Sensex-Nifty गिरे, लेकिन CG Power दौड़ा! 47% की रैली के पीछे क्या है वजह, जानें अब कितनी तेजी है बाकी?
साल 2026 में जहां शेयर बाजार दबाव में रहा और सेंसेक्स में गिरावट देखने को मिली, वहीं CG पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. कंपनी के शेयर इस साल अब तक 47% से अधिक चढ़ चुके हैं. मजबूत वित्तीय नतीजों, पावर ट्रांसमिशन सेक्टर में बढ़ते निवेश और सेमीकंडक्टर कारोबार में विस्तार ने इस तेजी को नई ऊर्जा दी है.
CG Power & Industrial Solutions : साल 2026 शेयर बाजार के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. जहां सेंसेक्स में करीब 13 फीसदी और Nifty50 में 11 फीसदी की गिरावट देखने को मिली, वहीं कुछ चुनिंदा कंपनियों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया. इन्हीं में से एक है CG पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस, जिसके शेयर इस साल अब तक 47 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुके हैं और हाल ही में कंपनी ने 52 सप्ताह का नया हाई लेवल भी छुआ है.
मजबूत नतीजों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा
CG पावर की तेज रफ्तार के पीछे सबसे बड़ा कारण कंपनी का मजबूत वित्तीय प्रदर्शन है. वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 25 फीसदी से अधिक बढ़कर 3,519 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं मुनाफा 32.5 फीसदी बढ़कर 363 करोड़ रुपये हो गया. पूरे वित्त वर्ष 2026 में भी कंपनी की आय में 25 फीसदी और मुनाफे में 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ.
पावर ट्रांसमिशन सेक्टर में बड़े अवसर
CG पावर भारत के पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर की महत्वपूर्ण कंपनियों में शामिल है. देश में इस समय लगभग 5 लाख करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट विभिन्न चरणों में हैं. सरकार 2030 तक 500 गीगावाट नॉन-फॉसिल फ्यूल क्षमता हासिल करने के लक्ष्य पर काम कर रही है, जिसके लिए बड़े पैमाने पर पावर इंफ्रा का विस्तार किया जा रहा है. ऐसे में ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर और अन्य उपकरण बनाने वाली CG पावर को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
स्टॉक की चाल
- CMP – ₹937.85
- 1 महीने में – 11.49 फीसदी का उछाल
- 2026 में अब तक – 47.07 फीसदी की तेजी
- 3 साल में – 146 फीसदी भागा
सेमीकंडक्टर कारोबार बना नया ग्रोथ इंजन
पावर सेक्टर के अलावा कंपनी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. कंपनी की सहायक इकाई Axiro Semiconductor डिजाइन और रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) तकनीक पर काम कर रही है. इसके साथ ही CG Power गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग (OSAT) फैसिलिटी का विस्तार कर रही है. कंपनी ने FY26 में सेमीकंडक्टर कारोबार से लगभग 5 अरब रुपये का रेवेन्यू भी हासिल किया है.
निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत
हालांकि कंपनी के सामने ग्रोथ के कई अवसर मौजूद हैं, लेकिन शेयर का वैल्यूएशन भी काफी हाई हो चुका है. वर्तमान में यह लगभग 123 के पीई रेश्यो पर कारोबार कर रहा है, जो इंडस्ट्री के पीई रेश्यो 49 से दो गुना से अधिक है. ऐसे में आने वाले समय में कंपनी की कमाई और नए प्रोजेक्ट की सफलता पर निवेशकों की नजर रहेगी. यदि कंपनी दोनों क्षेत्रों, पावर ट्रांसमिशन और सेमीकंडक्टर, में मजबूत प्रदर्शन जारी रखती है, तो शेयर में आगे भी संभावनाएं बनी रह सकती हैं.
निवेशक को क्या करना चाहिए?
वैश्विक अनिश्चितता के दौर में निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है, बेचें, होल्ड करें या गिरावट में खरीदारी करें? इतिहास बताता है कि 9/11 हमले, 2008 की वैश्विक वित्तीय मंदी और कोविड-19 जैसी बड़ी घटनाओं के दौरान बाजार में आई तेज गिरावट ने उन निवेशकों के लिए बेहतरीन अवसर पैदा किए, जिन्होंने घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखा. रिस्क लेने की क्षमता और अपनी निवेश रणनीति के आधार पर ही फैसला करें.
यह भी पढ़ें: Dividend-Bonus Share: अगले हफ्ते 40 से अधिक कंपनियां बांटेंगी डिविडेंड, चेक करें रिकॉर्ड डेट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
दिल्ली से गुरुग्राम और धारूहेड़ा तक दौड़ेगी Namo Bharat ट्रेन, 13 नए स्टेशन को मंजूरी, देखें लिस्ट
Dividend-Bonus Share: अगले हफ्ते 40 से अधिक कंपनियां बांटेंगी डिविडेंड, चेक करें रिकॉर्ड डेट
SBI MF का अडानी की इन दो कंपनियों पर दांव, खरीदे ₹5747 करोड़ के शेयर, संकट मोचक GQG ने बेची हिस्सेदारी
