EPFO ने भेजना शुरू किया PF का ब्याज, क्या आपके खाते में आया पैसा? ऐसे चेक करें बैलेंस

EPFO ने FY2025-26 के लिए 8.25% सालाना ब्याज PF खातों में जमा करना शुरू कर दिया है. सदस्य UAN के जरिए EPFO पोर्टल, Passbook Lite और UMANG ऐप पर अपना अपडेटेड बैलेंस देख सकते हैं. ब्याज दिखने में देरी होने पर भी सदस्यों का कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि ब्याज मासिक बैलेंस के आधार पर पहले ही गणना हो जाता है.

EPFO Interest Credit: देश के करोड़ों EPF खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 का सालाना ब्याज खातों में जमा करना शुरू कर दिया है. 15 जुलाई से कई सदस्यों के PF खाते में 8.25 फीसदी की दर से ब्याज दिखना शुरू हो गया है.

8.25% की दर से मिलेगा ब्याज

EPFO ने FY2025-26 के लिए 8.25 फीसदी सालाना ब्याज दर तय की है. यह ब्याज हर महीने के रनिंग बैलेंस के आधार पर गणना किया जाता है, लेकिन खाते में साल में एक बार ही जमा किया जाता है. सरकार की मंजूरी मिलने के बाद EPFO ब्याज की राशि सदस्यों के खातों में ट्रांसफर करता है.

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया था कि EPFO करीब 34 करोड़ सदस्य खातों में 1.44 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज जमा करने की प्रक्रिया में है. उन्होंने कहा था कि 15 जुलाई से अपडेटेड बैलेंस दिखना शुरू हो जाएगा.

ऐसे चेक करें PF खाते में ब्याज आया या नहीं

EPFO सदस्य अपने खाते में ब्याज जमा होने की जानकारी कई तरीकों से देख सकते हैं, इसके तहत्.

  • EPFO Member e-Sewa पोर्टल.
  • EPFO Member Passbook Portal पर Passbook Lite.
  • UMANG ऐप.

सदस्य 12 अंकों के UAN, पासवर्ड और कैप्चा की मदद से EPFO Member Passbook Portal पर लॉगिन कर सकते हैं. आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP सत्यापन के बाद Passbook Lite में हाल की जमा राशि, निकासी और अपडेटेड PF बैलेंस देखा जा सकता है.

UMANG ऐप के जरिए भी सदस्य PF बैलेंस देख सकते हैं, योगदान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, क्लेम की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं, पेंशन लेनदेन का विवरण देख सकते हैं और अकाउंट स्टेटमेंट डाउनलोड कर सकते हैं.

नई डिजिटल प्रणाली पर शिफ्ट हुआ EPFO

हाल ही में EPFO ने Centralised IT Enabled Services (CITES) परियोजना के तहत अपने पूरे डेटाबेस को नई केंद्रीकृत डिजिटल प्रणाली पर स्थानांतरित किया है. इस माइग्रेशन के बाद अब सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं.

हालांकि EPFO ने कहा है कि इस दौरान PF क्लेम और कुछ ऑनलाइन सेवाओं के निपटारे में थोड़ी देरी हो सकती है. डेटाबेस अपग्रेड के कारण करीब दो सप्ताह तक कई ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रही थीं.

ब्याज दिखने में देरी से होगा नुकसान?

नहीं. अगर आपके PF खाते में ब्याज तुरंत नहीं दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. EPF Scheme, 1952 के पैरा 60 के अनुसार ब्याज हर महीने के रनिंग बैलेंस पर गणना किया जाता है. इसलिए पासबुक में ब्याज की एंट्री देर से दिखाई देने पर भी सदस्यों को मिलने वाली ब्याज राशि में कोई कमी नहीं होती. ब्याज की गणना पहले ही हो जाती है और बाद में सत्यापन के बाद खाते में जमा किया जाता है.

EPF के क्या हैं फायदे?

EPF एक सरकारी बचत योजना है, जिसका उद्देश्य नौकरीपेशा कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा देना है. इस योजना में कर्मचारी और नियोक्ता दोनों कर्मचारी के मूल वेतन और महंगाई भत्ते का 12-12% EPF खाते में जमा करते हैं.

EPF-2026 के ढांचे के अनुसार यह योगदान दोनों पक्षों के लिए 1,800 रुपये तक सीमित है. हालांकि कर्मचारी और नियोक्ता चाहें तो स्वैच्छिक रूप से इससे अधिक योगदान भी कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- EPFO लाई एमनेस्टी स्कीम 2026, PF ट्रस्ट को स्टेटस रेगुलराइज कराने का मिला आखिरी मौका, जानें डिटेल