ये हैं 3 अंडरवैल्यूड PSU शेयर, 20 से अधिक का ROE, फोकस में रख सकते हैं स्टॉक

हाई ROE और कम वैल्यूएशन का कॉम्बिनेशन निवेशकों के लिए खासा आकर्षक माना जाता है. Coal India, NMDC और Bank of Maharashtra ऐसे शेयर हैं जिनका ROE करीब 19% से 35% के बीच है और P/E 8–10 के दायरे में है. मजबूत फंडामेंटल और ग्रोथ प्लान इन्हें दिलचस्प बनाते हैं.

PSU शेयर Image Credit: Photo: Xavier Lorenzo/Moment/Getty Images

शेयर बाजार में निवेशक हमेशा ऐसे स्टॉक्स की तलाश में रहते हैं जो कम कीमत पर मिलें लेकिन कमाई और ग्रोथ के मामले में मजबूत हों. रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) एक अहम इंडिकेटर है, जो बताता है कि कंपनी शेयरधारकों के निवेश पर कितना मुनाफा कमा रही है. वहीं कम P/E रेशियो यह संकेत देता है कि शेयर अभी ज्यादा महंगा नहीं है. 2026 के बाजार माहौल में कई सेक्टर ऊंचे वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहे हैं ऐसे में हाई ROE और कम वैल्यूएशन वाले शेयर निवेशकों को संतुलित ग्रोथ और सुरक्षा का मौका दे सकते हैं. इस आधार पर कुछ ऐसे स्टॉक्स सामने आए हैं जिनका ROE करीब 20% या उससे ज्यादा है और वैल्यूएशन भी अपेक्षाकृत कम है. हम आपको ऐसे ही तीन PSU शेयरों के बारे में बता रहे हैं जिनका ROE शानदार है और निवेशक इन शेयरों पर नजर रख सकते हैं.

Coal India

कोल इंडिया देश की सबसे बड़ी सरकारी कोयला उत्पादक कंपनी है और करीब 80% घरेलू उत्पादन पर इसका दबदबा है. कंपनी का ROE 35.6% है, जो काफी मजबूत माना जाता है. शेयर का P/E रेशियो 9.1 और प्राइस-टू-बुक 2.3 गुना है. कंपनी 2035 तक 1.23 अरब टन उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रही है और हर साल करीब 8% ग्रोथ का अनुमान है. कोल गैसीफिकेशन, कोल बेड मीथेन और रिन्यूएबल एनर्जी में विस्तार से नए रेवेन्यू स्रोत बनने की उम्मीद है. डिविडेंड यील्ड करीब 5.2% है.

NMDC

सरकारी कंपनी NMDC देश की सबसे बड़ी आयरन ओर उत्पादक है और स्टील इंडस्ट्री के लिए अहम सप्लायर है। कंपनी का ROE 22% है, जबकि P/E रेशियो 10.2 और प्राइस-टू-बुक 2 गुना है। डिविडेंड यील्ड 4.2% है. NMDC 2030 तक उत्पादन को 100 मिलियन टन सालाना तक बढ़ाने की योजना बना रही है. कंपनी स्लरी पाइपलाइन, बेनिफिशिएशन प्लांट और नगरनार स्टील प्लांट जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, जिससे ग्रोथ की संभावनाएं बढ़ सकती हैं.

Bank of Maharashtra

बैंक ऑफ महाराष्ट्र का ROE 19.3% है और शेयर का P/E 8.5 व प्राइस-टू-बुक 1.7 गुना है. बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 20.5% है और नेट NPA सिर्फ 0.15% है जो मजबूत बैलेंस शीट दिखाता है. Q3 FY26 में इस PSU बैंक का कुल बिजनेस 17.24% बढ़ा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बैंक अगले पांच साल में 1,000 नई शाखाएं खोलने की योजना पर काम कर रहा है और रिटेल, एग्रीकल्चर व MSME लोन पर फोकस बढ़ा रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.