मिड-रेंज कीमत में प्रीमियम फीचर्स! Vivo V70 Series भारत में लॉन्च, 6500mAh बैटरी और AI कैमरा से लैस
Vivo ने भारत में V70 और V70 Elite स्मार्टफोन लॉन्च कर दिए हैं, जो Zeiss कैमरा, प्रीमियम डिजाइन, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 6500mAh बैटरी जैसे फीचर्स के साथ आते हैं. Snapdragon 8s Gen 3 तक के प्रोसेसर और 90W फास्ट चार्जिंग के साथ यह सीरीज फ्लैगशिप-जैसा अनुभव कम कीमत में देने का दावा करती है. बिक्री 26 फरवरी से शुरू होगी. जानें डिटेल्स.
Vivo V70 Series Launched: देश में मिड-रेंज प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट को ध्यान में रखते हुए Vivo ने अपनी नई V70 सीरीज लॉन्च कर दी है. इस सीरीज में दो मॉडल- Vivo V70 और Vivo V70 Elite शामिल हैं. दोनों फोन Zeiss ब्रांडेड कैमरा सिस्टम और प्रीमियम डिजाइन के साथ आते हैं, जिससे कंपनी उन यूजर्स को टारगेट कर रही है जो शानदार कैमरा क्वालिटी के साथ अच्छी परफॉर्मेंस चाहते हैं. खास बात यह है कि V70 सीरीज पिछले साल लॉन्च हुए V60 के कुछ ही महीनों बाद आई है, जिससे साफ है कि Vivo V-सीरीज को तेजी से अपडेट कर रहा है.
नया कैमरा लुक और प्रीमियम बिल्ड
डिजाइन के मामले में V70 और V70 Elite लगभग एक जैसे हैं. पीछे की तरफ अब लंबवत पिल-शेप मॉड्यूल की जगह चौकोर स्टाइल का नया कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें मेटैलिक फिनिश और प्रमुख Zeiss ब्रांडिंग दिखाई देती है. इसी मॉड्यूल में Aura Light भी इंटीग्रेटेड है, जो लो-लाइट फोटोग्राफी में मदद करता है.
फोन में फ्लैट एयरोस्पेस-ग्रेड एल्युमिनियम फ्रेम और मैट फिनिश ग्लास बैक दिया गया है, जो प्रीमियम फील देता है और फिंगरप्रिंट कम पकड़ता है. दोनों डिवाइस 7.6 मिमी से कम मोटाई के साथ काफी स्लिम हैं. इसके अलावा IP68 और IP69 रेटिंग मिलने से ये धूल और पानी से भी अच्छी सुरक्षा प्रदान करते हैं.
कैमरा और डिस्प्ले
दोनों फोन में एक जैसा कैमरा सेटअप दिया गया है. रियर पर ट्रिपल कैमरा सिस्टम मिलता है जिसमें 50MP का मुख्य सेंसर, 50MP Sony IMX882 टेलीफोटो लेंस (3x ऑप्टिकल जूम) और 8MP का अल्ट्रा वाइड कैमरा शामिल है. सेल्फी के लिए भी 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, और सभी कैमरों पर Zeiss की ब्रांडिंग मौजूद है. वीडियो रिकॉर्डिंग 4K 60fps तक की जा सकती है, जबकि कैमरा ऐप में AI-बेस्ड फिल्टर और इमेज प्रोसेसिंग फीचर्स भी मिलते हैं.
डिस्प्ले की बात करें तो दोनों फोन में 6.59-इंच का AMOLED पैनल दिया गया है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और 1.5K रिजॉल्यूशन मिलता है. Vivo का दावा है कि इस सेगमेंट में इन फोन के बेजेल सबसे पतले हैं. स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक जाती है, जिससे तेज धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकता है. सुरक्षा के लिए अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है.
परफॉर्मेंस और बैटरी में है असली अंतर
दोनों मॉडल के बीच मुख्य अंतर प्रोसेसर में है. Vivo V70 Elite में फ्लैगशिप-लेवल Snapdragon 8s Gen 3 चिपसेट दिया गया है, जबकि स्टैंडर्ड V70 में Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर मिलता है. दोनों फोन LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ आते हैं, जिससे तेज परफॉर्मेंस और स्मूथ मल्टीटास्किंग मिलती है. V70 Elite में बेहतर गेमिंग एक्सपीरिएंस के लिए X-axis linear motor भी दिया गया है, जो ज्यादा सटीक हैप्टिक फीडबैक प्रदान करता है. बैटरी के मामले में दोनों फोन समान हैं- 6,500mAh की बड़ी बैटरी के साथ 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है, और चार्जर बॉक्स में ही दिया गया है.
सॉफ्टवेयर और अपडेट
दोनों डिवाइस Android 16 बेस्ड OriginOS 6 पर चलते हैं. कंपनी ने 4 साल के Android अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है, जो इस सेगमेंट में एक मजबूत पेशकश मानी जा सकती है.
कीमत और उपलब्धता
Vivo V70 सीरीज की बिक्री भारत में 26 फरवरी से शुरू होगी. स्टोरेज वैरिएंट और कीमत इस प्रकार हैं-
- Vivo V70: 45,999 रुपये (8GB/256GB), 49,999 रुपये (12GB/256GB)
- Vivo V70 Elite: 51,999 रुपये (8GB/256GB), 56,999 रुपये (12GB/256GB), 61,999 रुपये (12GB/512GB)
कंपनी बैंक ऑफर्स के तहत कैशबैक या लगभग 10 फीसदी तक इंस्टेंट डिस्काउंट भी दे रही है. इन शार्ट, Vivo V70 सीरीज उन यूजर्स के लिए तैयार की गई है जो प्रीमियम डिजाइन, दमदार कैमरा और लंबी बैटरी लाइफ के साथ फ्लैगशिप-जैसा अनुभव चाहते हैं, लेकिन पूरी तरह फ्लैगशिप कीमत नहीं देना चाहते.
ये भी पढ़ें- हाथ ना पकड़ना तो बहाना, Open AI vs Anthropic के बीच चल रही है ये लड़ाई, जानें किसकी बात में है दम
Latest Stories
हाथ ना पकड़ना तो बहाना, Open AI vs Anthropic के बीच चल रही है ये लड़ाई, जानें किसकी बात में है दम
मुकेश अंबानी का ऐलान, रिलायंस और Jio मिलकर 10 लाख करोड़ का करेंगी निवेश; घटाएंगे AI की लागत
FASTag Annual Pass के नाम पर खाली हो रहा बैंक अकाउंट, जानें कैसी होती है ठगी, चेतावनी जारी
