Jefferies की रिपोर्ट का असर! टूटे IT स्टॉक्स, Infosys, TCS जैसे दिग्गज 2 फीसदी तक टूटे; जानें पूरी खबर
Jefferies का कहना है कि साल की शुरुआत से आईटी शेयरों में 16 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद जोखिम अभी खत्म नहीं हुआ है. ब्रोकरेज के मुताबिक मौजूदा स्तर से भी 30 से 65 प्रतिशत तक और गिरावट की आशंका बन सकती है, अगर सेक्टर पर AI का असर ज्यादा गहरा रहा.
सोमवार के कारोबार में आईटी शेयरों में दबाव देखने को मिला. ग्लोबल ब्रोकरेज Jefferies ने सेक्टर को डाउनग्रेड करते हुए कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा डिसरप्शन अभी खत्म नहीं हुआ है. इसके बाद कई बड़े आईटी शेयर 2 से 2.5 प्रतिशत तक फिसल गए. आईटी पैक में Mphasis सबसे ज्यादा 2.5 प्रतिशत टूटकर 2314.30 रुपये पर आ गया. Infosys और Wipro में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट रही.
LTIMindtree, Tata Consultancy Services और HCLTech जैसे बड़े शेयर भी इंट्राडे में 1.2 प्रतिशत तक कमजोर रहे. वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स आज 1.33 प्रतिशत यानी करीब 400 अंक गिरा. महीने भर में इंडेक्स में अब तक 19.5 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है.
Jefferies ने क्यों घटाया रेटिंग
Jefferies का कहना है कि साल की शुरुआत से आईटी शेयरों में 16 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद जोखिम अभी खत्म नहीं हुआ है. ब्रोकरेज के मुताबिक मौजूदा स्तर से भी 30 से 65 प्रतिशत तक और गिरावट की आशंका बन सकती है, अगर सेक्टर पर AI का असर ज्यादा गहरा रहा. ब्रोकरेज ने अपने EPS अनुमान 1 से 4 प्रतिशत तक घटा दिए हैं और कई शेयरों के टारगेट प्राइस में 33 प्रतिशत तक कटौती की है.
किन शेयरों पर असर
- Jefferies ने Infosys, Tata Consultancy Services, HCLTech, Mphasis, LTIMindtree और Hexaware Technologies की रेटिंग घटाई है.
- Infosys और HCLTech को Buy से घटाकर Hold किया गया है.
- Infosys का टारगेट 1880 रुपये से घटाकर 1290 रुपये कर दिया गया है.
- HCLTech का टारगेट 1885 रुपये से घटाकर 1390 रुपये कर दिया गया है.
- TCS, LTIMindtree और Hexaware को Hold से घटाकर Underperform किया गया है.
- TCS का टारगेट 3485 रुपये से घटाकर 2350 रुपये
- LTIMindtree का 6175 रुपये से घटाकर 4300 रुपये
- Hexaware का 660 रुपये से घटाकर 460 रुपये कर दिया गया है.
- Mphasis की रेटिंग Buy से घटाकर Hold की गई है और टारगेट 3410 रुपये से घटाकर 2450 रुपये किया गया है.
- Wipro पहले से ही Underperform में है, इसका टारगेट 220 रुपये से घटाकर 180 रुपये कर दिया गया है.
आगे क्या कहता है ब्रोकरेज
Jefferies का मानना है कि आने वाले समय में शेयरों की चाल हालिया नतीजों से ज्यादा लंबी अवधि के बिजनेस आउटलुक पर निर्भर करेगी. ब्रोकरेज ने बड़े आईटी शेयरों के लिए FY26 से FY28 के दौरान करीब 6 प्रतिशत EPS CAGR का अनुमान लगाया है, जो बाजार के अनुमान से 3 से 14 प्रतिशत कम है. हालांकि, मिड-साइज आईटी कंपनियों पर Jefferies ज्यादा पॉजिटिव है. Coforge, Sagility और IKS को अपनी पसंद बताया है. इनके लिए 19 से 25 प्रतिशत EPS CAGR का अनुमान है, जो बड़े आईटी शेयरों से काफी ज्यादा है. ब्रोकरेज का कहना है कि आईटी सेक्टर अभी भी महंगा दिख रहा है. Accenture की तुलना में 32 प्रतिशत का पीई प्रीमियम और निफ्टी 50 के बराबर वैल्यूएशन होने के बावजूद कम ग्रोथ तीन बड़े रिस्क फैक्टर हैं.
इसे भी पढ़ें- कॉपर के डिमांड से फोकस में ये स्टॉक, 20 देशों में फैला कंपनी का बिजनेस, 6 महीने में 42% भागे शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
