अब ऑनलाइन गेम पर नया टैक्स सिस्टम, 30% तक देनी पड़ सकती है कमाई; जानें लूडो, चेस और e-sports का नियम
मोबाइल गेमिंग अब सिर्फ टाइमपास नहीं, टैक्स का मामला बन गया है. 1 मई से लागू नए नियमों के तहत ऑनलाइन मनी गेम्स पर 30% फ्लैट टैक्स लगेगा, चाहे आप जीते हों या नहीं. गेम का चुनाव अब आपकी कमाई नहीं, बल्कि टैक्स की देनदारी तय करेगा.
क्या आप भी “बस एक गेम” के चक्कर में मोबाइल ऐप खोलते हैं और घंटों बिता देते हैं? भारत में ऑनलाइन गेमिंग का रोमांच अब सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा है. 1 मई से लागू हुए नए नियमों ने गेमिंग की दुनिया को बदल कर रख दिया है. अब आपकी टैक्स की देनदारी इस बात पर तय नहीं होगी कि आपने कितना जीता, बल्कि इस पर निर्भर करेगी कि आपने किस तरह का गेम चुना है.
गेमिंग का गणित- दांव लगाया तो देना होगा भारी टैक्स
नए ढांचे के तहत खेलों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है. सबसे ज्यादा सख्ती ‘ऑनलाइन मनी गेम्स’ पर किया गया है.
- ऑनलाइन मनी गेम: अगर आप पैसा जीतने की उम्मीद में दांव (Staking) लगा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए. इस कैटेगरी में होने वाली कमाई पर सीधा 30% फ्लैट टैक्स लगेगा.
- नुकसान की भरपाई नहीं: आप अपने हारने वाले पैसों (Losses) को जीतने वाली राशि से घटा नहीं सकते.
- छिपाया तो पछताएंगे: अगर आपने यह आय छिपाई और बाद में पकड़ में आई, तो जुर्माना और टैक्स मिलाकर आपकी कुल जीत से भी ज्यादा पैसा सरकार के पास जा सकता है.
e-Sports और सोशल गेम्स
e-Sports को कौशल (Skill) पर आधारित माना गया है, न कि सट्टेबाजी पर. इनमें नियमों और रैंकिंग के साथ पेशेवर मुकाबले होते हैं.
नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट, 2025 के तहत मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट्स में मिलने वाली इनामी राशि पर इंटरनेट आधारित होने की स्थिति में 30% TDS कटता है. हालांकि, LAN-आधारित इवेंट्स पर सामान्य इनकम टैक्स नियम लागू हो सकते हैं. क्विज या पजल जैसे गेम्स, जहां आप सिर्फ मनोरंजन के लिए खेलते हैं और कोई पैसा दांव पर नहीं लगाते, वहां यूजर पर कोई टैक्स नहीं लगता.
Tax Liability Cheatsheet: एक नजर में समझें पूरा खेल
| गेम का प्रकार | उदाहरण | कानूनी स्थिति | टैक्स का असर |
| ऑनलाइन मनी गेम | Dream11, पोकर, रम्मी सर्कल | प्रतिबंधित | फ्लैट 30% टैक्स + TDS; नुकसान की भरपाई नहीं |
| e-sports | मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट्स, स्ट्रक्चर्ड गेमिंग | अनुमति | इंटरनेट आधारित जीत पर 30% फ्लैट टैक्स |
| सोशल गेम | क्विज ऐप्स, ई-लूडो, चेस (बिना सट्टे के) | अनुमति | यूजर्स पर कोई इनकम टैक्स नहीं |
| टोकन या क्रेडिट | इन-गेम कॉइन्स या वर्चुअल करेंसी | पैसे के समान (Treated as money) | इसे ‘मनी गेम’ मानकर उसी हिसाब से टैक्स लगेगा |
अगली बार किसी ऐप पर पैसे लगाने से पहले खुद से पूछें, क्या मैं स्किल के लिए पैसे दे रहा हूं या पैसे जीतने के लिए दांव लगा रहा हूं? आपका यही छोटा सा सवाल आपका टैक्स बिल तय करेगा.
Latest Stories
₹69,000 बेसिक सैलरी, 6% इंक्रीमेंट की मांग; 8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों की होगी बल्ले-बल्ले!
8.2% तक फिक्स्ड रिटर्न दे रही 6 स्कीम, रिस्क जीरो, मुनाफा बना देगा हीरो, इन योजनाओं को मिलता है सरकार का सपोर्ट
होम लोन में नहीं कवर होते घर के हादसे, गाजियाबाद-दिल्ली AC ब्लास्ट से लें सबक, जानें क्या होता होम इंश्योरेंस
