1:10 स्टॉक स्प्लिट का असर! इस ज्वेलरी कंपनी ने IPO निवेशकों को दिया 200% तक का रिटर्न, जानें शेयर का हाल
Motisons Jewellers के शेयरों ने IPO के बाद निवेशकों को लगभग तीन गुना रिटर्न दिया है. 1:10 स्टॉक स्प्लिट के बाद निवेशकों की होल्डिंग बढ़ी, वहीं कंपनी ने लाखों वारंट को इक्विटी शेयरों में बदलकर पूंजी भी मजबूत की है. जानें कैसा है शेयर का प्रदर्शन और रिटर्न हिस्ट्री.
Motisons Jewellers Share IPO Return: Motisons Jewellers के शेयरों ने अपने IPO निवेशकों को लगभग 200 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया है. कंपनी ने दिसंबर 2023 में अपना आईपीओ लॉन्च किया था, जिसमें प्रति शेयर कीमत 52 रुपये से 55 रुपये के बीच तय की गई थी. एक लॉट में 250 शेयर थे, यानी ऊपरी प्राइस बैंड 55 रुपये के हिसाब से किसी निवेशक को 13,750 रुपये का निवेश करना पड़ा था. इसके बाद कंपनी ने 1:10 का स्टॉक स्प्लिट किया. इसका मतलब यह है कि पहले जो एक शेयर था, वह अब 10 शेयरों में बदल गया. यानी जिन निवेशकों के पास 250 शेयर थे, उनके पास स्प्लिट के बाद 2,500 शेयर हो गए.
फिलहाल शेयर की कीमत लगभग 15.80 रुपये के आसपास चल रही है. इस हिसाब से 2,500 शेयरों की कुल कीमत करीब 39,500 रुपये बैठती है. अगर इसे शुरुआती निवेश 13,750 रुपये से तुलना करें तो यह लगभग तीन गुना बढ़ोतरी है. यानी जिन्होंने लिस्टिंग के बाद शेयर संभालकर रखा, उन्हें अच्छा खासा मुनाफा हुआ है.
वारंट को इक्विटी शेयरों में बदलने की मंजूरी
कंपनी की फंड-रेजिंग कमेटी की बैठक 26 फरवरी 2026 को हुई, जिसमें 5,40,000 वारंट को 54,00,000 इक्विटी शेयरों में बदलने को मंजूरी दी गई. इन शेयरों का फेस वैल्यू 1 रुपये रखा गया है. शेयरों को प्रभावी रूप से 17 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर जारी किया गया, जिसमें 16 रुपये प्रीमियम शामिल है. यह बदलाव शेयरों के 10 रुपये से घटाकर 1 रुपये फेस वैल्यू करने (सब-डिविजन) के बाद हुआ.

वारंट कन्वर्जन से 75 फीसदी रकम बाकी
ये वारंट पहले 5 अक्टूबर 2024 को नेक्सापेक्ट लिमिटेड नाम की एक नॉन-प्रमोटर पब्लिक कंपनी को प्रेफरेंशियल आधार पर 170 रुपये प्रति वारंट के हिसाब से दिए गए थे. नियमों के अनुसार, वारंट लेते समय 25 फीसदी रकम यानी 42.50 रुपये प्रति वारंट जमा की गई थी. बाकी 75 फीसदी रकम, जो 127.50 रुपये प्रति वारंट बनती है, कन्वर्जन के समय कंपनी को मिली. इस तरह कंपनी को कुल लगभग 6.89 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई. यह पूरी प्रक्रिया सेबी के ICDR नियमों के अनुसार की गई.
स्टॉक स्प्लिट से क्या हुआ?
8 नवंबर 2024 के बाद, स्टॉक स्प्लिट के चलते अब एक वारंट को 10 इक्विटी शेयरों में बदला जा सकता है. इन नए शेयरों को पुराने शेयरों के समान अधिकार दिए गए हैं. इस नए अलॉटमेंट के बाद कंपनी की कुल चुकता शेयर पूंजी (Paid-up Capital) बढ़कर लगभग 100.18 करोड़ रुपये हो गई है, जिसमें कुल 1,00,17,60,000 इक्विटी शेयर शामिल हैं. इस समय कंपनी के पास 82,70,000 वारंट अभी भी बचे हुए हैं. इन वारंट को मूल आवंटन की तारीख से 18 महीने के भीतर इक्विटी शेयरों में बदला जा सकता है. अगर तय समय के अंदर इनका कन्वर्जन नहीं किया गया, तो ये अपने आप समाप्त हो जाएंगे और जो रकम पहले जमा की गई है, वह जब्त हो जाएगी.
क्या है शेयर का हाल?
आज के कारोबार की बात करें तो मोटिसन्स ज्वेलर्स का शेयर BSE पर 15.72 रुपये के स्तर पर खुला. दिन के दौरान इसने 15.99 रुपये का उच्च स्तर और 15.15 रुपये का निचला स्तर छुआ. महीने भर के दौरान शेयर की कीमत 47 फीसदी तक बढ़ी है. वहीं, साल भर के दौरान स्टॉक के भाव में लगभग 20 फीसदी तक की गिरावट आई है. कंपनी का मार्केट कैप 1579 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- बिहार में ऐसा कौन सा बिल पास हुआ कि माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में मच गई तबाही, 11% तक टूटे दिग्गज स्टॉक
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
₹25 से कम का AI स्टॉक एक दिन में 10% उछला, 5 साल में 300% से ज्यादा आई तेजी; ग्रीन एनर्जी सेगमेंट में बढ़ा रहा फोकस
ग्रीन इंफ्रा बॉन्ड के जरिए 10000 करोड़ रुपये तक जुटाएगा बैंक ऑफ बड़ौदा, 4 मार्च को होगा जारी; निवेशक रखें नजर
COMEX पर चांदी का स्टॉक 32% घटा, चीन के इक्सचेंज पर 2015 के बाद सबसे निचले स्तर पर, कीमतों पर क्या पड़ेगा असर
