शनिवार, 14 मार्च को खुलेंगे NSE और BSE; जानें आप ट्रेडिंग कर सकेंगे या नहीं

आमतौर पर शनिवार को बंद रहने वाला शेयर बाजार इस बार शनिवार यानी 14 मार्च 2026 को खुलेगा. हालांकि यह सामान्य खरीद–फरोख्त के लिए नहीं, बल्कि मॉक ट्रेडिंग सेशन के लिए होगा. इस बारे में Bombay Stock Exchange और National Stock Exchange दोनों ने अपने-अपने नोटिस जारी कर ऑफिशियल जानकारी दी है.

एनएसई Image Credit: TV9 Bharatvarsh

NSE mock trading session: आमतौर पर शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है. इन दिनों बीएसई और एनएसई में कोई ट्रेडिंग नहीं होती है. लेकिन इस शनिवार, 14 मार्च 2026 को बाजार में मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने सर्कुलर में बताया है कि यह मॉक ट्रेडिंग सेशन ऑर्डर टू ट्रेड रेशियो (ओटीआर) फ्रेमवर्क में किए गए संशोधनों की टेस्टिंग के लिए आयोजित किया जा रहा है. यह बदलाव SEBI के 4 फरवरी 2026 के सर्कुलर और एक्सचेंज के 6 फरवरी 2026 के सर्कुलर के आधार पर किया गया है.

एक्सचेंज के मुताबिक संशोधित ओटीआर फ्रेमवर्क को 6 अप्रैल 2026 से वास्तविक ट्रेडिंग में लागू किया जाएगा, इसलिए उससे पहले मॉक सेशन के जरिए सिस्टम की जांच की जा रही है.

क्यों रखा गया है मॉक ट्रेडिंग सेशन?

एक्सचेंज के मुताबिक यह मॉक ट्रेडिंग सेशन केवल टेस्टिंग और सिस्टम की जांच के मकसद से आयोजित किया जा रहा है. इसमें ट्रेडिंग मेंबर अपने ट्रेडिंग सॉफ्टवेयर, रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम और अलग-अलग मार्केट स्थितियों में सिस्टम के व्यवहार की जांच कर सकते हैं. इस दौरान किए गए किसी भी सौदे पर न तो मार्जिन की जिम्मेदारी होगी और न ही पे-इन या पे-आउट से जुड़ी कोई बाध्यता होगी. यानी इस मॉक ट्रेडिंग से किसी तरह का वित्तीय अधिकार या देनदारी पैदा नहीं होगी.

पहले सत्र का पूरा शेड्यूल

पहला ट्रेडिंग सत्र मुख्य सिस्टम से चलाया जाएगा. इसकी शुरुआत सुबह ब्लॉक डील विंडो से होगी. ब्लॉक डील विंडो का पहला सत्र सुबह 08.45 बजे खुलेगा और 09.00 बजे बंद हो जाएगा. इसके बाद 09.00 बजे प्री-ओपन सेशन शुरू होगा, जो 09.08 बजे तक चलेगा. इस सेशन में आखिरी एक मिनट के दौरान किसी भी समय क्लोजिंग हो सकती है. आईपीओ और दोबारा लिस्ट हुई कंपनियों के लिए अलग से स्पेशल प्री-ओपन सेशन रखा गया है. यह सेशन 09.00 बजे से 09.45 बजे तक चलेगा. इसमें आखिरी दस मिनट के दौरान किसी भी समय क्लोजिंग हो सकती है.

सामान्य बाजार और टी प्लस जीरो बाजार दोनों 09.15 बजे से शुरू होंगे. टी प्लस जीरो बाजार 11.45 बजे तक चलेगा. इसके बाद 11.55 बजे तक ट्रेड में बदलाव करने की सुविधा मिलेगी. ऑक्शन बाजार 09.30 बजे खुलेगा और 10.15 बजे बंद होगा. इसी दौरान ब्लॉक डील विंडो का दूसरा सत्र 10.05 बजे से 10.20 बजे तक रहेगा. जिन शेयरों के लिए स्पेशल प्री-ओपन सेशन रखा गया है, उनमें सामान्य ट्रेडिंग 10.00 बजे से शुरू होगी. पूरा सामान्य बाजार 12.15 बजे बंद हो जाएगा.

लॉग-इन और सिस्टम से जुड़ी जानकारी

मॉक ट्रेडिंग सेशन के बाद लाइव री-लॉगिन का समय 16.30 बजे से 17.00 बजे तक रखा गया है. एक्सचेंज ने यह भी बताया है कि इस मॉक सेशन के लिए नीट प्लस प्लेटफॉर्म का संस्करण 7.8.7 इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे एक्सचेंज के एक्स्ट्रानेट से डाउनलोड किया जा सकता है.

ट्रेडिंग मेंबर के लिए खास निर्देश

एक्सचेंज ने सभी ट्रेडिंग मेंबर से कहा है कि सेशन में हिस्सा लेने से पहले जारी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें. इन निर्देशों में बताया गया है कि सिस्टम को कैसे तैयार करना है, कौन-कौन सी तकनीकी जरूरतें पूरी करनी हैं और अगर जरूरत पड़े तो ट्रेडिंग सिस्टम को आपदा रिकवर साइट पर कैसे शिफ्ट किया जाएगा. इससे पूरी प्रक्रिया सही तरीके से चल सकेगी.

इसे भी पढ़ें- Gold-Silver Price: एक दिन में ₹11000 सस्ती हुई चांदी, सोना भी हुआ धड़ाम; जानें अब कहां पहुंची कीमतें