UP में बारिश के आसार, दिल्ली-NCR में 31 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, जानें हफ्तेभर का मौसम अपडेट
देशभर में मौसम फिलहाल स्थिर नहीं दिख रहा है. कहीं बारिश और तेज हवाएं हैं, तो कहीं तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं. ऐसे में IMD ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.
IMD WEATHER UPDATE: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं. उत्तर प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में गर्मी थोड़ा और बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मौसम दोबारा बिगड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में आने वाले दो से तीन दिनों में बारिश की संभावना है. वहीं अधिकतम तापमान में अगले 48 घंटों के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है. साथ ही न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई खास परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड में 23 और 24 फरवरी को बारिश या बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. मध्य भारत में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है. इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है. देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य रहने का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में चढ़ेगा पारा
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया.
21 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. रात में हल्की धुंध या मिस्ट देखी जा सकती है. अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 22 फरवरी को भी मौसम साफ रहने की संभावना है. सुबह के समय हल्की मिस्ट रह सकती है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
23 और 24 फरवरी को भी आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है. सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है. अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इन दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21 और 22 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. यह स्थिति दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इक्वेटोरियल इंडियन ओशन के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ी हुई है.
केरल और माहे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की गतिविधि देखी जा सकती है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन राज्यों में भी दिखेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 से 24 फरवरी के दौरान गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 से 23 फरवरी के बीच मौसम बदला रह सकता है.
23 और 24 फरवरी को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गांगेटिक पश्चिम बंगाल में भी बारिश के आसार हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 23 से 25 फरवरी के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
इसे भी पढ़ें- जन्म लेते ही बेटियों के लिए FD कर रही बिहार सरकार, जानें किसे मिलता है लाभ और कैसे करें आवेदन
Latest Stories
दिन में गर्मी रात में ठंड! UP में 6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, उत्तराखंड समेत इन राज्यों में बारिश के आसार
T20 वर्ल्ड कप में क्या एक बार फिर भिड़ सकते हैं भारत-पाकिस्तान, कैसे होगा ये संभव… जान लीजिए
दक्षिण अफ्रीका से हारते ही क्या भारत हो जाएगा वर्ल्ड कप से बाहर, क्या है सुपर-8 का कैलकुलेशन? समझ लीजिए
