निवेशक हो जाएं तैयार, OYO समेत 5 कंपनियां लाएंगी IPO, SEBI से मिली मंजूरी

सेबी ने OYO की पैरेंट कंपनी Oravel Stays समेत पांच कंपनियों के IPO प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. इनमें TruHome Finance, Veegaland Developers, Advanta Enterprises और Mehta Hitech Industries शामिल हैं. OYO की पैरेंट कंपनी करीब 6650 करोड़ रुपये का IPO ला सकती है.

सेबी ने OYO की पैरेंट कंपनी Oravel Stays समेत पांच कंपनियों के IPO प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. Image Credit: canva/AI image

OYO IPO: शेयर बाजार में आने वाले समय में कई नए IPO देखने को मिल सकते हैं. सेबी ने OYO की पैरेंट कंपनी Oravel Stays समेत पांच कंपनियों के IPO प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. इन कंपनियों में Advanta Enterprises, TruHome Finance, Veegaland Developers और Mehta Hitech Industries भी शामिल हैं. सेबी से मंजूरी मिलने के बाद अब ये कंपनियां अगले एक साल के भीतर अपना IPO लॉन्च कर सकती हैं.

OYO की पैरेंट कंपनी को मंजूरी

OYO की पैरेंट कंपनी Oravel Stays ने दिसंबर 2025 में IPO डॉक्यूमेंट दाखिल किए थे. कंपनी लगभग 6650 करोड़ रुपये का IPO लाने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट के अनुसार कंपनी 7 से 8 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर बाजार में उतर सकती है. यह उसके 2021 के पहले प्रयास के मुकाबले कम वैल्यूएशन है. सेबी ने 2 जून को कंपनी के ड्राफ्ट पेपर्स पर अपनी मंजूरी दी.

TruHome Finance को भी मिली मंजूरी

रिटेल हाउसिंग फाइनेंस क्षेत्र की कंपनी TruHome Finance अपने IPO के जरिए 3000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें 1500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 1500 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल होगा. कंपनी इस रकम का उपयोग अपनी पूंजी मजबूत करने और भविष्य में लोन वितरण कारोबार को बढ़ाने के लिए करेगी. कंपनी को वॉरबर्ग पिंकस का समर्थन प्राप्त है.

Veegaland Developers

केरल की रियल एस्टेट कंपनी Veegaland Developers 250 करोड़ रुपये का IPO लाने की योजना बना रही है. यह पूरी तरह नए शेयरों का इश्यू होगा. कंपनी IPO से मिलने वाली राशि का यूज चल रही और नई प्रोजेक्ट के विकास में करेगी. इसके अलावा नई जमीन खरीदने और भविष्य की परियोजनाओं के लिए भी धन का उपयोग किया जाएगा.

Advanta Enterprises

हैदराबाद स्थित एग्रीकल्चर सॉल्यूशन कंपनी Advanta Enterprises का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल आधारित होगा. कंपनी की प्रमोटर UPL और अन्य निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. इस इश्यू में कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा. इसका मतलब है कि IPO से मिलने वाली राशि कंपनी के बजाय शेयर बेचने वाले निवेशकों को प्राप्त होगी.

यह भी पढ़ें- Meesho से लेकर MobiKwik तक… ₹35 अरब डॉलर के शेयर होंगे अनलॉक, क्या शेयरों में बढ़ेगी हलचल

Mehta Hitech Industries

गुजरात की Mehta Hitech Industries लेजर इक्विपमेंट, सीएनसी राउटर और डिजिटल प्रिंटर बनाने का काम करती है. कंपनी 62 लाख नए शेयर जारी कर IPO लाएगी. IPO से जुटाई गई राशि का यूज गुजरात के सानंद क्षेत्र में नई मैन्युफैक्चरिंग सुविधा स्थापित करने में किया जाएगा. इसके साथ ही कंपनी अपनी कार्यशील कैपिटल जरूरतों को भी पूरा करेगी.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.