PMIS 3.0: PM इंटर्नशिप स्कीम में बड़ा बदलाव, ₹5000 नहीं… अब मिलेंगे ₹9000 महीना, 18 साल के छात्र भी कर सकते हैं अप्लाई

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) को और बेहतर बनाते हुए युवाओं के लिए बड़ा मौका दिया है. अब इंटर्न्स को हर महीने ₹9,000 स्टाइपेंड मिलेगा और ज्यादा छात्र इसमें आवेदन कर सकेंगे. योजना का मकसद पढ़ाई के साथ प्रैक्टिकल अनुभव देकर युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करना और उनके करियर की शुरुआत को आसान बनाना है.

पीएम इंटर्नशिप योजना Image Credit: money9live.com

Prime Minister Internship Scheme 3.0: सरकार ने युवाओं के लिए चल रही प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) को और आकर्षक बना दिया है. अब इस योजना के तहत मिलने वाला मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर ₹9,000 कर दिया गया है, जो पहले ₹5000 था. साथ ही, योजना की पात्रता और दायरा भी बढ़ाया गया है, जिससे ज्यादा छात्र इसका फायदा उठा सकेंगे.

स्टाइपेंड बढ़कर ₹9,000 हुआ

सरकार ने योजना के तीसरे चरण में इंटर्नशिप करने वाले युवाओं के लिए मासिक वित्तीय सहायता ₹5,000 से बढ़ाकर ₹9,000 कर दी है. इसमें से 90% खर्च सरकार उठाएगी. इसके अलावा, इंटर्न्स को ₹6,000 की अतिरिक्त सहायता भी दो किस्तों में दी जाएगी. यह इंटर्नशिप पूरे एक साल की होगी. इस तरह से इंटर्न को इंटर्नशिप के दौरान सरकार 1 लाख 14 हजार रुपये देगी.

अब 18 से 25 साल के छात्र कर सकते हैं आवेदन

योजना के तहत उम्र सीमा को बढ़ाकर 18 से 25 साल कर दिया गया है, जबकि पहले यह 21 से 24 साल थी. अब फाइनल ईयर के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्र भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, उन्हें अपने संस्थान से NOC लेना जरूरी होगा.

पढ़ाई के साथ मिलेगा काम का अनुभव

इस योजना का मकसद छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव देना है. इससे वे असली कामकाजी माहौल में अपनी स्किल्स को बेहतर बना सकेंगे. इसमें कम्युनिकेशन, टीमवर्क और प्रॉब्लम सॉल्विंग जैसी जरूरी स्किल्स पर भी फोकस रहेगा.

बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर

सरकार का लक्ष्य अगले पांच साल में 10 मिलियन यानी 1 करोड़ युवाओं को देश की टॉप 500 कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका देना है. अभी तक 300 से ज्यादा कंपनियां इस योजना से जुड़ चुकी हैं. साथ ही, इंटर्न्स को Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana और Pradhan Mantri Suraksha Bima Yojana के तहत बीमा कवर भी मिलेगा. यह योजना युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करने और पढ़ाई से रोजगार तक का सफर आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगी.

यह भी पढ़ें: 2046 में कितनी होगी 1 करोड़ की वैल्यू, रिटायरमेंट के लिए बचा रहे हैं पैसा; ये फैक्टर्स बिगाड़ सकते हैं आपकी प्लानिंग