Nifty Outlook 21 April: 24500 के पास अटका बाजार, कंसोलिडेशन या अगली तेजी? जानें एक्सपर्ट्स ने क्या कहा

निफ्टी 50 में हालिया तेजी के बाद अब ऊपरी स्तरों पर दबाव दिखने लगा है और बाजार कंसोलिडेशन के मूड में नजर आ रहा है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक 24,400–24,500 का जोन फिलहाल सबसे बड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ है, जबकि 24,100 के आसपास गिरावट खरीदारी का मौका दे सकती है. ग्लोबल संकेत और Q4 नतीजे आगे की दिशा तय करेंगे. इसपर एनालिस्ट्स ने अपनी राय भी रखी है.

निफ्टी आउटलुक 21 अप्रैल Image Credit: @Money9live

Nifty Outlook for 21 April 2026: शेयर बाजार में तेजी के बाद अब हल्की थकान के संकेत नजर आने लगे हैं. निफ्टी 50 सोमवार, 20 अप्रैल को लगभग सपाट बंद हुआ, लेकिन दिनभर की चाल यह बता रही है कि ऊपरी स्तरों पर दबाव बढ़ रहा है और बाजार फिलहाल कंसोलिडेशन के मूड में जा सकता है. अलग-अलग एनालिस्ट्स की राय भी इसी दिशा की ओर इशारा करती है, ट्रेंड अभी पॉजिटिव है, लेकिन आगे की चाल के लिए 24,400–24,500 का जोन बेहद अहम बना हुआ है. आइए कल यानी मंगलवार, 21 अप्रैल को लेकर क्या है एक्सपर्ट्स की राय.

निफ्टी में कहां दिख रहा सपोर्ट?

SAMCO Securities के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट, ओम मेहरा के मुताबिक, निफ्टी फिलहाल एक अहम तकनीकी स्तर के आसपास घूम रहा है और हालिया हाई के पास डोजी कैंडल बनने से यह साफ संकेत मिलता है कि बाजार में अनिश्चितता बढ़ रही है. इंडेक्स 50 फीसदी फिबोनाची रिट्रेसमेंट (लगभग 24,250) के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहा है, जो शॉर्ट टर्म ट्रेंड को सपोर्ट करता है. हालांकि, 50-डे SMA (करीब 24,400) अब मजबूत रेजिस्टेंस बनकर सामने आ रहा है.

RSI और CCI जैसे इंडिकेटर्स यह दिखा रहे हैं कि बाजार अपने हालिया रेंज के ऊपरी हिस्से में है, लेकिन मोमेंटम थोड़ा कमजोर पड़ा है. उनका मानना है कि जब तक निफ्टी 24,400–24,500 के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट नहीं देता, तब तक बाजार एक रेंज में कंसोलिडेट कर सकता है. नीचे की ओर 24,200–24,000 का जोन अहम सपोर्ट रहेगा.

तेजी के बाद मुनाफावसूली का असर

HDFC Securities के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट, नंदीश शाह का कहना है कि सोमवार का सत्र काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. निफ्टी ने दिन की शुरुआत मजबूती के साथ की और 24,480 तक पहुंचा, लेकिन बाद में मुनाफावसूली के चलते करीब 160 अंकों की गिरावट भी देखी गई. शाह का मानना है कि यह गिरावट हालिया 10 फीसदी की तेज रैली के बाद स्वाभाविक प्रॉफिट बुकिंग है. सेक्टोरल ट्रेंड मिला-जुला रहा, जहां FMCG, PSU बैंक और ऑटो ने सपोर्ट दिया, वहीं IT और रियल्टी में कमजोरी दिखी.

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी दबाव नजर आया, जिससे मार्केट ब्रेड्थ कमजोर हुई. उनके अनुसार, निफ्टी अभी भी अपने प्रमुख मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है, जो बड़े ट्रेंड की मजबूती को दर्शाता है. शॉर्ट टर्म में 24,100 सपोर्ट और 24,571 रेजिस्टेंस के रूप में काम कर सकता है.

हल्की गिरावट और खरीदारी का मौका

HDFC Securities के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट, नागराज शेट्टी के अनुसार, शुक्रवार, 17 अप्रैल की मजबूत रिकवरी के बाद सोमवार को बाजार ने कंसोलिडेशन का रास्ता अपनाया. निफ्टी 24,450–24,500 के स्तर को पार नहीं कर पाया और दिन के अंत में थोड़ी कमजोरी के साथ बंद हुआ. डेली चार्ट पर बनी छोटी कैंडल यह दर्शाती है कि बाजार फिलहाल निर्णायक मूव के लिए तैयार नहीं है और रुकावट के पास ठहराव है.

हालांकि, “हायर हाई-हायर लो” का पैटर्न अभी भी बरकरार है, जो अपट्रेंड का संकेत देता है. उनका मानना है कि अगर बाजार में हल्की गिरावट आती है, तो वह “buy on dips” का मौका हो सकता है. 24,100 को मजबूत सपोर्ट और 24,500 को बड़ा रेजिस्टेंस बताया गया है.

ग्लोबल फैक्टर्स से मिला सपोर्ट

Geojit Investments के रिसर्च हेड, विनोद नायर का नजरिया थोड़ा व्यापक है, जिसमें घरेलू और ग्लोबल फैक्टर्स दोनों शामिल हैं. उनके मुताबिक, बाजार को सपोर्ट मिला है बेहतर FII फ्लो और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से. इजराइल-लेबनान के बीच सीजफायर से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव कम हुआ, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए सकारात्मक है. FMCG सेक्टर में तेजी भी बाजार को सहारा दे रही है, जहां कीमतों में बढ़ोतरी और मजबूत बिजनेस अपडेट्स ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है. हालांकि, आगे की दिशा काफी हद तक Q4 नतीजों पर निर्भर करेगी, जो FY27 के अनुमान तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे.

यह भी पढ़ें- ये 3 शेयर करा सकते हैं मोटी कमाई! ब्रोकरेज ने लगाया बड़ा दांव- ‘बोला खरीदो’, हफ्ते भर में भागेंगे शेयर

कुल मिलाकर क्या संकेत?

चारों एक्सपर्ट्स की राय को मिलाकर देखें तो तस्वीर साफ है, निफ्टी का ट्रेंड अभी भी पॉजिटिव है, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मजबूत रेजिस्टेंस के चलते तेजी की रफ्तार धीमी हो सकती है. 24,500 के ऊपर टिकना बाजार के लिए नया ट्रिगर होगा, जबकि 24,100 के आसपास गिरावट खरीदारी का मौका दे सकती है. फिलहाल बाजार “रेंज-बाउंड” मोड में जा सकता है, जहां निवेशकों को सतर्क रहते हुए चुनिंदा रणनीति अपनाने की जरूरत है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.