Cipla के Q1 रिजल्ट ने बिगाड़ा निवेशकों का मूड, मुनाफे में 39% की गिरावट; 3 फीसदी लुढ़का शेयर

Cipla ने Q1FY27 के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिसमें कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 39 फीसदी घटकर 789 करोड़ रुपये रह गया. वहीं रेवेन्यू में 2.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि EBITDA और EBITDA मार्जिन में भी गिरावट देखने को मिली. नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई है.

सिप्ला कंपनी Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Cipla Q1 Results: देश की प्रमुख फार्मा कंपनी Cipla ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 39 फीसदी घटकर 789 करोड़ रुपये रह गया है. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 1,298 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. हालांकि, ऑपरेशंस से होने वाले रेवेन्यू में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली और यह 2.3 फीसदी बढ़कर 7,119 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.

EBITDA और मार्जिन में भी बड़ी गिरावट

Cipla का ऑपरेशनल प्रदर्शन भी इस तिमाही में कमजोर रहा. कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 33 फीसदी घटकर 1,192 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,778 करोड़ रुपये था. इसके साथ ही कंपनी का EBITDA मार्जिन भी घटकर 16.7 फीसदी रह गया, जो एक साल पहले 25.6 फीसदी था.

टैक्स खर्च में आई कमी

हालांकि, कंपनी के कुल टैक्स खर्च में कमी दर्ज की गई. पहली तिमाही में टैक्स खर्च घटकर 295 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 478 करोड़ रुपये था. इसके बावजूद मुनाफे में आई गिरावट को रोका नहीं जा सका. दूसरी ओर, कंपनी का कुल खर्च 14.7 फीसदी बढ़कर 6,248 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 5,446 करोड़ रुपये था.

तिमाही आधार पर प्रदर्शन रहा बेहतर

सालाना आधार पर मुनाफा भले ही कमजोर रहा हो, लेकिन तिमाही आधार पर कंपनी ने सुधार दर्ज किया है. वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (Q4FY26) में Cipla का नेट प्रॉफिट 555 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 789 करोड़ रुपये हो गया है. यानी कंपनी के मुनाफे में तिमाही आधार पर करीब 42 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू भी पिछली तिमाही के 6,541 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,119 करोड़ रुपये हो गया. यानी तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में लगभग 9 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.

EPS में भी दिखी गिरावट

कंपनी की अर्निंग्स पर शेयर (EPS) भी सालाना आधार पर घट गई. पहली तिमाही में EPS 9.77 रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 16.07 रुपये था. हालांकि, तिमाही आधार पर इसमें सुधार देखने को मिला. पिछली तिमाही में EPS 6.87 रुपये था.

शेयर में दिखी कमजोरी

तिमाही नतीजों के बाद शेयर बाजार में Cipla के शेयरों पर दबाव देखने को मिला. कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 3 फीसदी गिरकर 1,377 रुपये पर आ गया. हालांकि, पिछले 3 महीनों में यह शेयर लगभग 12 फीसदी की बढ़त दर्ज कर चुका है, लेकिन साल 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 8 फीसदी की गिरावट हुई है.

यह भी पढ़ें: AI बूम का फायदा उठा सकते हैं ये 3 स्टॉक, सरकार के ₹100 अरब का दांव बदल सकता है गेम; जानें शेयर का हाल

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.