52-वीक लो से 284% तक उछले ये 5 स्टॉक, BHEL से लेकर Vodafone Idea तक लिस्ट में शामिल; रखें नजर

शेयर बाजार में आई रिकवरी के बीच कई शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. NIFTY500 की कुछ कंपनियों के शेयर अपने 52-वीक लो से 100% से लेकर 284% तक उछल चुके हैं. इस सूची में Ather Energy, HFCL, BHEL, Kirloskar Oil Engines और Vodafone Idea जैसे शेयर शामिल हैं, जिनमें बेहतर नतीजों, नए ऑर्डर के चलते जोरदार तेजी देखने को मिली है.

शेयर मार्केट Image Credit: AI Generated

भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों से रिकवरी देखने को मिली है. सेंसेक्स और निफ्टी अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से करीब 9% और 9.5% तक चढ़ चुके हैं. इस तेजी के बीच NIFTY500 की कई कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है. इनमें Ather Energy, HFCL, BHEL, Kirloskar Oil Engines और Vodafone Idea जैसे शेयर शामिल हैं, जिन्होंने अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर से 100% से अधिक की तेजी दर्ज की है.

Ather Energy ने दिया सबसे ज्यादा 284% रिटर्न

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली Ather Energy का शेयर अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर ₹329.20 से बढ़कर ₹1,270 के पार पहुंच गया, यानी करीब 284% की तेजी दर्ज की.

इस तेजी की बड़ी वजह Hero MotoCorp द्वारा Ather Energy में ₹1,000 करोड़ के अतिरिक्त निवेश की घोषणा रही. इसके अलावा कंपनी ने किफायती सेगमेंट के लिए नई EL प्लेटफॉर्म पर आधारित इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की योजना भी बताई है, जिसकी कीमत ₹1 लाख से ₹1.25 लाख के बीच रहने की संभावना है.

HFCL में 275% की शानदार छलांग

टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑप्टिकल फाइबर समाधान देने वाली HFCL का शेयर ₹59.82 से बढ़कर ₹225 तक पहुंच गया, जो करीब 275% की बढ़त है.

हाल ही में कंपनी को 51.98 मिलियन डॉलर का एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है. इससे पहले Rail Vikas Nigam Limited (RVNL) से ₹2,666.09 करोड़ का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट भी मिला था. कंपनी का ऑर्डर बुक ₹21,000 करोड़ से अधिक है और मार्च तिमाही में कंपनी ने अब तक का सबसे अच्छा वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया.

BHEL के शेयर ने भी दोगुने से ज्यादा रिटर्न दिए

सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी BHEL का शेयर ₹205 से बढ़कर ₹422 तक पहुंच गया, जिससे निवेशकों को करीब 100% का रिटर्न मिला.

कंपनी ने पहली तिमाही में ₹376.71 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में उसे घाटा हुआ था. इसके अलावा ऑपरेशन से आय 40% बढ़कर ₹7,698 करोड़ रही. पावर सेगमेंट की आय में भी 52% के करीब बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Kirloskar Oil Engines में 180% की तेजी

Kirloskar Oil Engines का शेयर ₹855.80 से बढ़कर ₹2,394.90 तक पहुंच गया और करीब 180% का रिटर्न दिया.

कंपनी को हाल ही में भारत में हाइपरस्केल डेटा सेंटर के लिए 192 मेगावाट पावर सिस्टम की सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है. इसके तहत कंपनी 96 यूनिट 2500 kVA Optiprime Dual Core पावर सिस्टम की आपूर्ति करेगी.

Vodafone Idea को सरकारी राहत का मिला फायदा

टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) का शेयर ₹6.12 से बढ़कर ₹13 के पार पहुंच गया, यानी करीब 127% की तेजी आई.

कंपनी को सरकार से AGR बकाया में बड़ी राहत मिली. सरकार ने कंपनी की AGR देनदारी घटाकर ₹64,046 करोड़ कर दी और भुगतान के लिए पांच साल की मोहलत भी दी. इस फैसले के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिली.

इन शेयरों पर बाजार की नजर क्यों है?

इन पांचों कंपनियों में तेजी के पीछे मजबूत ऑर्डर बुक, बेहतर तिमाही नतीजे, सरकारी समर्थन और भविष्य की विकास योजनाएं प्रमुख कारण रहे हैं. हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी तेज बढ़त के बाद निवेशकों को किसी भी नए निवेश से पहले कंपनी के वैल्यूएशन और जोखिम का आकलन जरूर करना चाहिए.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.