Gold-Silver ETFs में भारी बिकवाली, 4% तक फिसले, निवेशकों की बढ़ी चिंता; जानें क्यों मचा हड़कंप?

घरेलू बाजार में कमजोरी की बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट रही. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड सात महीने में पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया. अमेरिकी डॉलर में मजबूती और इस उम्मीद ने कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरें बढ़ा सकता है.

सोना-चांदी की कीमतें Image Credit: AI/Money9live

Gold-Silver ETFs : सोने और चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट का असर गुरुवार को Gold और Silver ETFs पर भी देखने को मिला. घरेलू और ग्लोबल बुलियन मार्केट में कमजोरी के चलते निवेशकों ने इन फंड्स में बिकवाली की. Silver ETFs सबसे ज्यादा दबाव में रहे और करीब 4 फीसदी तक टूट गए, जबकि Gold ETFs में करीब 2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई.

Silver ETFs में सबसे ज्यादा कमजोरी

  • सुबह करीब 10:45 बजे Silver ETFs में तेज गिरावट देखने को मिली.
  • Nippon India Silver ETF (SilverBeES) 3.81 फीसदी गिरकर 205.23 रुपये पर पहुंच गया.
  • SBI Silver ETF 3.76 फीसदी टूटकर 210.25 रुपये पर आ गया.
  • ICICI Prudential Silver ETF 3.78 फीसदी गिरकर 214.05 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जबकि Tata Silver ETF 3.74 फीसदी फिसलकर 20.85 रुपये पर पहुंच गया. चांदी की कीमतों में तेज करेक्शन के चलते इन फंड्स पर दबाव बढ़ा.

Gold ETFs भी दबाव में

  • सोने की कीमतों में कमजोरी का असर Gold ETFs पर भी दिखाई दिया.
  • ICICI Prudential Gold ETF 1.94 फीसदी गिरकर 119.23 रुपये पर पहुंच गया.
  • SBI Gold ETF 1.92 फीसदी टूटकर 118.91 रुपये पर आ गया.
  • Nippon India ETF Gold BeES 1.86 फीसदी गिरकर 115.37 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जबकि Tata Gold ETF 1.81 फीसदी की गिरावट के साथ 13.57 रुपये पर पहुंच गया.

MCX पर सोना-चांदी में गिरावट

कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का सीधा असर ETFs पर देखने को मिला. MCX पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना वायदा 0.16 फीसदी गिरकर 1,41,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं चांदी वायदा 0.96 फीसदी टूटकर 2,11,710 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया.

चांदी में दिखी भारी उतार-चढ़ाव

चांदी के जुलाई वायदा अनुबंध में कारोबार की शुरुआत बेहद अस्थिर रही. शुरुआती कारोबार में कीमत करीब 3,000 रुपये टूटकर 2.10 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई. इसके बाद तेज रिकवरी देखने को मिली और कुछ ही मिनटों में भाव 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के ऊपर पहुंच गए. हालांकि रिकवरी के बावजूद इस सप्ताह के पहले चार कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत करीब 17,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूट चुकी है.

सोने में भी आई बड़ी गिरावट

अगस्त डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर शुरुआती कारोबार में गिरकर 1,40,543 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था. बाद में इसमें सुधार हुआ और भाव फिर 1,42,000 रुपये के करीब पहुंच गए. इसके बावजूद सोना पिछले शुक्रवार के बंद भाव से करीब 5,200 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे बना हुआ है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी असर

घरेलू बाजार में कमजोरी की बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट रही. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड सात महीने में पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया. अमेरिकी डॉलर में मजबूती और इस उम्मीद ने कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरें बढ़ा सकता है, सोने पर दबाव बढ़ाया. ब्याज दरें बढ़ने की संभावना से बिना ब्याज वाले निवेश विकल्प जैसे सोने की मांग पर असर पड़ता है.

शेयर बाजार में बनी रही मजबूती

जहां एक तरफ कीमती धातुओं में बिकवाली देखने को मिली, वहीं शेयर बाजार में मजबूती बनी रही. सुबह करीब 10:45 बजे सेंसेक्स 542.78 अंक यानी 0.70 फीसदी बढ़कर 77,534 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी, 153 अंक यानी 0.64 फीसदी चढ़कर 24,174.65 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार में जोखिम लेने की बढ़ती धारणा भी निवेशकों को सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों से दूर ले जाती दिखी.

इसे भी पढ़ें- मल्टीबैगर शेयर का जलवा बरकरार! QIP ऐलान के बाद फिर लगा अपर सर्किट, 5 महीने में दे चुका 600% रिटर्न

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.