दिल्ली-UP-बिहार समेत कई राज्यों में IMD का ऑरेंज अलर्ट; बारिश, आंधी और ओले की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में फिलहाल मौसम अस्थिर बना हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश, आंधी और ओले का दौर जारी रहेगा. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है. आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के साथ तापमान में तेज बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है.

क्या है मौसम का हाल

IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में तेज बारिश, आंधी और ओले का दौर शुरू हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 8 और 9 अप्रैल को कई राज्यों में तेज मौसम गतिविधियां देखने को मिलेंगी.

पिछले 24 घंटे में अलग अलग राज्यों में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों में ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं झारखंड, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में ओले गिरे हैं. इसके अलावा देश के कई हिस्सों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं जारी रहेंगी.

यूपी में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में आने वाले 7 दिनों में मौसम लगातार बदलता रहेगा और तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. पहले 48 घंटों यानी शुरुआती दो दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा. इसके बाद अगले 24 घंटों में तापमान में अचानक तेज उछाल आएगा और यह 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है. इसके बाद भी तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे गर्मी तेजी से बढ़ेगी.

वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी शुरुआत के 48 घंटों में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी. लेकिन इसके बाद 2 से 3 दिनों के दौरान रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे रातें थोड़ी ठंडी महसूस होंगी. इसके बाद फिर से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी.

8 अप्रैल को कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 8 अप्रैल के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि मौसम खतरनाक हो सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है. उत्तर भारत के राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की आंधी आने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले भी गिरेंगे.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में 8 और 9 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी. तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 9 और 10 अप्रैल को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन तेज हवाएं चलती रहेंगी. तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.

इसे भी पढ़ें- रोज कितना तेल खाना है सही, ज्यादा सेवन बन सकता है बीमारी की वजह, FSSAI ने बताई हेल्दी लिमिट