TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Closing Bell: दिवाली हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार हुआ बमबम, 6 घंटे में हुई 8 लाख करोड़ की ‘आतिशबाजी’

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 1,233 अंक उछलकर 75,692 पर और निफ्टी 387 अंक चढ़कर 23,440 पर बंद हुआ. रिलायंस इंडस्ट्रीज में खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, FII की खरीदारी, मजबूत ग्लोबल संकेत और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों ने बाजार को सहारा दिया.

क्लोजिंग बेल Image Credit: Photos Credit Getty images

Highlights

  • सेंसेक्स 1,233.25 अंक और निफ्टी 387.70 अंक चढ़कर बंद हुआ.
  • रिलायंस में तेजी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और FII की खरीदारी से बाजार को सहारा मिला.
  • FII ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 2 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली. कारोबार के आखिरी में सेंसेक्स 1233.25 अंक यानी 1.66% की बढ़त के साथ 75,692.78 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 387.70 अंक यानी 1.68% उछलकर 23,440.80 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब 11 फीसदी की तेजी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों ने बाजार को सपोर्ट दिया.

कौन से फैक्टर ने बाजार को सपोर्ट दिया?

रिलायंस के शेयरों में जोरदार खरीदारी: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 11% उछल गए. कंपनी के रिकॉर्ड Q2 FY27 नतीजों और ब्रोकरेज के सकारात्मक रुख से शेयरों में खरीदारी बढ़ी. रिलायंस निफ्टी 50 का सबसे बड़ा गेनर रहा और इसने इंडेक्स को सबसे ज्यादा सपोर्ट दिया. यह NSE और BSE दोनों पर सबसे ज्यादा कारोबार वाले शेयरों में भी शामिल रहा.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ब्रेंट क्रूड करीब 4% गिरकर 108 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. पिछले हफ्ते इसकी कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत से तेल की कीमतों में नरमी आई. ईरान और कतर के अधिकारियों के बीच लगातार तीसरे दिन बातचीत हुई. इसके अलावा अमेरिका के 10 साल के बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई और यह 4.93% पर पहुंच गया.

FII की खरीदारी: विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. इससे बाजार को सपोर्ट मिला.

LTCG पर सरकार का SEBI का रुख: सरकार और सेबी का LTCG पर हरी झंडी भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की घटती दिलचस्पी को बढ़ाने के लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI ने सरकार को एक अहम सुझाव दिया है. SEBI ने विदेशी निवेशकों पर लगने वाले लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) टैक्स को खत्म करने की सिफारिश की है.

ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेत: एशियाई बाजारों में तेजी रही. दक्षिण कोरिया का Kospi, जापान का Nikkei 225, चीन का Shanghai SSE Composite और हांगकांग का Hang Seng बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी शेयर बाजार के वायदा संकेत भी सकारात्मक रहे.

कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजे: सितंबर तिमाही के नतीजों ने भी बाजार का मूड बेहतर किया. बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर करीब 3.5% चढ़े. बैंक ने नेट इंटरेस्ट इनकम और कोर प्रॉफिट के मोर्चे पर अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया और वित्त वर्ष 2027 के लिए अपना ग्रोथ अनुमान बढ़ाया. वहीं, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के शेयर करीब 3% बढ़े. कंपनी का सितंबर तिमाही का मुनाफा सालाना आधार पर करीब तीन गुना रहा.

सेंसेक्स के टॉप गेनर और लूजर शेयर

सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज की सबसे ज्यादा चर्चा रही. निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज 11.60% की बढ़त के साथ पहले नंबर पर रहा. इसके अलावा टाटा स्टील 5.83%, JSW स्टील 5.13%, कोल इंडिया 4.88% और श्रीराम फाइनेंस 4.88% चढ़े.

वहीं, निफ्टी 50 के टॉप लूजर्स में इंफोसिस सबसे आगे रहा. इसका शेयर 2.03% गिरा. इसके अलावा ICICI बैंक 0.76%, डॉ. रेड्डीज 0.74%, कोटक महिंद्रा बैंक 0.70% और एक्सिस बैंक 0.66% टूटे.

सेक्टोरल इंडेक्स का कैसा रहा प्रदर्शन?

बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में भी तेजी देखने को मिली. निफ्टी बैंक 315.25 अंक यानी 0.58% बढ़कर 55,002.20 पर बंद हुआ. निफ्टी फिन सर्विस 186.85 अंक यानी 0.76% की बढ़त के साथ 24,899.05 पर पहुंच गया. निफ्टी नेक्स्ट 50 में 1.85% और निफ्टी मिड सेलेक्ट में 1.38% की तेजी रही.

बाजार में बढ़त वाले शेयरों की संख्या ज्यादा

सोमवार को बाजार में कुल 3,713 शेयरों में कारोबार हुआ. इनमें से 2,444 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,167 शेयरों में गिरावट रही. वहीं, 102 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. इस तरह गिरावट वाले शेयरों के मुकाबले बढ़त वाले शेयरों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा रही.

BSE का मार्केट कैप करीब ₹3.81 लाख करोड़ बढ़ा

  • 30 अक्टूबर का BSE मार्केट कैप: ₹4,74,37,038.61 करोड़
  • 2 नवंबर का BSE मार्केट कैप: ₹4,82,33,562.16 करोड़
  • कुल बढ़ोतरी: ₹7,96,523.55 करोड़

इसे भी पढ़ें- Coal India की इस कंपनी का आ रहा IPO, OFS में बिकेंगे 66.81 करोड़ शेयर, जानें पूरी डिटेल