गजब है ये कंपनी, अकेले पूरे भारतीय शेयर बाजार पर हावी, मार्केट कैप में छोड़ दिया पीछे

Nvidia AI बूम की सबसे बड़ी कंपनी बनकर उभरी है. कंपनी का मार्केट कैप 5.05 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो पूरे भारतीय शेयर बाजार के टोटल वैल्यू से भी ज्यादा है. AI और GPU चिप्स की बढ़ती मांग से Nvidia के शेयर में पिछले तीन साल में 323 फीसदी की तेजी आई है. वहीं विदेशी निवेशकों की बिकवाली से भारतीय बाजार का मार्केट कैप घटा है.

शेयर मार्केट Image Credit: Money9 Live

Nvidia Market Cap: AI की दुनिया में एक कंपनी ने ऐसा दबदबा बना लिया है कि उसका मार्केट कैप अब पूरे भारतीय शेयर बाजार से भी ज्यादा हो गया है. कभी गेमिंग चिप बनाने वाली कंपनी के रूप में पहचानी जाने वाली Nvidia अब दुनिया की सबसे ताकतवर टेक कंपनियों में शामिल हो चुकी है. कंपनी का मार्केट कैप 5.05 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि भारतीय शेयर बाजार का टोटल वैल्यू करीब 5 ट्रिलियन डॉलर है. AI टेक्नोलॉजी में तेजी से बढ़ते निवेश और GPU चिप्स की भारी मांग ने Nvidia को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है. पिछले कुछ वर्षों में कंपनी के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है.

Nvidia ने भारत के शेयर बाजार को छोड़ा पीछे

Nvidia का मार्केट कैप अब 5.05 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. यह भारत के पूरे इक्विटी मार्केट के टोटल वैल्यू से भी ज्यादा है. कुछ साल पहले तक कंपनी को मुख्य रूप से गेमिंग चिप मैन्युफैक्चिरिंग माना जाता था. लेकिन AI सेक्टर में तेजी के बाद Nvidia ने पूरी दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना ली. AI आधारित Data Center और Large Language Model की मांग ने कंपनी की कमाई को नई रफ्तार दी है. इसी वजह से निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है.

तीन साल में शेयर ने दिया तगड़ा रिटर्न

पिछले तीन साल में Nvidia के शेयर में जबरदस्त तेजी आई है. कंपनी का शेयर 50 डॉलर से नीचे के स्तर से बढ़कर 211.50 डॉलर तक पहुंच गया. इस दौरान शेयर में करीब 323 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी की वैल्यूएशन भी लगभग पांच गुना बढ़ गई. AI आधारित कारोबार में तेजी और रिकॉर्ड कमाई ने कंपनी को नई ऊंचाई तक पहुंचा दिया.

GPU बाजार पर Nvidia का कब्जा

जानकारों के मुताबिक AI मॉडल को चलाने के लिए हाई पावर GPU की जरूरत होती है. Nvidia इस बाजार के करीब 80 फीसदी हिस्से पर कंट्रोल रखती है. दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियां AI आधारित Cloud Project और Data Center के लिए Nvidia के GPU इस्तेमाल कर रही हैं. AI Infrastructure की बढ़ती जरूरत कंपनी के कारोबार को लगातार मजबूत बना रही है. यही वजह है कि Nvidia को AI रेस का सबसे बड़ा खिलाड़ी माना जा रहा है.

AI की दौड़ में बड़ी टेक कंपनियां भी आगे

AI आधारित निवेश ने कई बड़ी टेक कंपनियों को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है. Alphabet और Apple जैसी कंपनियां 4 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच चुकी हैं. Microsoft का मार्केट कैप भी 3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है. Amazon, Meta, Tesla, TSMC और Samsung जैसी कंपनियों को भी AI बूम का फायदा मिला है. AI चिप्स और Cloud सेवाओं की बढ़ती मांग ने टेक सेक्टर को मजबूत सपोर्ट दिया है. इसी वजह से अमेरिकी शेयर बाजार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है.

ये भी पढ़ें- Air India कर्मचारियों को झटका, सैलरी बढ़ोतरी टली लेकिन नौकरी पर खतरा नहीं; कर्मचारियों से खर्च कम करने की अपील

भारतीय बाजार क्यों पीछे छूट रहा

एक तरफ AI आधारित कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं, वहीं भारतीय बाजार पर दबाव बना हुआ है. भारत का मार्केट कैप 2024 के 5.7 ट्रिलियन डॉलर के स्तर से घटकर 5 ट्रिलियन डॉलर रह गया है. विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में लगातार बिकवाली की है. जानकारों का कहना है कि भारत में AI आधारित बड़ी Product और Platform कंपनियों की कमी निवेशकों को प्रभावित कर रही है. इसी कारण विदेशी निवेशकों का फोकस अमेरिका, ताइवान और दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों की तरफ बढ़ा है.

भारतीय IT कंपनियों के सामने नई चुनौती

जानकारों के मुताबिक भारतीय IT कंपनियां मुख्य रूप से सर्विस मॉडल पर आधारित हैं. TCS और Infosys जैसी कंपनियां वैश्विक स्तर पर मजबूत हैं, लेकिन उनकी ग्रोथ कर्मचारियों की संख्या पर निर्भर रहती है. दूसरी तरफ Nvidia और Microsoft जैसी कंपनियां टेक्नोलॉजी और Intellectual Property आधारित मॉडल पर काम करती हैं. इसी वजह से उन्हें ज्यादा वैल्यूएशन मिलता है. बाजार जानकारों का कहना है कि भारत को AI आधारित Innovation और Product कंपनियों पर ज्यादा फोकस करना होगा.