HDFC Bank ने सस्ता किया लोन, MCLR में कटौती, अब EMI का बोझ होगा कम
HDFC Bank ने MCLR में कटौती कर लोन सस्ता किया, जिससे ग्राहकों की EMI में राहत मिल सकती है. बैंक के इस फैसले से होम व ऑटो लोन लेने वालों को राहत मिलेगी. बदली हुई दरें 7 अप्रैल 2026 से लागू हो गई हैं. हाल ही में बैंक ने FD दरों में भी बदलाव किया था.

HDFC Bank decreased MCLR: देश के बड़े निजी बैंक HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को राहत देते हुए MCLR (मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट) में कटौती की है. बैंक ने चुनिंदा शॉर्ट टेन्योर पर ब्याज दरों में 5 बेसिस पॉइंट तक की कमी की है, जिससे उन ग्राहकों को फायदा मिलेगा जिनके होम लोन, कार लोन या दूसरे कोई लोन MCLR से जुड़े हुए हैं. नई दरें 7 अप्रैल 2026 से लागू हो गई हैं.
क्या हैं नई दरें?
कटौती के बाद बैंक की MCLR दरें अब 8.10% से 8.55% के बीच हो गई हैं, जो पहले 8.15% से 8.55% के बीच थीं. खास बात यह है कि ओवरनाइट और एक महीने की MCLR दर 8.15% से घटकर 8.10% हो गई है, जबकि तीन महीने की दर 8.25% से घटकर 8.20% कर दी गई है. हालांकि, छह महीने, एक साल, दो साल और तीन साल की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये क्रमशः 8.35%, 8.35%, 8.45% और 8.55% पर स्थिर हैं.
क्या होता है MCLR?
MCLR वह न्यूनतम ब्याज दर होती है, जिस पर बैंक अपने ग्राहकों को लोन दे सकता है. इसे भारतीय रिजर्व बैंक ने 2016 में लागू किया था ताकि लोन दरों में पारदर्शिता लाई जा सके और ग्राहकों को ब्याज दरों में बदलाव का फायदा मिल सके.
यह भी पढ़ें: PC Jeweller और Kalyan समेत 10% तक उछले ये ज्वेलरी स्टॉक, दमदार Q4 नतीजे सहित इस वजह से मिला बूस्ट
बेस रेट और BPLR कितनी है?
HDFC Bank का मौजूदा बेस रेट 8.80% है, जो 26 दिसंबर 2025 से लागू है. वहीं बैंक का बेंचमार्क PLR (BPLR) 17.30% सालाना है.
FD की ब्याज दरें भी बदली
बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में भी 6 अप्रैल से बदलाव किया था. आम ग्राहकों के लिए FD दरें 2.75% से 6.50% के बीच हैं, जबकि सीनियर सिटीजन के लिए यह 3.25% से 7% तक हैं. खास तौर पर 3 साल 1 दिन से लेकर 4 साल 7 महीने से कम अवधि वाले FD पर ब्याज दर 6.40% से बढ़ाकर 6.50% कर दी गई है, जबकि सीनियर सिटीजन के लिए यह 6.90% से बढ़ाकर 7% हो गई है.