Gold-Silver Rate Today 12-02-2026: ₹400 सस्ता हुआ सोना, चांदी रही स्थिर; जानें क्या है नया भाव
Gold-Silver Rate Today 12-02-2026 Latest News Updates: अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों के बाद फेड द्वारा दर कटौती की उम्मीद घटी, जिससे दिल्ली में सोना 400 रुपये गिरकर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. चांदी 2,68,500 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रही. अब बाजार की नजर अमेरिकी CPI और जॉबलेस क्लेम्स पर है.
Gold and Silver Rate: राजधानी दिल्ली में गुरुवार, 12 फरवरी को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने के चलते सोना 400 रुपये सस्ता हो गया. अब 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर आ गया है. एक दिन पहले यह 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, यह गिरावट करीब 0.25 फीसदी की रही. वहीं चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ. स्थानीय बाजार में चांदी 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर स्थिर रही.
क्यों गिरा सोना?
कमोडिटी विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों ने निवेशकों की उम्मीदों को झटका दिया है. जनवरी महीने के अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल्स डेटा के मुताबिक, अर्थव्यवस्था में 1.3 लाख नई नौकरियां जुड़ीं, जबकि बेरोजगारी दर घटकर 4.3 फीसदी पर आ गई. इससे यह संकेत मिला कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था अभी भी मजबूती दिखा रही है. ऐसे में बाजार को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व फिलहाल ब्याज दरों में जल्द कटौती नहीं करेगा.
जब ब्याज दरें ऊंची रहने की संभावना होती है, तो बिना ब्याज देने वाली संपत्तियों जैसे सोने की मांग कुछ कमजोर पड़ जाती है. इसी कारण सोने की कीमतों पर दबाव देखा गया. हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि लंबी अवधि में ब्याज दरों में नरमी की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. इसलिए सोने के लिए सपोर्ट पूरी तरह खत्म नहीं माना जा सकता.
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
वैश्विक बाजार में भी सोना फिसला. स्पॉट गोल्ड करीब 22 डॉलर गिरकर 5,062 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा. वहीं चांदी लगभग 2 फीसदी टूटकर 82 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर रही. ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, चांदी में हाल के दिनों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. जनवरी के अंत में बने रिकॉर्ड स्तर से यह करीब एक-तिहाई तक नीचे आ चुकी है. कम लिक्विडिटी और आक्रामक पोजिशनिंग के कारण दामों में तेज हलचल देखी जा रही है.
आगे किस पर नजर?
विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल निवेशकों की नजर अमेरिका के आगामी आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी. खासतौर पर जॉबलेस क्लेम्स और शुक्रवार को जारी होने वाले कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) डेटा पर बाजार की दिशा निर्भर करेगी. हालांकि निकट अवधि में ब्याज दरों में कटौती टलने से सोने की तेजी सीमित हो सकती है, लेकिन जियो पॉलिटिकल टेंशन, केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद और मुद्रास्फीति व मुद्रा अवमूल्यन की चिंताएं सोने को नीचे जाने से रोकने में सहायक हो सकती हैं. कुल मिलाकर, घरेलू बाजार में सोना फिलहाल दबाव में है, जबकि चांदी स्थिर बनी हुई है. आगे की चाल काफी हद तक अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की नीति संकेतों पर निर्भर करेगी.
ये भी पढ़ें- एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के खाली हैं 1279 पद, एविएशन सेफ्टी में अहम रोल निभाते हैं ATC कर्मचारी
Latest Stories
Forbes 250 में भारतीय मूल का दबदबा, विनोद खोसला–सुंदर पिचाई समेत कई नाम चमके, एलन मस्क फिर नंबर वन
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के खाली हैं 1279 पद, एविएशन सेफ्टी में अहम रोल निभाते हैं ATC कर्मचारी
जनवरी में बढ़ी खुदरा महंगाई, 2.75% पर पहुंची, नई CPI सीरीज में खाने की चीजों का वेट घटा; घरेलू खपत पर फोकस
