Paytm में होंगी 4,000 भर्तियां, AI पर कंपनी का जोर; 3.91 फीसदी चढ़े शेयर

Paytm अपनी मर्चेंट नेटवर्क और AI आधारित सेवाओं के विस्तार के लिए करीब 4,000 नए कर्मचारियों की भर्ती करने की तैयारी कर रही है. Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रक्रिया मार्च 2027 तक चल सकती है. खबर के बाद कंपनी के शेयर 3.91 फीसदी बढ़कर 1,072 रुपये पर बंद हुए.

पेटीएम Image Credit: Getty Images

Paytm Jobs: डिजिटल पेमेंट और फिनटेक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Paytm एक बार फिर विस्तार की राह पर नजर आ रही है. कंपनी ने अपने मर्चेंट नेटवर्क को मजबूत बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रोडक्ट्स को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की योजना बनाई है. Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, Paytm आने वाले समय में करीब 4,000 नए कर्मचारियों को नियुक्त करने की तैयारी कर रही है.

शेयरों में दिखी तेजी

इस खबर के सामने आने के बाद मंगलवार, 9 जून को कंपनी के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली. कारोबार शुरू होने के बाद Paytm की पेरेंट कंपनी One97 Communications Limited का शेयर करीब 2.42 फीसदी तक चढ़कर 1,052 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, कंपनी का शेयर 1,037 रुपये प्रति शेयर पर खुला. कंपनी का शेयर 4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ अपने हाई 1,073 रुपये प्रति शेयर पर रहा, जबकि 3.91 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1,072 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ.

फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 66,112 करोड़ रुपये है. कंपनी का पीई रेशियो 119.77 है, जबकि पीबी रेशियो 4.13 है. कंपनी के शेयर ने 1 साल में 11 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, 3 महीने में कंपनी के शेयर ने 6 फीसदी का रिटर्न दिया है.

मार्च 2027 तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया

रिपोर्ट में बताया गया है कि Paytm अपनी कुल कर्मचारी संख्या में लगभग 10 फीसदी की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है. फिलहाल कंपनी में करीब 40,000 कर्मचारी कार्यरत हैं. कंपनी की यह भर्ती प्रक्रिया मार्च 2027 तक जारी रह सकती है. रिपोर्ट में कंपनी के हवाले से कहा गया है कि पिछले दो महीनों में 800 से अधिक लोगों को नियुक्त किया जा चुका है और 4,000 अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी मौजूदा परफॉर्मेंस अप्रेजल साइकिल के बाद लगभग 1 फीसदी कर्मचारियों, यानी करीब 400 लोगों की छंटनी भी कर सकती है. हालांकि, यह संख्या प्रस्तावित नई भर्तियों की तुलना में काफी कम है.

गौरतलब है कि पिछले वर्ष कंपनी ने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या घटाई थी. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा Paytm Payments Bank पर कार्रवाई के बाद कंपनी ने 4,500 से अधिक पदों में कटौती की थी. अब कंपनी दोबारा विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है.

लगातार चार तिमाहियों से मुनाफे में कंपनी

One97 Communications ने लगातार चार तिमाहियों में लाभ दर्ज किया है. RBI की कार्रवाई के बाद आए कठिन दौर से उबरते हुए कंपनी ने अपने कारोबार को स्थिर किया है. इसी मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बीच कंपनी अब AI आधारित सेवाओं और डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम को और मजबूत करने पर ध्यान दे रही है.

इसे भी पढ़ें- Nifty Outlook June 10: शॉर्ट टर्म में और तेजी की संभावना, कंसोलिडेशन बेस आया नीचे; जानें- सपोर्ट लेवल