दिन के निचले लेवल से 660 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी पर हावी हुए बुल, जानें USA-ईरान तनाव के बीच मार्केट में क्यों लौटी तेजी?

दिन की शुरुआत गिरावट में होने के बाद शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी हुई. सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 660 अंक उछला और निफ्टी 25,600 के करीब पहुंच गया. बैंकिंग, मेटल और पीएसयू शेयरों में खरीदारी रही, जबकि आईटी शेयर दबाव में रहे. आइए जानते हैं कि मार्केट में तेजी क्यों दिख रही है?

शेयर बाजार Image Credit: money9live/OpenAI

पिछले सत्र की तेज गिरावट के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में दमदार वापसी देखने को मिली. लाल निशान में कारोबार की शुरुआत करने के बाद दोपहर 12:04 बजे सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 82,206 से करीब 663 अंक उछलकर 82,908 पर पहुंच गया. वहीं निफ्टी भी 25,379 के इंट्राडे लो से संभलकर 25,584.80 के आसपास कारोबार करता दिखा यानी इसमें भी 200 अंकों से अधिक की तेजी देखने को मिली. बाजार में 1,831 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 1,573 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. आईटी और रियल्टी सेक्टर को छोड़ अधिकांश सेक्टरों में खरीदारी रही. आइये जानते हैं कि इस तेजी के पीछे क्या कारण हैं?

बाजार में तेजी के 3 बड़े कारण

वैल्यू बायिंग (सस्ते भाव पर खरीदारी)

पिछले सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1.5% टूटे थे जिसके बाद निवेशकों ने गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में लिया. मेटल और बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी दिखी. कोल इंडिया, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और ओएनजीसी जैसे सरकारी शेयर करीब 2% तक चढ़े. टाइटन, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, हिंडाल्को और NTPC में भी 1% के आसपास बढ़त रही. हालांकि, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, विप्रो और एचसीएल टेक जैसे आईटी शेयर दबाव में रहे.

ग्लोबल संकेतों से राहत

अमेरिका-ईरान तनाव के बावजूद वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स हरे निशान में रहे जिससे घरेलू बाजार को सहारा मिला. हालांकि ब्रेंट क्रूड 72 डॉलर के पार पहुंचने से चिंता बनी हुई है. विश्लेषकों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ता है और होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावित होता है तो भारत जैसे तेल आयातक देश पर असर पड़ सकता है. फिलहाल निवेशक घटनाक्रम पर नजर रखते हुए चुनिंदा सेक्टरों में खरीदारी कर रहे हैं. रक्षा और कैपिटल गुड्स सेक्टर में भी तेजी देखी गई, जहां डाटा पैटर्न्स और भारत डायनेमिक्स जैसे शेयरों में उछाल आया.

टेक्निकल स्तरों से सपोर्ट

तकनीकी नजरिए से निफ्टी को 25,350 के आसपास मजबूत सपोर्ट मिला जबकि 200-डे EMA यानी करीब 25,200 का स्तर भी अहम रहा. इन स्तरों के पास खरीदारी बढ़ने से बाजार ने निचले स्तर से तेजी से रिकवरी की. ब्रोकरेज के मुताबिक ऊपर की ओर 25,650-25,720 का स्तर फिलहाल रेजिस्टेंस है. अगर निफ्टी इन स्तरों को पार करता है तो और तेजी देखने को मिल सकती है जबकि नीचे की ओर 25,350 और 25,000 अहम सपोर्ट बने रहेंगे. हाल की तेज गिरावट के बाद टेक्निकल रूप से एक रिकवरी स्वाभाविक थी लेकिन आगे की दिशा ग्लोबल संकेत और तेल कीमतों पर निर्भर करेगी.

इसे भी पढ़ें: IT सेक्टर से भारी निकासी, इंफ्रा-फाइनेंशियल शेयरों में बढ़ा निवेश; 15 दिन में FIIs ने कहां बढ़ाया और घटाया पैसा

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.