TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

हर साल कमाई का मौका, इन 5 शेयरों में मिल रही 8% से ज्यादा डिविडेंड यील्ड, देखें लिस्ट

शेयर बाजार में कुछ स्मॉलकैप कंपनियां निवेशकों को शानदार डिविडेंड यील्ड दे रही हैं. PTC India, Jagran Prakashan, Expleo Solutions, GOCL Corporation और Accelya Solutions India की डिविडेंड यील्ड 8% से ज्यादा है. इनमें PTC India 16.3% की यील्ड के साथ सबसे आगे है. खास बात यह है कि इन कंपनियों का डेट टू इक्विटी रेशियो भी काफी कम है.

3 शेयरों में 5.7% से 6.5% तक डिविडेंड यील्ड है. Image Credit: CANVA

Highlights

  • PTC India की डिविडेंड यील्ड 16.3% है, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा है.
  • Expleo Solutions 13.5% और Jagran Prakashan 11.3% की डिविडेंड यील्ड दे रही हैं.
  • पांचों कंपनियों का Debt-to-Equity Ratio 0.30 या उससे कम है.

शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोग आमतौर पर ऐसे शेयरों की तलाश करते हैं, जिनमें कीमत बढ़ने के साथ-साथ नियमित कमाई का भी मौका मिले. डिविडेंड देने वाले शेयर इस लिहाज से निवेशकों के लिए आकर्षक हो सकते हैं. खास बात यह है कि कुछ कंपनियां कम कर्ज के साथ कारोबार कर रही हैं और अपने शेयरधारकों को अच्छा डिविडेंड भी दे रही हैं. ऐसे में स्मॉलकैप शेयरों में निवेश के मौके तलाश रहे निवेशकों की नजर PTC India, Jagran Prakashan, Expleo Solutions, GOCL Corporation और Accelya Solutions India पर रह सकती है. इन पांचों कंपनियों की डिविडेंड यील्ड 8% से ज्यादा है.

हालांकि, सिर्फ ज्यादा डिविडेंड यील्ड देखकर निवेश का फैसला करना सही नहीं है. कंपनी की कमाई, कैश फ्लो और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं को भी समझना जरूरी है.

PTC India

इस लिस्ट में सबसे ज्यादा डिविडेंड यील्ड PTC India की है. कंपनी बिजली कारोबार से जुड़ी है और इलेक्ट्रिसिटी प्रोड्यूसर से डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियों तक बिजली के व्यापार में मध्यस्थ की भूमिका निभाती है. इसकी स्थापना 1999 में केंद्र सरकार और प्राइवेट सेक्टर की साझेदारी से हुई थी.

कंपनी का कारोबार क्रॉस-बॉर्डर पावर ट्रेडिंग, रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशंस और कंसल्टेंसी सर्विस तक फैला है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 4033 करोड़ रुपये है और शेयर करीब 136 रुपये पर कारोबार कर रहा था. कंपनी की डिविडेंड यील्ड 16.3% है, जबकि डेट टू इक्विटी रेशियो 0.30 है.

Jagran Prakashan

Jagran Prakashan मीडिया कारोबार की कंपनी है. इसका प्रमुख अखबार दैनिक जागरण है. इसके अलावा कंपनी रेडियो, डिजिटल मीडिया, आउटडोर विज्ञापन और प्रमोशन जैसे सेक्टर में भी कारोबार करती है. समूह की सहायक कंपनी Music Broadcast के जरिए Radio City का ऑपरेशन होता है.

कंपनी का मार्केट कैप करीब 1349 करोड़ रुपये है और शेयर का भाव लगभग 62 रुपये था. इसकी डिविडेंड यील्ड 11.3% है. वहीं, कंपनी का डेट टू इक्विटी रेशियो सिर्फ 0.05 है. यानी कंपनी पर कर्ज का बोझ काफी कम है.

Expleo Solutions

IT और इंजीनियरिंग सर्विसेज देने वाली Expleo Solutions इस लिस्ट में शामिल है. कंपनी सॉफ्टवेयर टेस्टिंग, क्वालिटी एश्योरेंस, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, प्रोडक्ट इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग जैसी सेवाएं देती है. इसके ग्राहक बैंकिंग, फाइनेंस और इंश्योरेंस समेत कई क्षेत्रों में हैं. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1249 करोड़ रुपये और शेयर का भाव लगभग 801 रुपये था. इसकी डिविडेंड यील्ड 13.5% है. वहीं, डेट टू इक्विटी रेशियो 0.01 है.

GOCL Corporation

GOCL Corporation पहले कमर्शियल एक्सप्लोसिव और एनर्जेटिक्स कारोबार से जुड़ी थी. अब कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स और रियल एस्टेट कारोबार में भी विस्तार कर रही है. इसका इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार ऑटोमोबाइल, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और डिफेंस जैसे क्षेत्रों के लिए प्रिंटेड सर्किट बोर्ड असेंबली और बॉक्स बिल्ड सर्विस देता है. कंपनी के पास हैदराबाद और बेंगलुरु में रियल एस्टेट संपत्तियां भी हैं. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1,530 करोड़ रुपये है और शेयर का भाव लगभग 308 रुपये था. इसकी डिविडेंड यील्ड 9.32% है. खास बात यह है कि कंपनी का डेट टू इक्विटी रेशियो शून्य है.

ये भी पढ़ें- Opening Bell: सेंसेक्स 500 अंक से अधिक चढ़ा, निफ्टी 23550 के पार; इंडिगो और इंफोसिस में 2% तक का उछाल

Accelya Solutions India

Accelya Solutions India एयरलाइन और ट्रैवल इंडस्ट्री को टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस प्रोवाइड कराती है. कंपनी की सर्विस में एयरलाइंस के रेवेन्यू अकाउंटिंग, फाइनेंशियल प्रोसेस और पैसेंजर बिजनेस से जुड़े काम शामिल हैं. कंपनी का संबंध Accelya Group से है, जो दुनियाभर की एयरलाइंस के लिए सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म तैयार करता है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1386 करोड़ रुपये है और शेयर का भाव लगभग 929 रुपये था. इसकी डिविडेंड यील्ड 8.53% है, जबकि डेट टू इक्विटी रेशियो 0.06 है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.