EPFO ने बदला UAN एक्टिवेशन का तरीका, अब पोर्टल से नहीं होगा काम, PF अकाउंट होल्डर्स जान लें नया तरीका

EPFO ने अपने Unified Member Portal को अपग्रेड करने के बाद UAN एक्टिवेशन और नया UAN बनाने की सुविधा वेबसाइट से हटा दी है. अब दोनों काम केवल UMANG ऐप के माध्यम से आधार बेस्ड Face Authentication के जरिए होंगे. वहीं UAN वापस पाने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. डेथ क्लेम की सुविधा पहले की तरह पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी.

EPFO ने अपने Unified Member Portal को अपग्रेड करने के बाद UAN एक्टिवेशन और नया UAN बनाने की सुविधा वेबसाइट से हटा दी है. Image Credit: Canva

EPFO: अगर आपका कर्मचारी भविष्य निधि यानी PF खाता है तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. EPFO ने अपने Unified Member Portal को अपग्रेड करने के बाद कई नियमों में बदलाव किया है. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब UAN एक्टिवेशन और नया UAN बनाने की सुविधा EPFO पोर्टल पर नहीं मिलेगी. इसके लिए अब UMANG ऐप का यूज करना होगा. साथ ही आधार बेस्ड Face Authentication को अनिवार्य कर दिया गया है. EPFO का कहना है कि इन बदलावों का मकसद सर्विस को पहले से ज्यादा सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाना है.

अब EPFO पोर्टल पर नहीं होगा UAN एक्टिवेशन

EPFO ने अपने Unified Member Portal से UAN एक्टिवेशन की सुविधा हटा दी है. पहले मेंबर पोर्टल पर जाकर अपना Universal Account Number एक्टिवेट कर सकते थे, लेकिन अब यह सुविधा बंद कर दी गई है. इसी तरह नया UAN बनाने का विकल्प भी वेबसाइट से हटा दिया गया है. अब इन दोनों सर्विस के लिए केवल UMANG ऐप का इस्तेमाल करना होगा. इससे UAN से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगी.

UMANG ऐप से ऐसे करें UAN एक्टिवेट

अब UAN एक्टिवेशन के लिए सबसे पहले मोबाइल में UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा. इसके बाद EPFO Services में जाकर UAN Services Through Face Auth विकल्प चुनना होगा. यहां UAN Activation पर क्लिक करने के बाद आधार बेस्ड Face Authentication पूरा करना होगा. इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करके UAN एक्टिवेशन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. बिना Face Authentication के अब UAN एक्टिवेशन संभव नहीं होगा.

नया UAN बनवाने का तरीका भी बदला

अगर किसी कर्मचारी को नया UAN चाहिए तो अब उसे भी UMANG ऐप का ही उपयोग करना होगा. इसके लिए ऐप में EPFO Services खोलकर UAN Allotment and Activation विकल्प चुनना होगा. इसके बाद आधार बेस्ड Face Authentication पूरा करना होगा. सभी जरूरी जानकारी बेरिफाई होने के बाद नया UAN जारी कर दिया जाएगा. EPFO ने यह सुविधा भी अपनी वेबसाइट से पूरी तरह हटा दी है.

UAN भूल गए हैं तो ऐसे मिलेगा वापस

अपग्रेड किए गए EPFO पोर्टल पर अब UAN वापस पाने की प्रक्रिया पहले से आसान कर दी गई है. इसके लिए मेंबर को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद पहचान पत्र या पते का प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद वेरिफिकेशन पूरा हो जाएगा. इसके बाद मेंबर अपना UAN दोबारा प्राप्त कर सकते हैं.

डेथ क्लेम की सुविधा अभी भी पोर्टल पर रहेगी

UAN से जुड़ी सर्विस भले ही UMANG ऐप पर चली गई हों, लेकिन डेथ क्लेम दाखिल करने की सुविधा अभी भी EPFO के Unified Member Portal पर उपलब्ध रहेगी. इसके लिए आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, मेंबर का मृत्यु प्रमाण पत्र और रद्द किया गया चेक या बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होगी. सभी डॉक्यूमेंट PDF फॉर्मेट में होने चाहिए और हर फाइल का आकार 2 एमबी से कम होना चाहिए.

यह भी पढ़ें- 3 दिन में निकलेगा PF का पैसा, ₹5 लाख तक के क्लेम का होगा ऑटो-सेटलमेंट; देरी पर मिलेगा 12 फीसदी ब्याज

बदलाव क्यों किए गए और क्या रखें ध्यान

EPFO के अनुसार यह बदलाव पोर्टल को अधिक सेफ, तेज और भरोसेमंद बनाने के लिए किए गए हैं. इसके लिए डाटाबेस को अपडेट किया गया है और सॉफ्टवेयर में सुधार किया गया है. संगठन ने यह भी बताया है कि शुरुआती दो सप्ताह तक क्लेम और अन्य ऑनलाइन रिक्वेस्ट के निपटारे में सामान्य से अधिक समय लग सकता है. इसलिए मेंबरों को बार- बार आवेदन करने या एक ही काम के लिए कई बार लॉग इन करने से बचने की सलाह दी गई है.