8th Pay Commission: सैलरी-पेंशन बढ़ाने का देना है सुझाव? 30 अप्रैल तक भेजें मेमोरेंडम; सरकार ने दिया मौका

8वें वेतन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मेमोरेंडम जमा करने की अंतिम तारीख 30 अप्रैल तक खुली है. 20 अप्रैल की डेडलाइन केवल यूनियनों की प्रारंभिक बैठकों के लिए थी. अब कर्मचारी, पेंशनर्स और दूसरे हितधारक अपने सुझाव दे सकते हैं. भारत सरकार ने 8th Pay Commission का गठन केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन संरचना की समीक्षा के लिए किया गया है.

8वें वेतन आयोग पर बड़ा अपडेट Image Credit: @Money9live

8th Pay Commission Update: 8वें वेतन आयोग से जुड़ा एक बड़ा अपडेट आया है, जिसने कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच चल रही भ्रम की स्थिति को खत्म कर दिया है. सरकार ने साफ कर दिया है कि मेमोरेंडम जमा करने की अंतिम तारीख 30 अप्रैल तक खुली है, जिससे अब सभी हितधारकों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिल गया है.

क्या है पूरा मामला?

8th पे कमीशन से जुड़े ताजा प्रेस रिलीज के अनुसार 20 अप्रैल को स्पष्ट किया गया कि मेमोरेंडम सबमिशन की प्रक्रिया अभी भी जारी है और इसे आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 30 अप्रैल तक जमा किया जा सकता है. यह स्पष्टीकरण उन सभी के लिए अहम है जो पहले की समयसीमा को लेकर असमंजस में थे.

दरअसल 20 अप्रैल की जो डेडलाइन बताई गई थी, वह केवल उन यूनियनों और एसोसिएशनों के लिए थी जो आयोग के साथ शुरुआती बैठकों में भाग लेना चाहते थे. यह समयसीमा अब समाप्त हो चुकी है, लेकिन आम कर्मचारी, पेंशनर्स और दूसरे संगठन अब भी अपने सुझाव और मांगें भेज सकते हैं.

क्यों बनाया गया 8वां वेतन आयोग ?

भारत सरकार ने 8th Pay Commission का गठन केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन संरचना की समीक्षा के लिए किया है. आमतौर पर हर 10 साल में वेतन आयोग का गठन किया जाता है ताकि वेतन ढांचा महंगाई, आर्थिक हालात और बदलती जिम्मेदारियों के अनुसार अपडेट किया जा सके.

इस आयोग की सिफारिशें लाखों कर्मचारियों और रिटायर्ड अधिकारियों के जीवन को सीधे प्रभावित करती हैं. साथ ही राज्य सरकारों के वेतन ढांचे पर भी इसका असर पड़ता है.

ताजा अपडेट में क्या खास है?

20 अप्रैल को जारी स्पष्टीकरण में दो अहम टाइमलाइन बताई गई हैं. पहली, यूनियनों और एसोसिएशनों के लिए जो पुणे या दिल्ली में शुरुआती बैठकों में शामिल होना चाहते थे, उनके लिए 20 अप्रैल तक मेमोरेंडम जमा करना जरूरी था. यह विंडो अब बंद हो चुकी है.

दूसरी और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बाकी सभी हितधारकों के लिए ऑनलाइन मेमोरेंडम सबमिशन की प्रक्रिया 30 अप्रैल तक जारी रहेगी. इसका मतलब है कि जो लोग पहले की समयसीमा चूक गए थे, वे अब भी अपने सुझाव आयोग तक पहुंचा सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- राजनाथ सिंह के विदेश दौरे का असर! डिफेंस स्टॉक्स बने बाजार के स्टार, 11% तक आई रैली, रडार पर रखें शेयर