10,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर बुक, 5 साल में 580% रिटर्न; क्या Olectra Greentech के लिए FY27 बनेगा गेमचेंजर?

देश में इलेक्ट्रिक बसों की मांग तेजी से बढ़ रही है और Olectra Greentech इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल है. कंपनी के पास करीब 10,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर बुक है, जो आने वाले कई वर्षों की कमाई को मजबूत आधार दे सकता है. FY26 में कंपनी का राजस्व 2,312 करोड़ रुपये और मुनाफा 179.5 करोड़ रुपये रहा.

कंपनी के पास करीब 10,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर बुक है. Image Credit: money9live

Olectra Greentech: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और इलेक्ट्रिक बसें इस बदलाव का सबसे अहम हिस्सा बनकर उभर रही हैं. सरकार भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को इलेक्ट्रिक बनाने पर जोर दे रही है. इसका फायदा Olectra Greentech जैसी कंपनियों को मिल रहा है. कंपनी के पास इस समय करीब 10,000 इलेक्ट्रिक बसों का विशाल ऑर्डर बुक है. यही वजह है कि निवेशकों की नजर अब इस बात पर है कि क्या यह ऑर्डर बुक आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई और मुनाफे में बड़ा उछाल ला सकती है.

FY26 में कंपनी ने बनाया नया रिकॉर्ड

Olectra Greentech के लिए वित्त वर्ष 2025-26 अब तक का सबसे सफल साल रहा. कंपनी का रिवेन्यू पहली बार 2,300 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. पूरे साल में कंपनी ने 2,312 करोड़ रुपये की इनकम दर्ज की. इस दौरान 1,280 इलेक्ट्रिक बसों की डिलीवरी की गई, जो पिछले साल के मुकाबले 32 फीसदी अधिक रही. कंपनी का मुनाफा भी करीब 29 फीसदी बढ़कर 179.5 करोड़ रुपये पहुंच गया.

कैसा है शेयरों का हाल

Olectra Greentech Ltd का शेयर 9 जून को 4.73 फीसदी की तेजी के साथ 1,298 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का मार्केट कैप लगभग 10,659 करोड़ रुपये है. कंपनी का P/E रेशियों 60.1 है, जो निवेशकों की ऊंची ग्रोथ उम्मीदों को दिखाता है. वहीं, इसका बुक वैल्यू 150 रुपये, ROCE 21 फीसदी और ROE 15.6 फीसदी है. कंपनी 0.03 फीसदी का डिविडेंड यील्ड भी प्रदान करती है, जबकि इसका फेस वैल्यू 4 रुपये प्रति शेयर है.इसने अपने निवेशकों को पिछले पांच साल में 580 फीसदी का रिटर्न दिया है.

10,000 बसों का ऑर्डर बुक क्यों है खास

कंपनी की सबसे बड़ी ताकत उसका 10,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर बुक है. इसमें कई बड़े गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के ऑर्डर शामिल हैं. खास बात यह है कि लगातार डिलीवरी के बावजूद नए ऑर्डर मिलने से ऑर्डर बुक मजबूत बना हुआ है. कुछ ऑर्डर की डिलीवरी वर्ष 2027 तक तय है. अब कंपनी की सफलता नए ऑर्डर लाने से ज्यादा मौजूदा ऑर्डर को समय पर पूरा करने पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें- PSU बैंकों में बहार, 2% से ज्यादा उछला Bank Nifty; जानें क्यों आई तेजी

FY27 में डिलीवरी दोगुनी करने की तैयारी

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 2,500 बसों की डिलीवरी का लक्ष्य रखा है. यह पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना है. कंपनी का मानना है कि यदि कच्चे माल और सप्लाई चेन से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं आती है तो यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उत्पादन क्षमता को बढाने के लिए कंपनी पहले ही निवेश कर चुकी है और आने वाले समय में भी विस्तार पर जोर दे रही है. यदि यह लक्ष्य पूरा होता है तो कंपनी के राजस्व में बडा उछाल देखने को मिल सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.