होली पर फ्री सिलेंडर! दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए लॉन्च करेगी कई बड़ी योजनाएं, 2 मार्च को रोलआउट होगा प्लान
दिल्ली सरकार अपने एक साल के कार्यकाल के मौके पर महिलाओं से जुड़ी कई अहम पहल शुरू करने जा रही है. इन पहलों का सीधा असर आर्थिक मदद, यात्रा सुविधा और सरकारी सेवाओं तक पहुंच पर पड़ सकता है. कार्यक्रम में कुछ पुराने लंबित मामलों के निपटारे और नई योजनाओं की शुरुआत के संकेत भी मिल रहे हैं.
दिल्ली सरकार अपने एक साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर 2 मार्च को महिलाओं को केंद्र में रखकर कई अहम योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है. इस कार्यक्रम में महिलाओं की आर्थिक मदद, सुविधाजनक यात्रा, पेनडिंग बेनेफिट का भुगतान और शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे मुद्दों पर बड़े ऐलान होने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इस आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे इस कार्यक्रम का महत्व और बढ़ जाता है.
महिलाओं के लिए मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की योजना
HT की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर की योजना होगी. अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सरकार होली और दिवाली के मौके पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर देगी. सिलेंडर की कीमत सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए भेजी जाएगी. कार्यक्रम में कुछ लाभार्थी महिलाओं को भी बुलाया गया है, ताकि योजना की शुरुआत सार्वजनिक रूप से की जा सके.
लंबित लाड़ली योजना की राशि का भुगतान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद पाया कि लाड़ली योजना से जुड़े करीब 1.86 लाख खाते ऐसे थे, जिनकी मैच्योरिटी राशि अब तक नहीं दी गई थी. बीते एक साल में सरकार ने 30 हजार लाभार्थियों की पहचान कर ₹90 करोड़ जारी किए हैं. अब 41 हजार और महिलाओं को चिन्हित किया गया है, जिन्हें करीब ₹100 करोड़ की राशि दी जाएगी. इनमें से कुछ महिलाएं भी 2 मार्च के कार्यक्रम में मौजूद रह सकती हैं.
लखपति बिटिया योजना और महिला समृद्धि योजना
लाड़ली योजना को अब नए रूप में ‘लखपति बिटिया योजना’ के तौर पर पेश किया गया है, जिसकी औपचारिक शुरुआत भी इसी कार्यक्रम में होने की संभावना है. इसके साथ ही सरकार महिला समृद्धि योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को ₹2,500 की सम्मान राशि देने के लिए एक नया रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू कर सकती है, जिससे पात्र महिलाएं आसानी से आवेदन कर सकें.
महिलाओं के लिए ‘सहेली’ स्मार्ट कार्ड
दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए गुलाबी रंग का ‘सहेली’ स्मार्ट कार्ड भी लॉन्च करने जा रही है. इस कार्ड के जरिए दिल्ली सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं की आवाजाही आसान होगी और उनकी सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप टैरिफ के खिलाफ फैसला आते ही सोने-चांदी में रॉकेट सी रफ्तार, 9% तक उछला सिल्वर, जानें गोल्ड का हाल
सीएम जनसुनवाई पोर्टल से शिकायतों का समाधान
इस बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल और ऐप’ की भी घोषणा की है, जिसे 21 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा. यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म होगा, जहां लोग एमसीडी, डीडीए, दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार के सभी विभागों से जुड़ी शिकायतें एक ही जगह दर्ज कर सकेंगे. शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के लिए ऑटो-अपील की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जवाबदेही तय हो सके.
