मजबूत तिमाही नतीजों का असर! PSU कंपनी HAL ने किया 700% डिविडेंड का ऐलान, रिकॉर्ड डेट भी तय
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने FY26 के लिए 35 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. दिसंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 30 फीसदी बढ़कर 1,867 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू और PBT में भी मजबूत बढ़त दर्ज की गई. जानें क्या है रिकॉर्ड डेट और रिटर्न हिस्ट्री.
HAL Q3 Result and Dividend Record Date: हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपना पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित कर दिया है. कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि बोर्ड ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 35 रुपये का अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है. यह फेस वैल्यू का 700 फीसदी बैठता है, यानी निवेशकों को अच्छी नकद वापसी मिलने वाली है. कंपनी ने इस डिविडेंड के लिए बुधवार, 18 फरवरी के दिन को रिकॉर्ड डेट के तौर पर तय किया है.
तिमाही नतीजों में दिखी मजबूती
कंपनी के तिमाही नतीजों की बात करें तो दिसंबर तिमाही में HAL का प्रदर्शन मजबूत रहा है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर करीब 30 फीसदी बढ़कर 1,867 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा इससे काफी कम था. परिचालन से होने वाली आय भी बढ़ी है. दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 7,699 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही के 6,957 करोड़ रुपये से लगभग 11 फीसदी ज्यादा है.
शेयर का हाल?
शेयर बाजार में भी कंपनी के शेयर में हल्की तेजी देखी गई. गुरुवार, 12 फरवरी को NSE पर HAL का शेयर करीब 0.63 फीसदी बढ़कर 4,158.90 रुपये पर ट्रेड करता हुआ बंद हुआ. हालांकि हाल के दिनों में शेयर पर कुछ दबाव देखने को मिला है. इसकी एक वजह LCA Mk1A लड़ाकू विमान की डिलीवरी टाइमलाइन को लेकर उठी चिंताएं हैं. इसके अलावा भारत के अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमान कार्यक्रम में निजी कंपनियों से बढ़ती कंपटीशन भी निवेशकों की चिंता का कारण बनी हुई है. पिछले एक महीने में शेयर करीब 8 फीसदी गिरा है.
रिटर्न हिस्ट्री है दमदार
लंबी अवधि के नजरिए से देखें तो शेयर ने अच्छा रिटर्न दिया है. पिछले एक साल में इसमें करीब 15 फीसदी की तेजी आई है, जबकि तीन साल में यह लगभग 247 फीसदी तक उछल चुका है. 5 साल के दौरान कंपनी के शेयर का भाव 737 फीसदी तक बढ़ा है. कंपनी का मार्केट कैप 2,76,348 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. स्टॉक अपने 52वीक हाई (5,165 रुपये) से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है.
PBT में आई जबरदस्त तेजी
मुनाफे से पहले टैक्स (PBT) भी बढ़कर 2,487 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 2,042 करोड़ रुपये था. EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, मूल्यह्रास और अमोरटाइजेशन से पहले की कमाई भी बढ़कर 1,871 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की तुलना में ज्यादा है. इससे साफ है कि कंपनी की ऑपरेशनल परफॉर्मेंस में सुधार हुआ है.
9 महीने का प्रदर्शन
अगर चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों की बात करें, यानी दिसंबर 2025 तक, तो कंपनी ने 19,146 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया है. इसी अवधि में शुद्ध लाभ 4,919 करोड़ रुपये रहा. तिमाही के दौरान कुल खर्च भी बढ़कर 6,139 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 5,552 करोड़ रुपये था. हालांकि खर्च में बढ़ोतरी रेवेन्यू ग्रोथ के अनुरूप ही रही, इसलिए मुनाफे पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ा.
ये भी पढ़ें- शेयर मार्केट निवेशकों को मिल सकती है राहत! पूंजी की लागत और कंप्लायंस बोझ घटाने की तैयारी: सेबी चीफ
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
