Ather Energy पर ब्रोकरेज बुलिश, कहा- खरीद लें शेयर, आ सकती है 40% तक तेजी; जानें टारगेट प्राइस

Emkay Global ने Ather Energy पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,000 का टारगेट दिया है जो 40% अपसाइड दिखाता है.ब्रोकरेज ने मजबूत E-2W ग्रोथ, EL प्लेटफॉर्म और AURIC प्लांट से कंपनी की बिक्री और मार्जिन बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि, नीति बदलाव और कच्चे माल की लागत पर नजर जरूरी रहेगी.

शेयर टारगेट Image Credit: Ather

भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E-2W) बाजार में Ather Energy को लेकर ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने सकारात्मक रुख जताया है. कंपनी ने Ather के शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,000 का टारगेट प्राइस तय किया है. यह शेयर मंगलवार दोपहर 1:30 बजे 715.35 पर ट्रेड कर रहा था. यानी इसमें करीब 40% की तेजी आ सकती हैं. हाल ही में Emkay Global की टीम ने Ather के को-फाउंडर और सीईओ तरुण मेहता और सीएफओ सोहिल पारेख से मुलाकात की जिसमें कंपनी के ग्रोथ प्लान और बाजार के ट्रेंड पर चर्चा हुई.

E-2W बाजार में मजबूत ग्रोथ

रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच घरेलू E-2W इंडस्ट्री में 20-30% सालाना वृद्धि दर्ज की गई है. खासकर ₹1 लाख से ऊपर वाले सेगमेंट में तेजी देखने को मिली है, जबकि ₹1 लाख से कम वाले सेगमेंट में भी सुधार के संकेत मिल रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि ICE (पेट्रोल) टू-व्हीलर्स की बिक्री बढ़ने के बावजूद इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है.

EL प्लेटफॉर्म से बड़ा फायदा

ब्रोकरेज के अनुसार, Ather का नया EL प्लेटफॉर्म कंपनी के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. यह प्लेटफॉर्म ₹1 लाख से ₹1.3 लाख के प्राइस रेंज को टारगेट करता है, जो बाजार का करीब 50% हिस्सा है. इससे कंपनी का कुल मार्केट (TAM), मुनाफा और बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है. खासकर दक्षिण भारत के बाहर कंपनी की पकड़ मजबूत हो सकती है.

Ather का AURIC प्लांट जिसकी क्षमता 42,000 यूनिट प्रति माह है FY27 के अंत तक पूरी तरह चालू हो जाएगा. इससे उत्पादन बढ़ेगा और आने वाले समय में मार्जिन में सुधार देखने को मिलेगा.

कीमत बढ़ने की आशंका

रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 में PM E-Drive योजना खत्म होने के बाद अप्रैल से E-2W की कीमतों में करीब ₹5,000 प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, मौजूदा जियो-पॉलिटिकल तनाव के कारण कच्चे माल की लागत में अस्थायी रूप से 300-400 बेसिस पॉइंट का असर पड़ सकता है.

3-स्तरीय रणनीति

Emkay के मुतबिक, Ather ने जोखिम से निपटने के लिए 3 प्रमुख रणनीतियां अपनाई हैं:

  • अलग-अलग बैटरी टेक्नोलॉजी (LFP/NMC/NCA) का उपयोग
  • सप्लायर डाइवर्सिफिकेशन
  • अलग-अलग देशों से सोर्सिंग

इसके अलावा कंपनी अब मास-प्रीमियम सेगमेंट पर ज्यादा फोकस कर रही है.

शेयर का हाल

यह शेयर मंगलवार दोपहर 1:30 बजे 715.35 पर ट्रेड कर रहा था. इसका 52 वीक हाई 790 रुपये और 52 वीक लो 287 रुपये है. इसका मार्केट कैप 27,339.89 करोड़ रुपये है. इसने पिछले एक साल में 117 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है.

यह भी पढ़ें: पैसा रखें तैयार! ये 3 कंपनियां लाएंगी IPO, कोचिंग सेंटर ‘लक्ष्य’ चलाने वाली कंपनी भी लिस्‍ट में शामिल

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.