12 करोड़ का ऑर्डर मिलते ही हीरे की तरह चमका ये छुटकू स्‍टॉक, 8% उछला, शेयर का भाव ₹30 से भी कम

Mini Diamonds (India) Ltd को ₹12 करोड़ का नया ऑर्डर मिलते ही शेयर 8% से ज्यादा उछल गया. मुंबई की कंपनी से मिले इस ठेके से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. 30 रुपये से कम कीमत वाला यह स्मॉलकैप शेयर बीते वर्षों में मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है.

Mini Diamonds India Lt Image Credit: money9 live

Penny Stock: लैब ग्रोन डायमंड बनाने वाली कंपनी Mini Diamonds (India) Ltd के शेयरों में सोमवार, 23 फरवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. स्टॉक 8.3% उछलकर 24.40 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव 22.54 रुपये से काफी ऊपर था. शेयरों में आई इस बंपर तेजी की वजह कंपनी को मिला एक बड़ा ऑर्डर है. अभी कंपनी के शेयर की वर्तमान कीमत 23.08 रुपये है. इसका 52 हफ्ते का हाई 43.60 रुपये और लो 19.50 रुपये रहा है. नया ठेका मिलने से कंपनी की ऑर्डर बुक और मजबूत होगी. इसका असर 30 रुपये से सस्‍ते इस छुटकू शेयर में आगे भी देखने को मिल सकता है.

इस दिग्‍गज से मिला ऑर्डर

कंपनी को मुंबई की दिग्‍गज कंपनी AB Diamonds India Private Limited से 12 करोड़ रुपये का घरेलू खरीद ऑर्डर मिला है. इस ऑर्डर के तहत Mini Diamonds को लैब-ग्रोन पॉलिश्ड डायमंड की सप्लाई करनी है. कंपनी को यह ऑर्डर मिलने की तारीख से चार महीने के भीतर पूरा डिलीवर करना होगा. ऑर्डर पूरा होने के 150 दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा.

क्यों अहम है यह डील?

मैनेजमेंट का मानना है कि यह नया क्लाइंट कंपनी के घरेलू पोर्टफोलियो को मजबूत करेगा. समय पर सप्लाई और गुणवत्ता बनाए रखना कंपनी की प्राथमिकता है, जिससे लंबे समय तक कारोबार और दोबारा ऑर्डर मिलने की संभावना बढ़ेगी.

लैब-ग्रोन डायमंड सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा तेज है, ऐसे में यह ऑर्डर कंपनी की विश्वसनीयता और बाजार पकड़ को मजबूत कर सकता है. इससे घरेलू मांग का पाइपलाइन भी ज्यादा स्थिर होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: फाइनेंस कंपनी का निवेशकों को तोहफा, 1 पर 4 बोनस शेयर देगी फ्री, चेक करें रिकॉर्ड डेट

कंपनी का कामकाज

1987 में स्थापित Mini Diamonds इंपोर्ट-एक्सपोर्ट बिजनेस में मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड रखती है. मुंबई में कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है, जहां एडवांस टेक्नोलॉजी से डायमंड कटिंग और पॉलिशिंग की जाती है. कंपनी लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी भी बनाती है और B2B व B2C दोनों चैनलों के जरिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई करती है.

रिटर्न और फाइनेंशियल्‍स

कंपनी का मार्केट कैप 272 करोड़ रुपये है. शेयर का पीई लगभग 50 गुना और ROE करीब 13% है. रिटर्न की बात करें तो स्टॉक ने 3 साल में 482% और 5 साल में करीब 3407% का जबरदस्त रिटर्न दिया है. हालांकि साल भर में इसने 4 फीसदी का नेगेटिव रिटर्न दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.