Closing Bell: सेंसेक्स और निफ्टी बंपर तेजी के साथ बंद, निवेशकों ने कमाए ₹6 लाख करोड़; IT इंडेक्स चमका

Closing Bell: शुक्रवार, 10 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार में सभी सेगमेंट में जबरदस्त खरीदारी देखी गई. बेंचमार्क इंडेक्स - सेंसेक्स और निफ्टी50 - दोनों में 1 फीसदी से अधिक की बढ़त हुई और मिड-कैप व स्मॉल-कैप इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन किया.

शेयर बाजार में तेजी. Image Credit: tv9 bharatvarsh

Closing Bell: शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखी गई. TCS के अच्छे नतीजों, ग्लोबल स्तर पर पॉजिटिव संकेतों और जियो-पॉलिटिकल चिंताओं में कमी के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1 फीसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली.

10 जुलाई को भारतीय इक्विटी इंडेक्स लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए और निफ्टी 24,200 के ऊपर रहा.

सेंसेक्स 828 अंक या 1.08 फीसदी चढ़कर 77,569.39 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 244 अंक या 1.02 फीसदी की बढ़त के साथ 24,206.90 पर बंद हुआ. लगभग 2756 शेयरों में बढ़त हुई, 1316 शेयरों में गिरावट आई और 171 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

लगातार दो सेशन में बढ़त के साथ 30-शेयर वाला इंडेक्स सेंसेक्स 1,066 अंक या 1.4 फीसदी चढ़ा है, जबकि NSE इंडेक्स में 325 अंक या 1.4 फीसदी की बढ़त हुई है.

हालांकि, साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स और निफ्टी में 0.25% की गिरावट आई है, जिससे उनकी लगातार चार हफ्ते की बढ़त का सिलसिला टूट गया है.

टॉप गेनर्स और लूजर्स

निफ्टी में सबसे अधिक बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में जियो फाइनेंशियल, HDFC लाइफ, अडानी एंटरप्राइजेज, SBI लाइफ इंश्योरेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल थेय जबकि गिरने वाले शेयरों में डॉ. रेड्डीज लैब्स, एटरनल, भारती एयरटेल, नेस्ले और सिप्ला शामिल थे.

सेक्टोरल इंडेक्स

सेक्टर के हिसाब से परफॉर्मेंस काफी हद तक पॉजिटिव रही और सभी बड़े इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए. रियल्टी शेयरों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 3.5 फीसदी की बढ़त हुई, इसके बाद निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स में 3 फीसदी की तेजी आई. जून तिमाही के नतीजों के बाद TCS में बढ़त की वजह से निफ्टी IT इंडेक्स में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

अन्य सेक्टरों में निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.5 फीसदी और निफ्टी बैंक 1.4 फीसदी ऊपर चढ़े, जबकि ऑयल एंड गैस, प्राइवेट बैंक, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 1 फीसदी से 1.3 फीसदी के बीच बढ़त हुई. ऑटो इंडेक्स में 0.72 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में क्रमशः 1.59 प्रतिशत और 1.41 प्रतिशत की बढ़त हुई.

रुपया मजबूती के साथ बंद

शुक्रवार को भारतीय रुपया मामूली बढ़त के साथ 95.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जबकि गुरुवार को यह 95.38 पर बंद हुआ था.

निवेशकों ने 6 लाख करोड़ कमाए

निवेशकों ने एक ही सेशन में 6 लाख करोड़ रुपये कमाए, क्योंकि BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सेशन के 476 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 482 लाख करोड़ रुपये हो गया.

यह भी पढ़ें: जून में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़कर 28,973 करोड़ हुआ, डेट फंड से ₹1 लाख करोड़ से अधिक की निकासी