Adani Enterprises के लिए बड़ा ट्रिगर! मिसाइल प्रोजेक्ट के बाद शिखर पर स्टॉक, 3 महीने में 75% चढ़े शेयर

प्रोजेक्ट के ऐलान के बाद Adani Enterprises का शेयर निवेशकों के फोकस में रहा. सोमवार को शेयर 0.35 फीसदी की बढ़त के साथ 3,223.30 रुपये पर कारोबार करता दिखा और दिन के दौरान 3,245 रुपये का नया 52-वीक हाई भी बनाया. पिछले तीन महीनों में इसमें 75.73 फीसदी की शानदार तेजी आई है.

अडानी समूह Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Adani Group की प्रमुख कंपनी Adani Enterprises का शेयर सोमवार को फोकस में रहा. कंपनी की डिफेंस यूनिट Adani Defence & Aerospace ने मध्य प्रदेश में 2,500 करोड़ रुपये की बड़ी मिसाइल इकोसिस्टम प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. इस खबर के बीच कंपनी के शेयरों ने नया 52-वीक हाई भी बनाया. कंपनी का मार्केट कैप करीब 4,10,956 करोड़ रुपये है. बीते 3 महीने में इसमें 75 फीसदी की तेजी देखने को मिली है.

क्या है पूरा प्रोजेक्ट?

Adani Defence & Aerospace मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दक्षिण एशिया का बड़ा मिसाइल निर्माण इकोसिस्टम स्थापित करेगी. इस प्रोजेक्ट पर करीब 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. यह भारत की पहली बैकवर्ड इंटीग्रेटेड निजी क्षेत्र की मिसाइल निर्माण सुविधा होगी, जहां मिसाइल सिस्टम इंटीग्रेशन, कंपोजिट प्रोपेलेंट और टीएनटी (Trinitrotoluene) का उत्पादन एक ही परिसर में किया जाएगा.

आधुनिक तकनीक से होगा निर्माण

नई यूनिट में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीक, ऑटोमेटेड प्रोडक्शन सिस्टम और वैश्विक सुरक्षा मानकों का इस्तेमाल किया जाएगा. यह सुविधा भारतीय सशस्त्र बलों और मित्र देशों के लिए कई मिसाइल कार्यक्रमों का उत्पादन करेगी. इनमें DRDO द्वारा विकसित NGARM, RUDRAM-II, NASM-SR, LRGB ‘Gaurav’ और TARA जैसे सिस्टम शामिल हैं, जिन्होंने सफल परीक्षण के बाद अब बड़े पैमाने पर उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ाया है.

ग्वालियर डिफेंस हब का विस्तार

यह प्रोजेक्ट कंपनी के ग्वालियर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब को भी मजबूती देगी, जिसकी शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी. यहां कंपनी भारतीय सशस्त्र बलों के लिए पिस्टल, कार्बाइन, असॉल्ट राइफल, लाइट मशीन गन और अन्य छोटे हथियारों का निर्माण करती है.

शेयर का प्रदर्शन

प्रोजेक्ट के ऐलान के बाद Adani Enterprises का शेयर निवेशकों के फोकस में रहा. सोमवार को शेयर 0.35 फीसदी की बढ़त के साथ 3,223.30 रुपये पर कारोबार करता दिखा और दिन के दौरान 3,245 रुपये का नया 52-वीक हाई भी बनाया.

  • पिछले एक सप्ताह में शेयर 6.10 फीसदी चढ़ा है.
  • पिछले तीन महीनों में इसमें 75.73 फीसदी की शानदार तेजी आई है.
  • पिछले एक साल में शेयर 27.92 फीसदी का रिटर्न दे चुका है.

इसे भी पढ़ें- ब्रांड नहीं, ब्रांड्स के पीछे की कंपनियां! रडार पर रखें ये 3 शेयर, क्लाइंट लिस्ट में PepsiCo, Coca-Cola, Nestle जैसे दिग्गज

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.