Morgan Stanley का अनुमान एक साल में 1 लाख पार हो सकता है सेंसेक्स, ये बताई तेजी की वजह
Morgan Stanley का मानना है कि अगले वर्ष दिसंबर तक भारतीय शेयर बाजार का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1 लाख पार हो जाएगा. Morgan Stanley ने कहा है कि भारतीय बाजार दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले बाजारों में शामिल हो सकता है.
मशहूर ब्रोकरेज फर्म Morgan Stanley के मुताबिक 2025 में भारतीय बाजार दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बाजार हो सकता है. भारतीय बाजार के अच्छे प्रदर्शन के पीछे भारतीय कंपनियों की आय में मजबूती, मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिति में स्थिरता और घरेलू निवेश में बढ़ोतरी अहम कारक होंगे. ब्रोकरेज फर्म के अनुमान के मुताबिक अगले एक साल में Bull Case Scenario यानी तेजी का दौर जारी रहा, तो बाजार मौजूदा लेवल्स से 30% ऊपर यानी 1,05,000 तक पहुंच सकता है.
सामान्य स्थिति में कहां तक बढ़ेगा बाजार
ET की एक रिपोर्ट में मॉर्गन स्टेनली के रिधम देसाई बताते हैं कि Base Case Scenario यानी सामान्य स्थिति में दिसंबर 2025 तक 93,000 के स्तर तक पहुंच सकता है. देसाई कहते हैं 93,000 का टार्गेट 14% की सामान्य बढ़ोतरी को दिखाता है. इस स्तर सेंसेक्स 23x के ट्रेलिंग P/E मल्टीपल पर ट्रेड करेगा, जो 25 साल के औसत 20x से ज्यादा है.
गिरावट हुई तो कहां थमेगा
Bear case scenario यानी मंदी की स्थिति को लेकर देसाई का कहना है कि अगर गिरावट का बड़ा दौर आता है, तो सेंसेक्स 20% गिरकर 70,000 के स्तर पर आ सकता है. यह परिस्थिति तब बनेगी, जब क्रूड ऑयल प्राइस 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली जाए. इसके अलावा रिजर्व बैंक मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता से नियंत्रण खो दे.
कैसा होगा बुल केस सिनोरियो
bull case scenario को लेकर देसाई का कहना है अगर क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बनी रहती है, तो भारत में महंगाई काबू में रहेगी. इससे रिजर्व बैंक दरों में कटौती कर सकती है. इससे भारती अर्थव्यवस्था में व्यापक उछाल आएगा, जिससे कंपनियों की कमाई बढ़ेगी.
कितनी बढ़ सकती है कंपनियों की कमाई
मॉर्गन स्टेनली के देसाई के मुताबिक सामान्य स्थिति में भारत की मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता, राजकोषीय मजबूती के साथ बढ़ते निजी निवेश और वास्तविक विकास के चलते सकारात्मक माहौल बना रह सकता है. इस स्थिति में सेंसेक्स की कंपनियों की कमाई वित्त वर्ष 2027 तक सालाना 17% की दर से बढ़ सकती है.
बाजार के उभार का फायदा कैसे लें
मॉर्गन स्टेनली की तरफ पोर्टफोलियो में फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, एफएमसीजी और इंडस्ट्रियल सेक्टर के अच्छे स्टॉक्स रखने की सलाह दी गई है. देसाई का कहना है कि हाल में आई गिरावट के बाद, स्मॉल और मिडकैप बहुत से लार्जकैप से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
फोकस में हैं ये स्टॉक
देसाई की फोकस सूची में फर्स्टक्राई, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंफोसिस और अल्ट्राटेक सीमेंट शामिल हैं.
डिसक्लेमर: मनी9लाइव आपको किसी शेयर या म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां सिर्फ जानकारी दी गई है. इंवेस्टमेंट से पहले अपने निवेश सलाहकार की राय अवश्य लें.
