पीक से 42% टूटा कच्चा तेल! उड़ान भरने लगे एयरलाइन कंपनियों के शेयर, इंडिगो-स्पाइसजेट 4% तक उछले
ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच दबाव झेल रहे एविएशन सेक्टर को बड़ी राहत मिली है. कच्चे तेल की कीमतों में 42% तक की गिरावट के बाद इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयरों में जोरदार तेजी आई है. जानिए क्यों निवेशकों की नजर अब एयरलाइन शेयरों पर टिकी है.
Aviation stock rally: ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से लगातार दबाव झेल रहे एविएशन सेक्टर के लिए राहत की बड़ी खबर आई है. कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद गुरुवार को विमानन कंपनियों के शेयरों में 4% तक की तेजी दर्ज की गई. कच्चे तेल के दाम अब उस स्तर से भी नीचे आ गए हैं, जो 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से पहले थे. 30 अप्रैल को जब होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से तेल सप्लाई ठप होने का डर था, तब क्रूड $126 प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, जहां से अब यह 42% तक टूट चुका है.
इस बड़ी राहत का असर शेयर बाजार में साफ दिखा. सुबह के कारोबार में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर 3.5% उछलकर ₹5,386 के उच्च स्तर पर पहुंच गए. वहीं, बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) के शेयरों में भी 4% की तेजी आई और यह ₹12.78 पर पहुंच गया.
$73 के नीचे आया ब्रेंट क्रूड
28 फरवरी, 2026 के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड की कीमतें $73 प्रति बैरल के नीचे आ गई हैं. अगस्त डिलीवरी के लिए ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 2% गिरकर $72.40 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 1.6% की गिरावट के साथ $69 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था.
अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने पुष्टि की है कि होर्मुज स्ट्रेट से तेल का प्रवाह लगभग युद्ध-पूर्व के स्तर पर लौट आया है और पिछले 24 घंटों में वहां से कम से कम 2 करोड़ बैरल तेल गुजरा है. हालांकि, इलाके में बारूदी सुरंगों को हटाने का काम जारी रहने के कारण पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल होने में कुछ हफ्ते लग सकते हैं.
रूट बदलने से बढ़ा था संकट
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण एयरलाइंस को उड़ानों के रास्ते बदलने और कई फ्लाइट्स रद्द करने पर मजबूर होना पड़ा था, जिससे ईंधन और क्रू का खर्च काफी बढ़ गया था. युद्ध की शुरुआत में इंडिगो ने मिडिल ईस्ट की अपनी सभी उड़ानें सस्पेंड कर दी थीं. इसके अलावा, इंडिगो ने हाल ही में मैनचेस्टर की सेवाएं रद्द कीं और अब 1 जुलाई से लांगकावी, क्राबी, हो ची मिन्ह सिटी, हॉन्गकॉन्ग और शंघाई तथा 3 जुलाई से सिएम रीप की उड़ानें भी 30 सितंबर, 2026 तक के लिए स्थगित कर दी हैं.
यह भी पढ़ें: 50% टूट गया है ये FMCG स्टॉक, व्हिस्पर और विक्स बनाती है कंपनी; इस गिरावट में करनी चाहिए खरीदारी?
निवेशकों की नजर अब पूरी तरह सामान्य स्थिति पर
अंतरिम शांति समझौते और होर्मुज स्ट्रेट के दोबारा खुलने की उम्मीद से अब एविएशन सेक्टर में सुधार के संकेत हैं. भू-राजनीतिक जोखिम कम होने से न सिर्फ एयरलाइंस का फ्यूल खर्च (ATF) घटेगा, बल्कि फ्लाइट शेड्यूल सुधरने से ट्रैवल डिमांड को भी दोबारा मजबूती मिलेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Concord Biotech Bonus Issue: हर 1 शेयर पर मिलेगा 1 बोनस शेयर, शेयरों की संख्या होगी दोगुनी
Closing Bell: शेयर बाजार में मचा हाहाकार, Sensex 1248 अंक गिरा; Nifty भी 1.64 फीसदी टूटा
Sensex Nifty Today: बाजार में मची तबाही, सेंसेक्स 1200 अंक से ज्यादा धड़ाम; निफ्टी 23000 के करीब
