प्रोटेक्शन सॉल्यूशंस तैयार कर रही है. कंपनी मुख्य रूप से इंसेक्टिसाइड्स, हर्बीसाइड्स, फंगीसाइड्स और प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स जैसे प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और मार्केटिंग का काम करती है.
GSP के बिजनेस को दो हिस्सों में बांटा गया है. पहला Formulations, जिसमें अलग-अलग केमिकल्स को मिलाकर तैयार किए गए प्रोडक्ट्स शामिल होते हैं. दूसरा Technical Products, जिसमें सक्रिय केमिकल कंपाउंड्स का निर्माण किया जाता है. कंपनी का बिजनेस केवल भारत तक सीमित नहीं है. GSP के प्रोडक्ट्स एशिया, अफ्रीका और नॉर्थ अमेरिका जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मौजूद हैं.
रिस्क फैक्टर क्या हैं?
SBI सिक्योरिटीज ने अपनी रिसर्च रिपोर्ट कंपनी के रिस्क फैक्टर को बताया है. इसमें सबसे बड़ा रिस्क रेगुलेटरी अप्रूवल से जुड़ा है. कंपनी के प्रोडक्ट्स के लिए Central Insecticides Board and Registration Committee से मंजूरी जरूरी होती है. अगर समय पर मंजूरी नहीं मिलती है तो बिजनेस पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा कंपनी कच्चे माल के लिए कुछ सीमित सप्लायर्स पर निर्भर है. अगर सप्लाई चेन में किसी तरह की बाधा आती है तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है.
कंपनी अपने कच्चे माल का एक बड़ा हिस्सा चीन से आयात करती है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय सप्लाई में किसी तरह की समस्या आने पर लागत बढ़ सकती है. कृषि क्षेत्र की सीजनल प्रकृति भी कंपनी के बिजनेस को प्रभावित करती है, क्योंकि फसल और मौसम के पैटर्न का सीधा असर एग्रोकेमिकल्स की मांग पर पड़ता है.
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और टेक्नोलॉजी
कंपनी ने समय के साथ अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी मजबूत किया है. इसके पास इंसेक्टिसाइड्स, हर्बीसाइड्स, फंगीसाइड्स और प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स जैसे कई तरह के प्रोडक्ट्स हैं, जिससे कंपनी को अलग-अलग ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है. GSP की खासियत इसका रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) है. कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग सेटअप 4 फैक्ट्री और 1 जंप प्लांट के साथ गुजरात के झगड़िया, अंकलेश्वर और सचिन में मौजूद है.
इन प्लांट्स की कुल इंस्टॉल्ड कैपेसिटी करीब 1,51,200 MTPA है. कंपनी के पास अब तक 52 प्रोडक्ट पेटेंट मिल चुके हैं और 9 पेटेंट आवेदन प्रक्रिया में हैं. इससे साफ होता है कि कंपनी टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर लगातार काम कर रही है.
मार्केट पोजिशन और ग्राहकों की पहुंच
GSP Crop Science का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी विविध है, जिससे कंपनी B2B और B2C दोनों तरह के ग्राहकों को सर्विस देती है. कंपनी का लक्ष्य है कि अपने अलग-अलग प्रोडक्ट्स के जरिए कृषि क्षेत्र में किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद की जाए. कंपनी भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर काम कर रही है.
ग्रोथ की क्या स्ट्रेटजी है?
कंपनी आगे की ग्रोथ के लिए कई रणनीतियों पर काम कर रही है. इसमें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार, R&D के जरिए नए प्रोडक्ट्स विकसित करना और मौजूदा ग्राहकों के साथ कारोबार बढ़ाना शामिल है. इसके साथ ही कंपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को बेहतर बनाकर ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने पर भी फोकस कर रही है.
इसे भी पढ़ें- NSE ने मेगा IPO के लिए 20 इन्वेस्टमेंट बैंकों को किया शॉर्टलिस्ट, पब्लिक ऑफर के और करीब पहुंचा ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म
Latest Stories
NSE ने मेगा IPO के लिए 20 इन्वेस्टमेंट बैंकों को किया शॉर्टलिस्ट, पब्लिक ऑफर के और करीब पहुंचा ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म
16 मार्च से खुलेगा कीटनाशक बनाने वाली कंपनी का IPO, प्राइस बैंड तय, सिंगापुर से लेकर UAE तक कारोबार, चेक करें पूरी डिटेल
Rajputana Stainless IPO आखिरी दिन हुआ फुल सब्सक्राइब, NII ने लगाया बड़ा दांव; जानें- कितना है GMP
