बेरोजगार युवाओं को 24 हजार दे रही बिहार सरकार, जानें किसे मिलता है लाभ, ऐसे करें आवेदन
आज के समय में कई शिक्षित युवा नौकरी न मिलने के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. ऐसे युवाओं को सहारा देने के लिए सरकार द्वारा स्वयं सहायता भत्ता योजना शुरू की गई है. यह योजना बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने में मदद करती है.
Mukhyamantri Nischay Swayam Sahayata Bhatta Yojna: आज भी हमारे देश में कई पढ़े-लिखे लोग ऐसे हैं जिन्हें शिक्षा पूरी करने के बाद भी नौकरी नहीं मिल पाती. ऐसी स्थिति में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना शुरू की है. इस योजना के तहत राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि उन्हें पैसों की कमी से परेशान न होना पड़े. इस योजना में पात्र आवेदकों को दो साल तक हर महीने 1000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है.
इस योजना के क्या हैं लाभ?
इस योजना के तहत योग्य आवेदकों को हर महीने 1000 रुपये की स्वयं सहायता भत्ता राशि दी जाती है. यह राशि अधिकतम दो साल तक दी जाती है. इसका उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें और नौकरी की तलाश जारी रख सकें. यानी दो साल में 24 हजार रुपये का लाभ मिल सकता है.
किसे मिलता है लाभ?
इस योजना का लाभ 20 से 25 वर्ष के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां ले सकते हैं, जिन्होंने कम से कम 12वीं कक्षा पास की हो और जो आगे पढ़ाई नहीं कर रहे हों. आवेदक बिहार राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए और उसे किसी अन्य प्रकार की सरकारी या गैर-सरकारी नौकरी, भत्ता, छात्रवृत्ति या लोन का लाभ नहीं मिल रहा होना चाहिए. यदि आवेदक को नौकरी या स्वरोजगार मिल जाता है तो उसका भत्ता बंद कर दिया जाएगा. साथ ही, योजना के तहत भाषा और कंप्यूटर का प्रशिक्षण लेना भी जरूरी है.
कैसे करें आवेदन?
- सबसे पहले आवेदक को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “New Registration” पर क्लिक करना होगा.
- इसके बाद अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरकर चित्र में दिए गए अक्षर दर्ज करें और “Send OTP” पर क्लिक करें.
- प्राप्त OTP दर्ज करके अपनी पहचान वेरिफाई करें.
- फिर होम पेज पर जाकर प्राप्त यूजरनेम और पासवर्ड से लॉगिन करें.
- पर्सनल इंफॉर्मेशन पेज पर अपनी आवश्यक जानकारी भरें.
- सभी जानकारी भरने के बाद “Submit” बटन पर क्लिक करें और डिटेल्स की पुष्टि के लिए “OK” दबाएं.
- इसके बाद “Next” पर क्लिक करें और जिस योजना के लिए आवेदन करना है उसे चुनें.
- ड्रॉप-डाउन मेन्यू से योजना चुनकर फॉर्म भरें और घोषणा (Declaration) पर हस्ताक्षर करें.
- अंत में पुष्टि संदेश दिखाई देगा और आवेदन की रसीद की PDF कॉपी प्राप्त होगी.
