घर खरीदने जा रहे हैं? सर्किल रेट का खेल समझ लीजिए, नहीं तो देना पड़ सकता है ज्यादा डाउन पेमेंट
घर खरीदते समय सिर्फ मार्केट रेट ही नहीं, सर्किल रेट भी आपकी जेब और होम लोन को प्रभावित करता है. जानिए सर्किल रेट क्या होता है, कैसे तय होता है और यह आपके कुल खर्च को कैसे बदल सकता है.

रियल एस्टेट की दुनिया में जब भी आप घर या जमीन खरीदने निकलते हैं, तो ‘मार्केट रेट’ के साथ एक और शब्द बार-बार कान में पड़ता है- सर्किल रेट. जिसे कई राज्यों में ‘रेडी रेकनर रेट’ भी कहा जाता है. सरल शब्दों में कहें तो यह वह न्यूनतम दर है, जिसे राज्य सरकार तय करती है. आप इसी रेट के आधार पर अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराते हैं और स्टांप ड्यूटी चुकाते हैं.
यह सरकारी आंकड़ा आपकी जेब पर पड़ने वाले बोझ और आपके होम लोन की लिमिट को सीधे तौर पर तय करता है. इसलिए इसके हर पहलू को समझना जरूरी है.
सर्किल रेट को प्रभावित करने वाले मुख्य कारक
सरकार हर साल या दो-तीन साल के अंतराल पर इन दरों की समीक्षा करती है. कोई क्षेत्र कितना ‘पॉश’ है, वहां सुविधाएं कैसी हैं, इन सब बातों का असर रेट पर पड़ता है. नीचे दी गई टेबल से समझिए कि यह दरें कैसे तय होती हैं:
| कारक | प्रभाव का कारण |
| लोकेशन | अच्छी कनेक्टिविटी और पॉश इलाकों में रेट हमेशा ऊंचे होते हैं. |
| प्रॉपर्टी का प्रकार | कमर्शियल (दुकान/ऑफिस) का रेट रेजिडेंशियल (घर) से अधिक होता है. |
| सुविधाएं | पास में स्कूल, अस्पताल या मेट्रो स्टेशन होने पर रेट बढ़ जाते हैं. |
| स्वामित्व (Ownership) | फ्रीहोल्ड और लीजहोल्ड प्रॉपर्टी की दरें अलग-अलग होती हैं. |
| उम्र और आकार | पुरानी और छोटी प्रॉपर्टी के लिए दरें अक्सर कम रखी जाती हैं. |
क्यों जरूरी है सर्किल रेट का खेल?
सर्किल रेट का मुख्य उद्देश्य रियल एस्टेट में होने वाली कालाबाजारी को रोकना है. अक्सर लोग स्टांप ड्यूटी बचाने के लिए कागजों पर प्रॉपर्टी की कीमत कम दिखाते हैं. सर्किल रेट एक ‘बेंचमार्क’ सेट कर देता है कि इससे नीचे तो रजिस्ट्री हो ही नहीं सकती.
गणित समझिए: मान लीजिए किसी प्रॉपर्टी की मार्केट वैल्यू ₹1 करोड़ है, लेकिन सरकार ने उस इलाके का सर्किल रेट ₹1.5 करोड़ तय किया हुआ है. ऐसी स्थिति में आपको ₹1.5 करोड़ की वैल्यू पर ही टैक्स और स्टांप ड्यूटी देनी होगी. यह सुनिश्चित करता है कि सरकारी खजाने में राजस्व की सही मात्रा पहुंचे.
खरीदारों के लिए यह क्यों है अहम?
- कुल खर्च का अंदाजा: घर की कीमत सिर्फ बिल्डर को दिए जाने वाले चेक तक सीमित नहीं है. स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस (जो सर्किल रेट या ट्रांजैक्शन वैल्यू, जो भी ज्यादा हो, उस पर लगती है) आपके बजट का बड़ा हिस्सा होती है
- बाजार भाव की पहचान: सर्किल रेट से आपको यह समझने में मदद मिलती है कि बिल्डर आपसे कहीं ज्यादा पैसे तो नहीं वसूल रहा. यह एक तरह का ‘फेयर प्राइस’ इंडिकेटर है.
- होम लोन में भूमिका: बैंक आपकी लोन एलिजिबिलिटी तय करने के लिए सर्किल रेट को आधार मानता है.
होम लोन और डाउन पेमेंट का सीधा कनेक्शन
यही वह बिंदु है जहां सर्किल रेट आपको चौंका सकता है. बैंक लोन देते समय LTV (Loan-to-Value) रेशियो देखते हैं. नियम यह है कि बैंक सर्किल रेट और वास्तविक कीमत में से जो कम होगा, उसे आधार मानकर लोन देगा.
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला! स्मार्ट प्रीपेड मीटर में अब नहीं कटेगी बिजली, 15 दिन का मिलेगा ग्रेस पीरियड
उदाहरण के लिए, अगर सर्किल रेट कम है और मार्केट रेट ज्यादा, तो बैंक कम वाली वैल्यू पर ही लोन फाइनेंस करेगा. इसका मतलब है कि बैंक से मिलने वाला पैसा कम हो जाएगा और आपको अपनी जेब से ‘डाउन पेमेंट’ के तौर पर ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे.
इसलिए, अगली बार जब आप अपने सपनों का घर देखने जाएं, तो उस इलाके के सर्किल रेट की जानकारी लेना न भूलें. यह छोटा सा कदम आपको बजट की बड़ी गड़बड़ियों से बचा सकता है.