Closing Bell: होली के दिन बाजार का रंग फीका, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट; 10 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
4 मार्च को होली के दिन भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 1122 पॉइंट्स गिरकर 79,116.10 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 385 पॉइंट्स टूटकर 24,480.50 पर आ गया. बाजार में कमजोरी का सबसे ज्यादा असर मेटल, पीएसयू बैंक और ऑटो सेक्टर में देखने को मिला. वैश्विक जियोपॉलिटिकल टेंशन और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी.
Closing Bell: होली के रंगों और उत्साह के बीच 4 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों के लिए माहौल कुछ फीका नजर आया. जहां देशभर में लोग रंगों के त्योहार में डूबे हुए थे, वहीं दलाल स्ट्रीट पर बिकवाली का दबाव हावी रहा. कारोबारी सत्र के दौरान बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही दबाव में रहे और अंत में लाल निशान पर बंद हुए. बाजार में कमजोरी का असर कई सेक्टरों में साफ दिखाई दिया, खासकर रियल्टी, मेटल और पीएसयू बैंक शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई. निवेशकों की सतर्कता और जियोपॉलिटिकल टेंशन के चलते बाजार पर दबाव बना रहा, जिससे पूरे दिन बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच नकारात्मक रुख कायम रहा.
सेंसेक्स और निफ्टी में इतनी गिरावट
भारतीय शेयर बाजार में 4 मार्च को तेज बिकवाली का असर प्रमुख सूचकांकों पर साफ नजर आया. कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 1122 पॉइंट्स यानी 1.40 फीसद गिरकर 79,116.10 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 50 में भी बड़ी कमजोरी देखी गई और यह 385 पॉइंट्स यानी 1.55 फीसद टूटकर 24,480.50 पर बंद हुआ.
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी में 1.55 फीसद की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.44 फीसद लुढक गया. इसके अलावा मेटल और पीएसयू बैंक शेयरों में भी भारी दबाव दिखा. निफ्टी मेटल इंडेक्स 3.99 फीसद और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स करीब 3.24 फीसद गिरकर बंद हुए.
टॉप गेनर्स और लूजर्स
बाजार में गिरावट के बावजूद कुछ चुनिंदा शेयरों में मजबूती देखने को मिली. निफ्टी पर कोल इंडिया, भारती एयरटेल, इन्फोसिस लिमिटेड, टेक महिंद्रा लिमिटेड और डॉ रेड्डी के शेयर टॉप गेनर्स में शामिल रहे. दूसरी ओर कई दिग्गज शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना रहा. टाटा स्टील, टाटा मोटर्स पेसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एल एंड टी और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर निफ्टी के टॉप लूजर्स में शामिल रहे.
10 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
शेयर बाजार में आई तेज गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर भी देखने को मिला. बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले कारोबारी सत्र के 456.90 लाख करोड़ रुपये से घटकर लगभग 446.73 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. यानी एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति में 10.01 लाख करोड़ रुपये की भारी कमी दर्ज की गई.
जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताओं से बाजार पर बढ़ा दबाव
वैश्विक स्तर पर बढ़ती जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताओं का असर शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर साफ दिखाई दे रहा है. ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे वैश्विक बाजारों में अस्थिरता का माहौल बना हुआ है.
इसके अलावा कतर द्वारा एलएनजी उत्पादन रोकने की खबरों ने एनर्जी मार्केट में अनिश्चितता और बढ़ा दी है. इस स्थिति का असर अंतरराष्ट्रीय एनर्जी सप्लाई पर पड़ सकता है. वहीं कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी भी बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है, जिससे निवेशकों का रुख सतर्क हो गया है और बाजार पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: इजरायल-ईरान युद्ध का असर, Waaree, NTPC और Suzlon के शेयर लुढ़के
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
