Gold Price Today: सोना हुआ महंगा, चांदी की कीमतों में उछाल; जानें- 24 कैरेट वाले गोल्ड का भाव

Gold Price Today: व्यापारियों का कहना है कि डॉलर इंडेक्स के लगातार तीसरे सत्र में कमजोर होने से कीमती धातुओं के प्रति आकर्षण बढ़ा है. बाजार के लोग अगले सप्ताह आने वाले अमेरिकी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) डेटा का इंतजार कर रहे हैं.

गोल्ड-सिल्वर के दाम Image Credit: Money9 Live

Gold Price Today: शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतें 400 रुपये बढ़कर 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं, जबकि चांदी की कीमत में 5,000 रुपये का उछाल आया. इसकी वजह व्यापारियों की ओर से कम कीमत पर खरीदारी और अमेरिकी डॉलर का कमजोर होना था, जिससे कीमती मेटल्स की मांग बढ़ी. इससे पहले के सत्र में 99.9 फीसदी प्योरिटी वाला सोना 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमा

चांदी की कीमतों में लगातार तीन सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला भी थम गया और यह 5,000 रुपये बढ़कर 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई, जबकि गुरुवार को यह 2,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

सोने-चांदी के प्रति बढ़ा आकर्षण

व्यापारियों का कहना है कि डॉलर इंडेक्स के लगातार तीसरे सत्र में कमजोर होने से कीमती धातुओं के प्रति आकर्षण बढ़ा है. साथ ही, इस सप्ताह की शुरुआत में सोने की कीमत एक हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने कम कीमतों का फायदा उठाया.

बार्गेन बाइंग

HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘शुक्रवार को सोने की कीमतों में मामूली बढ़त देखी गई. अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और कम कीमत पर खरीदारी (बार्गेन बाइंग) से बाजार के सेंटीमेंट को सपोर्ट मिला, खासकर तब जब इस सप्ताह की शुरुआत में सोने की कीमत एक हफ्ते के निचले स्तर पर आ गई थी.’

इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड सिल्वर

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट गोल्ड 17.57 डॉलर या 0.43 फीसदी गिरकर 4,106.25 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी लगभग 1 प्रतिशत गिरकर 59.54 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

CPI डेटा का इंतजार

मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘स्पॉट गोल्ड की कीमत मजबूत बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच किसी समझौते पर पहुंचने के लिए राजनयिक प्रयास फिर से पटरी पर लौटते दिख रहे हैं.’

बाजार के लोग अगले सप्ताह आने वाले अमेरिकी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) डेटा का इंतजार कर रहे हैं. उम्मीद है कि इससे फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों की चाल के बारे में नई जानकारी मिलेगी.

LKP सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट (VP) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘डेटा का आना फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के नजरिए और कीमती मेटल्स की कीमतों की दिशा तय करने में एक अहम फैक्टर होगा.’

यह भी पढ़ें: फ्यूल पंप प्योर पेट्रोल, E10 और E20… तीनों का स्टॉक एक साथ क्यों नहीं रख सकते? जान लीजिए सरकार का तर्क