मजबूत Q3 नतीजों से चमका GRSE, अब नेशनल शिपबिल्डिंग के लिए HSL से मिलाया हाथ, मंगलवार को स्टॉक पर रखें नजर

मजबूत तिमाही नतीजों और एक नई रणनीतिक साझेदारी के चलते GRSE एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गया है. कंपनी के हालिया कदम से भविष्य के बड़े प्रोजेक्ट्स की उम्मीद जगी है, जिसके चलते आने वाले सत्र में स्टॉक पर बाजार की खास नजर रहने की संभावना है.

GRSE Image Credit: CANVA

GRSE Stock Rally: कोलकाता स्थित सरकारी डिफेंस शिपयार्ड गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) ने बड़े राष्ट्रीय शिपबिल्डिंग प्रोग्राम के लिए हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL) के साथ साझेदारी की घोषणा की है. इस खबर के बाद शेयर बाजार में भी GRSE के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली और निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ. मंगलवार को भी कंपनी के शेयरों में ये तेजी बरकरार रह सकती है.

HSL के साथ MoU, बड़े शिपबिल्डिंग प्रोजेक्ट की तैयारी

GRSE ने सोमवार, 9 फरवरी को जानकारी दी कि उसने हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर साइन किया है. इसके तहत दोनों कंपनियां मिलकर एक कंसोर्टियम बनाएंगी, जो बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय शिपबिल्डिंग कार्यक्रमों पर काम करेगा. इस साझेदारी का फोकस एडवांस्ड मैरीटाइम प्लेटफॉर्म्स के निर्माण पर रहेगा, जिससे देश की समुद्री क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी.

कंपनी के मुताबिक, यह सहयोग भारत के समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजिकल आत्मनिर्भरता और लंबी अवधि की ऑपरेशनल क्षमताओं को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा. GRSE और HSL दोनों की अपनी-अपनी विशेषज्ञता है और इस साझेदारी के जरिए इन क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा. MoU पर GRSE की ओर से शिपबिल्डिंग डायरेक्टर कमांडर (रिटायर्ड) शांतनु बोस और HSL की ओर से कार्यवाहक CMD कैप्टन (रिटायर्ड) गंटी वेंकटेश्वरलु ने हस्ताक्षर किए.

Q3 नतीजों में दिखी जबरदस्त मजबूती

GRSE के तिमाही नतीजे भी कंपनी की मजबूत स्थिति को दिखाते हैं. दिसंबर 2025 को खत्म तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 74 फीसदी बढ़कर 170.7 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 98.2 करोड़ रुपये था. इसी दौरान कंपनी की ऑपरेशनल इनकम 49 फीसदी बढ़कर 1,895 करोड़ रुपये रही.

मार्जिन और ऑर्डर बुक मजबूत

EBITDA में भी बड़ी छलांग देखने को मिली और यह 75.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 172.1 करोड़ रुपये हो गया. मार्जिन 5.9 फीसदी से बढ़कर 9 फीसदी पहुंच गया. अप्रैल से दिसंबर 2025 की अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 444.74 करोड़ रुपये रहा. GRSE की ऑर्डर बुक मजबूत बनी हुई है और कई बड़े नौसैनिक प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है.

यह भी पढ़ें: HAL से ऑर्डर मिलते ही इस मल्टीबैगर स्टॉक में एकतरफा खरीदारी, लगा अपर सर्किट, अब तक दे चुका है 2155% रिटर्न

शेयर बाजार में पॉजिटिव रिएक्शन

इन सभी पॉजिटिव खबरों के बीच GRSE के शेयरों में भी मजबूती दिखी. सोमवार को बीएसई पर कंपनी का शेयर 4.72 फीसदी की तेजी के साथ 2,514.70 रुपये पर बंद हुआ. हालांकि, मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि मंगलवार को भी कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिलेगी. बीते पांच वर्षों में कंपनी के शेयरों ने 1130 फीसदी का मुनाफा दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.