Capitalmind Flexi Cap फंड में बड़ा बदलाव, HDFC Bank सहित इन शेयरों से घटाई हिस्सेदारी; कई नए स्टॉक्स भी जोड़े

फरवरी 2026 में Capitalmind Flexi Cap Fund ने अपने पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव किए हैं. फंड ने HDFC Bank, ICICI Bank और Bharti Airtel में हिस्सेदारी घटाई, जबकि BPCL, Federal Bank और Ashok Leyland समेत कई शेयरों में निवेश बढ़ाया. इसके साथ ही Bajaj Finance, UPL और SBI Cards जैसे कुछ स्टॉक्स से पूरी तरह बाहर निकलने का फैसला भी लिया गया.

कैपिटलमाइंड फ्लेक्सी कैप फंड में बदलाव Image Credit: @Money9live

Capitalmind Flexi Cap Fund Portfolio Changes: फरवरी 2026 में Capitalmind Flexi Cap Fund ने अपने पोर्टफोलियो में कई अहम बदलाव किए हैं. फंड हाउस की मासिक पोर्टफोलियो रिपोर्ट के मुताबिक इस अवधि में कुछ बड़े बैंकिंग और टेलीकॉम शेयरों में हिस्सेदारी घटाई गई, जबकि कई नए शेयर जोड़े गए और कुछ में निवेश पूरी तरह खत्म कर दिया गया. इन बदलावों से साफ है कि फंड मैनेजमेंट ने बाजार की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अपनी निवेश रणनीति में फेरबदल किया है.

इन बड़े शेयरों में घटाई हिस्सेदारी

फरवरी के दौरान फंड ने कुछ प्रमुख ब्लू-चिप कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम की. रिपोर्ट के अनुसार Bharti Airtel, HDFC Bank और ICICI Bank में निवेश घटाया गया. फंड ने Bharti Airtel के 16,330 शेयर, HDFC Bank के 8,710 शेयर और ICICI Bank के 3,870 शेयर बेचकर अपने पोर्टफोलियो में इनकी हिस्सेदारी कम की. माना जा रहा है कि यह कदम पोर्टफोलियो रीबैलेंसिंग की रणनीति के तहत उठाया गया.

कई शेयरों में बढ़ाया निवेश

दूसरी ओर फंड ने कई कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई भी है. फरवरी में 14 अलग-अलग शेयरों में निवेश बढ़ाया गया. सबसे ज्यादा खरीद BPCL में देखने को मिली. फंड ने कंपनी के 93,820 अतिरिक्त शेयर खरीदे, जिससे कुल होल्डिंग बढ़कर लगभग 2.10 लाख शेयर हो गई, जो जनवरी में करीब 1.17 लाख शेयर थी. इसके अलावा Federal Bank के 51,680 शेयर, Indian Bank के 16,305 शेयर और Ashok Leyland के 13,000 शेयर भी पोर्टफोलियो में जोड़े गए. वहीं Muthoot Finance में अपेक्षाकृत छोटा निवेश करते हुए 1,900 शेयर खरीदे गए.

पोर्टफोलियो में जुड़े कई नए स्टॉक्स

फरवरी में फंड ने अपने पोर्टफोलियो में कुछ नए शेयर भी शामिल किए. इनमें JK Tyre & Industries, APL Apollo Tubes, Indus Towers और The Great Eastern Shipping Company जैसे नाम शामिल हैं. इसी दौरान सात नए शेयरों में निवेश किया गया, जिनमें Karur Vysya Bank के 1.54 लाख शेयर, Indus Towers के 1.04 लाख शेयर और Shriram Finance के 67,286 शेयर प्रमुख हैं.

इन छह शेयरों से पूरी तरह निकला फंड

फरवरी में फंड ने छह कंपनियों से पूरी तरह बाहर निकलने का फैसला भी लिया. इस दौरान Bajaj Finance, UPL और SBI Cards & Payment Services में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी गई. इसके अलावा Solar Industries India, Asian Paints और Bajaj Finserv से भी फंड ने निवेश पूरी तरह समाप्त कर दिया. हालांकि कुछ प्रमुख कंपनियों में फंड ने कोई बदलाव नहीं किया. Reliance Industries, Aditya Birla Capital, Bank of Baroda, Canara Bank, Coal India, Punjab National Bank और TVS Motor Company समेत 13 शेयरों में निवेश पहले जैसा ही बना रहा. फंड के पोर्टफोलियो में Federal Bank का सबसे ज्यादा वेटेज है, जो कुल NAV का लगभग 3.50 फीसदी है. इसके बाद Ashok Leyland का हिस्सा करीब 3.46 फीसदी है. फरवरी में फंड के पोर्टफोलियो में कुल 37 शेयर थे, जबकि जनवरी में यह संख्या 36 थी.

फंड का प्रदर्शन कैसा रहा

Capitalmind Flexi Cap Fund की शुरुआत 4 अगस्त 2025 को हुई थी और इसका बेंचमार्क Nifty 500 TRI है. इस फंड का प्रबंधन अनूप विजयकुमार कर रहे हैं. 28 फरवरी 2026 तक इस फंड का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) लगभग 343 करोड़ रुपये था. फंड का निवेश 14 अलग-अलग सेक्टरों में फैला हुआ है. सेक्टर के हिसाब से देखें तो फंड ने सबसे ज्यादा निवेश बैंकिंग सेक्टर में किया है, जिसका हिस्सा करीब 21.54 फीसदी है. इसके बाद ऑटोमोबाइल और उससे जुड़े उद्योग में 15.69 फीसदी और नॉन-फेरस मेटल्स सेक्टर में करीब 8.09 फीसदी का निवेश है.

रिटर्न के मामले में कैसा रहा प्रदर्शन

लॉन्च के बाद से अब तक फंड ने करीब 0.62 फीसदी रिटर्न दिया है. पिछले 6 महीनों में फंड का रिटर्न 3.11 फीसदी रहा, जबकि इसी अवधि में इसके बेंचमार्क Nifty 500 TRI में 1.27 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. फंड हाउस के अनुसार 6 फरवरी 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर Flexi Cap Fund (Direct Growth) ने 3.98 फीसदी का साधारण वार्षिक रिटर्न दिया, जो Nifty 500 TRI के 2.57 फीसदी और इस कैटेगरी के औसत 0.58 फीसदी रिटर्न से बेहतर रहा.

ये भी पढ़ें- डेटा सेंटर बूम पर म्यूचुअल फंड्स का बड़ा दांव, इन 5 MF ने इससे जुड़े शेयरों में खरीदी हिस्सेदारी, जानें स्टॉक्स के नाम

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.