बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर साल 18 हजार दे रही उत्तर प्रदेश सरकार, जानें किसे मिलता है लाभ, कैसे करें अप्लाई

बेरोजगारी आज के युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है, जो उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से प्रभावित करती है. शिक्षित होने के बावजूद कई युवा लंबे समय तक नौकरी से वंचित रहते हैं. इस समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू की है, जिसके तहत युवाओं को आर्थिक सहायता और रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाते हैं.

Berojgari Bhatta Yojna: युवाओं के लिए बेरोजगारी न सिर्फ आर्थिक बल्कि मानसिक परेशानी की भी बड़ी वजह बनती है. कई बार शिक्षित युवाओं को अवसर नहीं मिलने पर वे वर्षों तक नौकरी से वंचित रहते हैं. इससे उन पर आर्थिक के साथ-साथ मानसिक दबाव भी बढ़ता है. राज्य सरकारें उनकी इस परेशानी को दूर करने के लिए अलग-अलग योजनाएं शुरू करती हैं. इन योजनाओं के तहत न सिर्फ उन्हें आर्थिक सहायता दी जाती है, बल्कि नौकरी पाने के लिए आवश्यक कौशल और नए अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं. उत्तर प्रदेश सरकार की Berojgari Bhatta Yojna भी इसी उद्देश्य के साथ शुरू की गई है. इस योजना के तहत युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ नए अवसर प्रदान किए जाते हैं और जब तक उन्हें नौकरी नहीं मिलती, तब तक हर महीने एक निश्चित राशि आर्थिक सहायता के रूप में दी जाती है.

क्या है Berojgari Bhatta Yojna?

इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के शिक्षित युवाओं को आर्थिक सहायता देना है, जो नौकरी की तलाश कर रहे हैं. कई बार पढ़े-लिखे और प्रतिभाशाली युवा आर्थिक तंगी के कारण सरकारी या अन्य नौकरियों के लिए आवेदन नहीं कर पाते. यह योजना ऐसे युवाओं की मदद करती है ताकि वे अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें और नौकरी मिलने तक आर्थिक रूप से सहारा पा सकें.

हर साल ₹18000 तक मदद

इस योजना के तहत सरकार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये तक की आर्थिक सहायता देती है. साथ ही एक ही पोर्टल पर प्राइवेट और सरकारी नौकरियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है. इसमें ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी है और युवा अपनी पसंद के अनुसार नौकरी को कैटेगरी, स्थान, विभाग और वेतन के आधार पर आसानी से खोज सकते हैं. यानी हर साल उत्तर प्रदेश की सरकार बेरोजगार युवाओं को 18 हजार रुपये तक मदद करते हैं.

किसे मिलता है लाभ?

  • आवेदक उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना चाहिए.
  • कम से कम 10वीं कक्षा (हाई स्कूल) पास होना जरूरी है.
  • उम्मीदवार बेरोजगार होना चाहिए, यानी किसी सरकारी या निजी नौकरी में कार्यरत नहीं होना चाहिए.
  • आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
  • परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से मिलाकर 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.

कैसे करें आवेदन?

  • सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • होमपेज पर “New Account” पर क्लिक करके नया पंजीकरण करें.
  • रजिस्ट्रेशन फॉर्म में सही जानकारी भरकर सबमिट करें.
  • लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें और अपनी प्रोफाइल पूरी करें.
  • अंत में “Submit” बटन पर क्लिक करके आवेदन को अंतिम रूप से जमा कर दें.