कहीं धूप तो कहीं बारिश! दिल्ली में 31 डिग्री तक चढ़ेगा पारा; यूपी-एमपी समेत इन इलाकों में जानें कैसा रहेगा मौसम

देश में मौसम फिलहाल दो अलग दिशाओं में चलता दिख रहा है. दक्षिण और द्वीपीय इलाकों में बारिश का असर है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी धीरे-धीरे पैर पसार रही है. दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों में तापमान में तेज उछाल देखने को मिल सकता है.यानी अब हल्की ठंड से निकलकर गर्म दिनों के लिए तैयार रहने का समय आ गया है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: gettyimage

IMD WEATHER ALERT: मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे दिए हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तस्वीर देखने को मिल रही है. कहीं भारी बारिश का अलर्ट है, तो कहीं तापमान में तेज बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में गर्मी का असर बढ़ सकता है. वहीं दक्षिण भारत और द्वीपीय क्षेत्रों में बारिश एक्टिव रहने के संकेत हैं.

कहां होगी भारी बारिश ?

आईएमडी के मुताबिक, 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड में 20 फरवरी को 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. यूपी, मध्य प्रदेश में 20 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी और उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच हल्की बारिश या बर्फबारी संभव है.

उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान

वहीं मैदानी इलाकों वाले उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज गर्म होता दिख रहा है. अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3°C की धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी का अनुमान है. इसका सीधा असर दिन की गर्मी और रात के तापमान पर देखने को मिल सकता है. यानी सुबह-शाम की हल्की ठंड अब कम महसूस हो सकती है.

पिछले 24 घंटों का तापमान हाल

बीते 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अलग रहा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में तापमान 0°C से नीचे दर्ज किया गया. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान 6°C तक रहा. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में यह 7–12°C के बीच दर्ज किया गया. मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7°C अमृतसर में दर्ज किया गया.

अधिकतम तापमान की बात करें तो केरल के पुनालुर में सबसे अधिक 36.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में अधिकतम तापमान 34 से 38°C के बीच रहा. दिलचस्प बात यह रही कि हरियाणा, उत्तर राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 3–5°C तक कम रहा. वहीं पंजाब, गुजरात, बिहार और छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया.

कैसा रहेगा दिल्ली-NCR में मौसम का हाल ?

दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में तेज बढ़ोतरी के संकेत हैं. IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 20 फरवरी को भी साफ मौसम रहेगा. सुबह हल्की धुंध दिख सकती है. अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम 12°C से 14°C के बीच रह सकता है. 21 फरवरी को दिन और गर्म हो सकता है. अधिकतम तापमान 28°C से 30°C तक पहुंचने की संभावना है. वहीं 22 फरवरी को गर्मी और बढ़ सकती है. अधिकतम तापमान 29°C से 31°C के बीच रहने का अनुमान है. यानी फरवरी के आखिरी हिस्से में दिल्ली में मार्च जैसी गर्मी महसूस हो सकती है.

मौसम सिस्टम क्या कह रहे हैं

इस बदलते मौसम के पीछे कई एक्टिव सिस्टम काम कर रहे हैं. भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया श्रीलंका की ओर बढ़ रहा है. इसके कमजोर पड़ने के संकेत हैं. इसके साथ ही एक नया अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हो रहा है, जिससे आगे फिर लो प्रेशर बनने की संभावना है. उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी असर डाल रहा है, जिसकी वजह से कुछ राज्यों में बादल, हल्की बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- मिड-रेंज कीमत में प्रीमियम फीचर्स! Vivo V70 Series भारत में लॉन्च, 6500mAh बैटरी और AI कैमरा से लैस