कर्ज घटाया, बैलेंस शीट सुधारी… इन 3 कंपनियों ने 100% तक कम किया डेट; 5 साल में दिया 1472% तक का रिटर्न

पिछले करीब ढाई साल में भारत की कई कंपनियों ने अपने कर्ज को तेजी से कम किया है. मार्च 2023 से सितंबर 2025 के बीच कुछ कंपनियों ने अपने कर्ज में बड़ी कटौती की है, जबकि कुछ कंपनियां पूरी तरह कर्ज मुक्त भी हो गई हैं. इससे उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है.

कर्ज मुक्त Image Credit: money9live

Debt Free Stocks: शेयर बाजार में निवेश करते समय ज्यादातर निवेशक कंपनी के मुनाफे और ग्रोथ पर ध्यान देते हैं. लेकिन किसी कंपनी की असली मजबूती उसकी बैलेंस शीट से भी समझी जा सकती है. कम कर्ज का मतलब होता है कम ब्याज खर्च, बेहतर कैश फ्लो और भविष्य में नए प्रोजेक्ट्स में निवेश करने की ज्यादा क्षमता. पिछले करीब ढाई साल में भारत की कई कंपनियों ने अपने कर्ज को तेजी से कम किया है.

मार्च 2023 से सितंबर 2025 के बीच कुछ कंपनियों ने अपने कर्ज में बड़ी कटौती की है, जबकि कुछ कंपनियां पूरी तरह कर्ज मुक्त भी हो गई हैं. इससे उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है. ऐसे माहौल में बाजार के कुछ स्टॉक्स खास चर्चा में हैं. इनमें GPT Infraprojects, Bombay Burmah Trading Corporation और Force Motors जैसी कंपनियां शामिल हैं, जिन्होंने अपने कर्ज में बड़ी कमी की है.

GPT Infraprojects

GPT Infraprojects की स्थापना 1980 में हुई थी और यह कोलकाता स्थित GPT ग्रुप की प्रमुख कंपनी है. कंपनी मुख्य रूप से रेलवे से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम करती है. इसके अलावा कंपनी रेलवे के लिए कंक्रीट स्लीपर भी बनाती है और भारत के साथ अफ्रीका में भी सप्लाई करती है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1,339 करोड़ रुपये है. हाल ही में इसके शेयर करीब 106 रुपये पर बंद हुए.

यह पिछले दिन के मुकाबले 6.65 प्रतिशत नीचे थे. कंपनी ने अपने कर्ज को काफी हद तक कम किया है. मार्च 2023 में जहां कंपनी पर 252 करोड़ रुपये का कर्ज था, वहीं सितंबर 2025 तक यह घटकर 180 करोड़ रुपये रह गया. यानी करीब 28.5 प्रतिशत की कमी आई है. Q3 FY26 तक कंपनी के पास करीब 15 करोड़ रुपये का कैश भी मौजूद है.

Bombay Burmah Trading Corporation

Bombay Burmah Trading Corporation की स्थापना 1863 में हुई थी और यह वाडिया ग्रुप की प्रमुख कंपनी है. कंपनी चाय, कॉफी, बिस्किट, डेयरी प्रोडक्ट, ऑटो इलेक्ट्रिक और हेल्थकेयर जैसे कई अलग-अलग कारोबार में मौजूद है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 10,757 करोड़ रुपये है. इसके शेयर करीब 1,541.80 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 4.94 प्रतिशत नीचे थे.

मार्च 2023 में कंपनी पर करीब 6,542 करोड़ रुपये का कर्ज था. लेकिन सितंबर 2025 तक कंपनी ने इसे घटाकर 2,464 करोड़ रुपये कर दिया. यानी करीब 62.3 प्रतिशत की कमी आई है. Q3 FY26 तक कंपनी के पास करीब 989 करोड़ रुपये का कैश भी मौजूद है, जिससे इसकी वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है.

Force Motors

Force Motors की स्थापना 1958 में हुई थी. कंपनी छोटे और हल्के कमर्शियल वाहन, मल्टी-यूटिलिटी वाहन और कृषि ट्रैक्टर बनाती है. इसके वाहन मध्य पूर्व, एशिया, लैटिन अमेरिका और अफ्रीका जैसे कई देशों में निर्यात भी किए जाते हैं. कंपनी का मार्केट कैप करीब 26,908 करोड़ रुपये है. इसके शेयर करीब 20,646.90 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 3.22 प्रतिशत नीचे थे.

कंपनी ने अपने कर्ज को पूरी तरह खत्म कर दिया है. मार्च 2023 में कंपनी पर 955 करोड़ रुपये का कर्ज था, लेकिन सितंबर 2025 तक यह शून्य हो गया. यानी कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त हो गई है. Q3 FY26 तक कंपनी के पास करीब 505 करोड़ रुपये का कैश मौजूद है.

डेटा सोर्स: TB, Groww

इसे भी पढ़ें- उबलते क्रूड से कोहराम! सेंसेक्स 1352 अंक फिसला, IT इंडेक्स छोड़ सभी टूटे, निवेशकों के ₹8 लाख करोड़ डूबे

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.