Eicher Motors का रिकॉर्ड साल! Royal Enfield ने बेच दी 12 लाख बाइक; 1 वर्ष में शेयर ने दिया बंपर रिटर्न

Eicher Motors ने FY2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए Royal Enfield के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी ने 1.2 मिलियन से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री की, जिसमें घरेलू बाजार और एक्सपोर्ट दोनों का अहम योगदान रहा. बढ़ती डिमांड को देखते हुए कंपनी ने चेय्यार प्लांट में 958 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया है, जिससे उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा.

रॉयल एनफील्ड Image Credit: John Keeble/Getty Images

Eicher Motors Sales: ऑटो सेक्टर में मजबूत प्रदर्शन के साथ Eicher Motors ने FY2025-26 को ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ समाप्त किया है. कंपनी की प्रमुख मोटरसाइकिल ब्रांड Royal Enfield ने इस वित्त वर्ष में 12 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री कर नया रिकॉर्ड बनाया है. यह लगातार दूसरा साल है जब कंपनी ने 1 मिलियन यूनिट्स का आंकड़ा पार किया है. मार्च 2026 में भी कंपनी ने 1,12,334 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 11 फीसद ज्यादा है.

घरेलू बाजार बना ग्रोथ का इंजन

कंपनी की इस शानदार ग्रोथ में घरेलू बाजार की सबसे बड़ी भूमिका रही है. भारत में Royal Enfield की बिक्री 23 फीसद बढ़कर 11,07,343 यूनिट्स तक पहुंच गई. वहीं, एक्सपोर्ट्स में भी 23 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कंपनी ने 80 से ज्यादा देशों में 1,31,316 यूनिट्स भेजीं. खास तौर पर ब्राजील जैसे बाजारों में कंपनी अपनी पकड़ मजबूत कर रही है, जिससे इंटरनेशनल ग्रोथ को नई दिशा मिल रही है.

बढ़ती मांग के लिए बड़ा निवेश

बढ़ती डिमांड को देखते हुए कंपनी ने तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट में 958 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया है. इस विस्तार के बाद प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 14.6 लाख यूनिट्स से बढ़कर 20 लाख यूनिट्स हो जाएगी, यानी करीब 37 फीसद की बढ़ोतरी होगी. यह ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट है, जिससे लागत कम होगी और उत्पादन तेजी से बढ़ाया जा सकेगा. यह कदम साफ संकेत देता है कि कंपनी आने वाले वर्षों में भी मजबूत डिमांड की उम्मीद कर रही है.

कमर्शियल व्हीकल बिजनेस में भी तेजी

कंपनी की सब्सिडियरी VE Commercial Vehicles (VECV) ने भी FY26 में अच्छा प्रदर्शन किया है. कुल बिक्री 14.8 फीसद बढ़कर 1,03,495 यूनिट्स तक पहुंच गई. खासकर लाइट और मीडियम ड्यूटी ट्रक सेगमेंट में 24 फीसद की मजबूत ग्रोथ देखी गई, जबकि हेवी ड्यूटी ट्रक सेगमेंट में 14 फीसद की बढ़ोतरी हुई. हालांकि, बस सेगमेंट में घरेलू बिक्री में 4 फीसद की गिरावट रही, लेकिन एक्सपोर्ट्स में करीब 29 फीसद की तेजी देखने को मिली.

ब्रांड वैल्यू और मार्केट परफॉर्मेंस

Royal Enfield को J.D. Power 2025 क्वालिटी स्टडी में टॉप रैंकिंग मिली है और FADA डीलर सैटिस्फैक्शन सर्वे में भी कंपनी पहले स्थान पर रही है. वहीं, अगर शेयर की बात करें, तो गुरुवार को कंपनी का शेयर इंट्रा डे में 2.10 फीसद गिरकर 6640 रुपये पर पहुंच गया है. हालांकि, बीते एक साल में इसमें 23.87 फीसद की तेजी आई है.

यह भी पढ़ें: सीमेंट कंपनियों के ये शेयर कराएंगे बंपर कमाई, ब्रोकरेज ने दिया जोरदार टारगेट; जानें- कौन से स्टॉक्स हैं टॉप पिक्स

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.