PAN Card Rules: बैंक से प्रॉपर्टी तक इन 17 कामों में जरूरी है PAN, बड़े ट्रांजेक्शन करने से पहले जान लें नियम; देखे पूरी लिस्ट
PAN अब केवल ITR तक सीमित नहीं है बल्कि बड़े फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन में अनिवार्य हो गया है. आयकर नियम 114B के तहत 17 ऐसे ट्रांजेक्शन तय किए गए हैं जहां PAN देना जरूरी है जैसे बैंक खाता खोलना, प्रॉपर्टी खरीदना, निवेश करना या 2 लाख रुपये से ज्यादा की खरीदारी. कैश ट्रांजैक्शन और FD पर भी सख्ती बढ़ी है.

PAN अब सिर्फ ITR भरने तक सीमित नहीं है बल्कि हर बड़े फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन का जरूरी हिस्सा बन गया है. इनकम टैक्स डिपॉर्टमेंट ने नियम 114B के तहत कई ऐसे ट्रांजैक्शन तय किए हैं जहां PAN देना अनिवार्य है. इसका मकसद टैक्स चोरी पर रोक लगाना और सिस्टम में ट्रांसपेरेंसी बढ़ाना है. अगर आप बैंक, प्रॉपर्टी, निवेश या बड़ी खरीदारी करते हैं तो आपको इन नियमों की जानकारी होना जरूरी है. अप्रैल 2026 से PAN आवेदन प्रक्रिया में भी बदलाव हुए हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं पूरा नियम.
PAN कहां देना है जरूरी
आयकर नियमों के अनुसार कई हाई वैल्यू ट्रांजैक्शन में PAN देना अनिवार्य कर दिया गया है. इसमें गाड़ी खरीदना या बेचना शामिल है, खासकर दो पहिया वाहन को छोड़कर. बैंक या कोऑपरेटिव बैंक में खाता खोलते समय भी PAN देना जरूरी होता है. इसके अलावा डिमैट अकाउंट खोलने या क्रेडिट और डेबिट कार्ड के लिए आवेदन करते समय भी PAN अनिवार्य है. इन नियमों का मकसद हर बड़े फाइनेंशियल एक्टिविटी को ट्रैक करना है.
कैश ट्रांजैक्शन पर सख्ती
कैश में बड़े पेमेंट पर भी PAN देना जरूरी होता है. अगर आप किसी होटल या रेस्टोरेंट में एक बार में 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश देते हैं तो PAN देना होगा. विदेश यात्रा या विदेशी मुद्रा खरीदने पर भी यही नियम लागू होता है. इसके अलावा बैंक से ड्राफ्ट या पे ऑर्डर खरीदते समय 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश देने पर भी PAN जरूरी है. इससे कैश ट्रांजैक्शन पर निगरानी मजबूत होती है.
निवेश और इंश्योरेंस में PAN जरूरी
अगर आप म्यूचुअल फंड, बॉन्ड या डिबेंचर में 50 हजार रुपये से ज्यादा निवेश करते हैं तो PAN देना जरूरी है. RBI बॉन्ड खरीदने पर भी यही नियम लागू होता है. लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम अगर सालभर में 50 हजार रुपये से ज्यादा है तो PAN देना होगा. सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन में भी एक लाख रुपये से ज्यादा के सौदे पर PAN जरूरी है. इससे निवेश में ट्रांसपेरेंसी बनी रहती है.
बैंक और जमा से जुड़े नियम
बैंक में कैश जमा करने के नियम भी कड़े हैं. एक दिन में 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश जमा करने पर PAN देना होगा. टाइम डिपॉजिट यानी FD अगर 50 हजार से ज्यादा है या सालभर में 5 लाख से ज्यादा हो जाता है तो भी PAN जरूरी है. यह नियम बैंक, पोस्ट ऑफिस, NBFC और निधि कंपनियों पर लागू होता है. इससे बड़ी रकम की मूवमेंट पर नजर रखी जाती है.
प्रॉपर्टी और बड़ी खरीद पर नियम
अगर आप 10 लाख रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी खरीदते या बेचते हैं तो PAN देना अनिवार्य है. स्टाम्प वैल्यू 10 लाख से ज्यादा होने पर भी यह नियम लागू होगा. इसके अलावा किसी भी सामान या सेवा की खरीद अगर 2 लाख रुपये से ज्यादा है तो PAN देना जरूरी है. अनलिस्टेड शेयर खरीदने या बेचने पर 1 लाख रुपये से ज्यादा की डील में भी PAN देना होगा.
ये भी पढ़ें-महंगाई भत्ता 2% बढ़ा, लेकिन सैलरी में कितना फायदा? Level 1 से 18 तक पूरी गणित; सरकार पर कितना पड़ेगा खर्च
अप्रैल 2026 से PAN आवेदन में बदलाव
1 अप्रैल 2026 से PAN आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. अब सिर्फ Aadhaar के आधार पर PAN बनवाना संभव नहीं होगा. आवेदक को जन्म तिथि का अतिरिक्त प्रमाण देना जरूरी होगा. इसके लिए बर्थ सर्टिफिकेट, वोटर ID, दसवीं का सर्टिफिकेट, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे. इसके अलावा पुराने फॉर्म 49AA की जगह नए फॉर्म 95 और 96 लागू किए गए हैं. ये फॉर्म खासतौर पर विदेशी नागरिकों और विदेशी संस्थाओं के लिए बनाए गए हैं.