Infosys Q4 Results: कंपनी ने किया ₹25 रुपये डिविडेंड का ऐलान, जानें रिकॉर्ड डेट

Infosys Q4 Results में कंपनी ने निवेशकों के लिए 25 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है. डिविडेंड के लिए 10 जून 2026 रिकॉर्ड डेट तय की गई है, जबकि भुगतान 25 जून को होगा. Infosys ने Q4FY26 में 8,501 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 21 फीसदी ज्यादा है. कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़कर 46,402 करोड़ रुपये पहुंच गया है.

इंफोसिस ने किया डिविडेंट देने का ऐलान Image Credit: gettyimages

Infosys Q4 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी Infosys ने मार्च तिमाही के नतीजों के साथ निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए डिविडेंड देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही Infosys ने चौथी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए मुनाफे और रेवेन्यू दोनों में शानदार बढ़त दर्ज की है. कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डिविडेंड पाने के लिए 10 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. यानी जिन निवेशकों के नाम इस तारीख तक कंपनी के रिकॉर्ड में होंगे, उन्हें डिविडेंड का लाभ मिलेगा. डिविडेंड का भुगतान 25 जून 2026 को किया जाएगा.

25 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

Infosys इससे पहले अक्टूबर 2025 में 23 रुपये प्रति शेयर इंटरिम डिविडेंड दे चुकी है. अब 25 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया गया है. इस ऐलान के साथ वित्त वर्ष 2026 में कुल डिविडेंड 48 रुपये प्रति शेयर हो गया है. कंपनी लंबे समय से अपने मुनाफे का एक हिस्सा शेयरधारकों के साथ डिविडेंड के रूप में साझा करती रही है.

Q4 में मुनाफा 21 फीसदी बढ़ा

कंपनी ने जनवरी से मार्च 2026 तिमाही (Q4FY26) में 8,501 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के 7,033 करोड़ रुपये की तुलना में 21 फीसदी अधिक है. अगर तिमाही आधार पर देखें, तो Q3FY26 के 6,654 करोड़ रुपये के मुकाबले कंपनी का मुनाफा 27.8 फीसदी बढ़ा है. इससे साफ है कि कंपनी ने साल के अंतिम क्वार्टर में दमदार रिकवरी दिखाई है.

रेवेन्यू में भी बढ़त

Infosys का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू मार्च तिमाही में 46,402 करोड़ रुपये रहा. यह पिछले साल की समान तिमाही के 40,925 करोड़ रुपये से 13.4 फीसदी ज्यादा है. वहीं पिछली तिमाही 45,479 करोड़ रुपये की तुलना में रेवेन्यू में 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है.

कैसा है शेयर का हाल

अगर शेयर की बात करें, तो Infosys के शेयर में गुरुवार को गिरावट आई है. आज इसका शेयर 2.21 फीसदी गिरकर 1,240.60 रुपये पर पहुंच गया है. पिछले एक सप्ताह में इसके शेयर में 6.92 फीसदी की गिरावट हुई है.

यह भी पढ़ें: 5 साल में इन 8 म्यूचुअल फंड्स ने पैसा किया 3 गुना, ₹1 लाख लंपसम इन्वेस्टमेंट पर मिला बंपर रिटर्न; देखें लिस्ट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.