बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच रिटेल निवेशकों ने लगाया बड़ा दांव, HDFC Bank समेत 10 शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी
भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और FII की बिकवाली के बावजूद रिटेल निवेशकों ने मार्च 2026 तिमाही में HDFC Bank, Infosys, ITC, TCS और Wipro समेत कई बड़े शेयरों में जमकर खरीदारी की है. HDFC Bank में रिटेल निवेशकों ने सबसे बड़ा दांव लगाया. वहीं टेक्नोलॉजी, इंफ्रा और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है.
Retail Investors Buying: भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों से भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की लगातार बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, ईरान युद्ध से बढ़ता जियोपॉलिटिकल टेंशन और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. इसके बावजूद घरेलू रिटेल निवेशकों ने मार्च 2026 तिमाही में चुनिंदा शेयरों में जमकर खरीदारी की है. खास बात यह रही कि जिन शेयरों में रिटेल निवेशकों ने सबसे ज्यादा खरीदारी की, उनमें कई बड़े ब्लू-चिप और टेक्नोलॉजी स्टॉक्स शामिल रहे.
HDFC Bank और ITC में सबसे ज्यादा खरीदारी
ET की रिपोर्ट के मुताबिक, रिटेल निवेशकों ने HDFC Bank में सबसे बड़ा दांव लगाया. मार्च 2026 तिमाही के दौरान रिटेल निवेशकों ने बैंक के 6.17 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे. इसके साथ ही कुल रिटेल होल्डिंग बढ़कर 131.65 करोड़ शेयर हो गई, जो दिसंबर 2025 तिमाही में 125.48 करोड़ शेयर थी. अनुमानित तौर पर रिटेल निवेशकों ने इस स्टॉक में करीब 5,331 करोड़ रुपये का निवेश किया.
वहीं ITC में भी रिटेल निवेशकों की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिली. मार्च तिमाही में निवेशकों ने 11.14 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे, जिससे रिटेल होल्डिंग बढ़कर 149.59 करोड़ शेयर हो गई. इस स्टॉक में अनुमानित 3,634 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई है.
टेक स्टॉक्स में भी बढ़ा भरोसा
आईटी सेक्टर के बड़े शेयरों में भी रिटेल निवेशकों ने मजबूत भरोसा दिखाया. Infosys में निवेशकों ने 0.87 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे. कंपनी में कुल रिटेल होल्डिंग बढ़कर 28.06 करोड़ शेयर हो गई. इसी तरह Tata Consultancy Services यानी TCS में भी रिटेल निवेशकों ने 0.44 करोड़ अतिरिक्त शेयर जोड़े.
कंपनी में रिटेल हिस्सेदारी बढ़कर 15.59 करोड़ शेयर हो गई. इस दौरान TCS का शेयर करीब 26.43 फीसदी गिरा, जबकि अनुमानित खरीदारी 1,213 करोड़ रुपये रही. Wipro में भी रिटेल निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी. मार्च तिमाही में निवेशकों ने 4.72 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे.
| कंपनी | सेक्टर | अतिरिक्त खरीदे गए शेयर |
|---|---|---|
| HDFC Bank | बैंकिंग | 6.17 करोड़ |
| ITC | FMCG | 11.14 करोड़ |
| Infosys | आईटी | 0.87 करोड़ |
| TCS | आईटी | 0.44 करोड़ |
| Wipro | आईटी | 4.72 करोड़ |
| Larsen & Toubro (L&T) | इंफ्रास्ट्रक्चर | 0.62 करोड़ |
| Mahindra & Mahindra | ऑटो | 0.30 करोड़ |
| Hindustan Copper | मेटल्स | 1.64 करोड़ |
| Dixon Technologies | इलेक्ट्रॉनिक्स | 0.08 करोड़ |
इंफ्रा और ऑटो सेक्टर में भी दिखी खरीदारी
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनी Larsen & Toubro यानी L&T में भी रिटेल निवेशकों ने खरीदारी बढ़ाई. मार्च तिमाही में निवेशकों ने 0.62 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे, जबकि अनुमानित निवेश 2,364 करोड़ रुपये रहा. ऑटो सेक्टर में Mahindra & Mahindra में भी रिटेल निवेशकों ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई. निवेशकों ने 0.30 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे और कुल होल्डिंग 8.99 करोड़ शेयर तक पहुंच गई.
छोटे और मिडकैप शेयरों में भी बढ़ी दिलचस्पी
रिटेल निवेशकों ने केवल बड़े शेयरों पर ही दांव नहीं लगाया, बल्कि कुछ मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में भी खरीदारी बढ़ाई. Hindustan Copper में निवेशकों ने 1.64 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे, जबकि Dixon Technologies में भी 0.08 करोड़ शेयर की खरीदारी की गई है.
यह भी पढ़ें: CCTV कैमरे से वैक्सीन तक , 56 नए प्रोडक्ट की IIP में एंट्री; जानें एक जून से क्या बदलेगा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
SpiceJet के स्टॉक में आई तूफानी तेजी, 10% का लगा अपर सर्किट; जानें क्यों शेयर ने भरी उड़ान
Closing Bell: सेंसेक्स-निफ्टी लगातार चौथे दिन टूटे, निवेशकों के ₹3 लाख करोड़ खाक; तेल की कीमतों ने झकझोरा बाजार
4 महीने के निचले स्तर पर क्यों पहुंच गए बंधन बैंक के शेयर, दो दिन में 20 फीसदी की गिरावट; आखिर क्या है वजह?
